CM भूपेश स्वतंत्रता दिवस पर करेंगे बड़ी घोषणा: रायपुर में करेंगे ध्वजारोहण, जानें कौन-कहां फहराएगा तिरंगा
छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त को आजादी का जश्न धूमधाम से मनाया जाएगा। सीएम भूपेश रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य गरिमामय कार्यक्रम में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। ध्वजारोहण के बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
छत्तीसगढ़ में 15 अगस्त को आजादी का जश्न धूमधाम से मनाया जाएगा। सीएम भूपेश रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में भव्य गरिमामय कार्यक्रम में सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे। इसके बाद प्रदेशवासियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान बड़ी घोषणा भी कर सकते हैं। कयास लगाया जा रहा है कि वो हड़ताल/आंदोलन कर रहे संविदा कर्मचारियों के नियमित करने को लेकर बड़ा ऐलान कर सकते हैं। क्योंकि प्रदेश के कर्मचारी काफी उम्मीद लगाए बैठे हैं। इसके अलावा सीएम नए जिलों का ऐलान भी कर सकते हैं। क्योंकि कांग्रेस ने राज्य में 36 जिले बनाने की बात कही थी। फिलहाल 33 जिले हैं, ऐसे में कयास लगाया जा रहा है कि नए जिलों की घोषणा भी कर सकते हैं। चुनावी साल है, नवंबर में चुनाव होने हैं, ऐसे में प्रदेश को बड़ी सौगात भी दे सकते हैं।
ये है सीएम का शेड्यूल
सीएम सुबह 09.02 बजे से 9.25 तक परेड का निरीक्षण करेंगे। मार्चपास्ट के बाद 9.25 बजे से राज्य की जनता के नाम संदेश का वाचन किया करेंगे। 9.50 बजे से 10.15 बजे तक पदक अलंकरण और पुरस्कार वितरण करेंगे। 10.15 बजे से 10.25 बजे तक परेड का प्रस्थान और परेड कमांडरों से परिचय लेंगे। 10.29 बजे से 10.39 बजे तक पुलिस महिला बैण्ड की प्रस्तुति होगी, 10.39 बजे से 10.49 बजे तक पीटीआई ड्रिल शो और 10.49 बजे से 11.09 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां भी होगी।
जानें कौन-कहां फहराएगा तिरंगा
बाकि जिलों में ध्वजारोहण की बात करें, तो मंत्री और संसदीय सचिव तिरंगा फहराएंगे। उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव सरगुजा और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य समारोह में ध्वजारोहण करेंगे। अन्य जिला मुख्यालयों में मंत्रीगण और संसदीय सचिव राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मुख्यमंत्री का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन करेंगे।
पंचायत, ग्रामीण विकास एवं स्कूल शिक्षा मंत्री रविन्द्र चौबे बेमेतरा, गृह एवं लोक निर्माण मंत्री ताम्रध्वज साहू दुर्ग, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री मोहम्मद अकबर कबीरधाम, खाद्य एवं संस्कृति मंत्री अमरजीत भगत राजनांदगांव, राजस्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, महिला एवं बाल विकास मंत्री अनिला भेंड़िया बालोद, उच्च शिक्षा मंत्री उमेश पटेल रायगढ़, आदिम जाति एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री मोहन मरकाम कोण्डागांव, उद्योग मंत्री कवासी लखमा सुकमा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी एवं ग्रामोद्योग मंत्री गुरू रूद्रकुमार मुंगेली, नगरीय प्रशासन मंत्री डॉ. शिवकुमार डहरिया जांजगीर-चांपा और सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत द्वारा कोरबा में ध्वजारोहण किया जाएगा।
इसी तरह संसदीय सचिव रेखचंद जैन दंतेवाड़ा, संसदीय सचिव विनोद सेवनलाल चन्द्राकर महासमुंद, संसदीय सचिव डॉ. रश्मि आशीष सिंह बिलासपुर, संसदीय सचिव शिशुपाल सोरी कांकेर, संसदीय सचिव यू.डी.मिंज जशपुर, संसदीय सचिव चन्द्रदेव प्रसाद राय बलौदाबाजार-भाटापारा, संसदीय सचिव विकास उपाध्याय गरियाबंद, संसदीय सचिव पारसनाथ राजवाड़े कोरिया, संसदीय सचिव इन्द्रशाह मण्डावी मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, संसदीय सचिव द्वारिकाधीश यादव बस्तर, राज्य योजना आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रेमसाय सिंह टेकाम सूरजपुर, विधायक बृहस्पत सिंह बलरामपुर, विधायक डॉ. लक्ष्मी ध्रुव धमतरी, विधायक चंदन कश्यप नारायणपुर, विधायक संगीता सिन्हा खैरागढ़-छुईखदान-गण्डई, विधायक रामकुमार यादव सक्ती, विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े सारंगढ़-बिलाईगढ़ और विधायक विक्रम मंडावी बीजापुर में ध्वजारोहण करेंगे।
आकर्षण का केन्द्र रहेगा महिला पुलिस बल का बैगपाइपर बैंड
इस साल के समारोह में छत्तीसगढ़ महिला पुलिस बल का बैगपाइपर बैण्ड दस्ता आकर्षण का मुख्य केन्द्र होगा। महिला दल की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी जाएगी। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए पुलिस परेड ग्राउण्ड पर फुल ड्रेस रिहर्सल की गई।
16 प्लाटून करेंगी आकर्षक मार्च पास्ट
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस परेड ग्राउंड पर उदित पुस्कर के नेतृत्व में 16 प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट करेंगी। परेड के टू आई सी गौरव सिंह होंगे। सीमा सुरक्षा बल, केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल, केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, भारत तिब्बत सीमा पुलिस बल, सशस्त्र सीमा बल, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल की पुरूष एवं महिला प्लाटून, छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना की पुरुष एवं महिला प्लाटून और एन.सी.सी. की बालक एवं बालिका प्लाटून के साथ अस्वरोही दल और पुलिस बैंड प्लाटून भी मार्च पास्ट में शामिल होंगी। इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह में ओडिशा पुलिस की प्लाटून भी आमंत्रित मेहमान प्लाटून के रूप में मार्च पास्ट में शामिल रहेगी।
27 पुलिस अधिकारियों को दिए जाएंगे पदक अलंकरण
सीएम भूपेश बघेल स्वतंत्रता दिवस समारोह में 27 पुलिस अधिकारियों को पदक-अलंकरणों से भी सम्मानित करेंगे। समारोह में भारतीय पुलिस पदक, पुलिस वीरता पदक, राष्ट्रपति का पुलिस पदक, गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक और राज्य स्तरीय एवं पुलिस महानिदेशक पुरूस्कार दिए जाएंगे।
स्कूली छात्र देंगे आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति
स्वतंत्रता दिवस समारोह में इस बार स्कूली छात्र-छात्राओं की ओर से आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। लक्ष्मीनारायण कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रायपुर के लगभग साढ़े तीन सौ विद्यार्थी आजादी के वीर सपूतों को यादकर उनके बलिदान पर आधारित नृत्य नाटिका प्रस्तुत करेंगे। सालेम इंग्लिश मीडियम स्कूल के विद्यार्थी देश की एकता अखण्डता पर आधारित नृत्य की प्रस्तुती देंगे। रायपुरा के पं. गिरजा शंकर मिश्रा उच्चतर मा. विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा गढबो नवा छत्तीसगढ़ की थीम पर छत्तीसगढ़ की संस्कृती को प्रोत्साहित करने वाला सुवा नृत्य गीत प्रस्तुत करेंगे।
ट्रैफिक पुलिस ने वाहनों की पॉर्किंग व्यवस्था और रूट मैप जारी किए
रायपुर ट्रैफिक पुलिस ने 15 स्वतंत्रता दिवस समारोह में भीड़ को लेकर वाहनों के लिए मार्ग एवं पार्किंग व्यवस्था की है। इसके लिए रूट मैप जारी किए हैं। ताकि नगारिकों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न हो।
लाल कार पासधारी वाहन
लाल कार पास धारी वाहन पीडब्ल्यूडी चौक -छत्तीसगढ़ कॉलेज -कुंदन पैलेस- पीडब्ल्यूडी कॉलोनी होकर एमटी वर्कशॉप गेट से वायरलेस ऑफिस के सामने हैंडबॉल ग्राउंड या स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास वाहन पार्क कर सकेंगे।
हरा कार पासधारी वाहन
हरा कार पास धारी वाहनों के लिए पार्किंग सेंट पॉल स्कूल ग्राउंड में निर्धारित की गई है
पीडब्ल्यूडी चौक की ओर से आने वाले
छत्तीसगढ़ कॉलेज चौक- कुंदन पैलेस - आर आई ऑफिस गेट से दाहिने टर्न कर सेंट पॉल स्कूल गेट से अंदर प्रवेश कर सेंट पॉल स्कूल मैदान में पार्किंग कर सकेंगे। 02. महिला थाना की ओर से आने वाले वाहन चालक अपना वाहन सेंट पॉल स्कूल मैदान में पार्क कर आर आई ऑफिस गेट से प्रवेश कर पैदल कार्यक्रम स्थल प्रवेश करेंगे।
परेड में शामिल होने वालों पुलिस जवानों के वाहन एवं स्कूल बसों का मार्ग एवं पार्किंग
परेड में शामिल होने वाले पुलिस जवानों एवं छात्र-छात्राओं का परिवहन करने वाले बस पुलिस लाइन पिछला गेट से प्रवेश कर स्केटिंग ग्राउंड के बगल मैदान में किनारे पार्क करेंगे, रोड पर बसों की पार्किंग नहीं होगी।
मीडिया-ओबी वैन मार्ग एवं पार्किंग: मीडिया एवं ओबी वैन पुलिस लाइन पिछला गेट होकर प्रवेश करेगा एवं हेलीपैड के बगल मैदान में पार्किंग होगी।
यातायात डायवर्सन: 01. पेंशन बाड़ा चौक से पुलिस लाइन की ओर सभी प्रकार के वाहन, 02. पीडब्ल्यूडी चौक एवं महिला थाना चौक से पुलिस लाइन की ओर बिना पास धारी वाहन एवं स्कूल बस, उपरोक्त मार्गों से पुलिस लाइन की ओर जाने वाले अन्य वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर सकेंगे।
ये सामान ले जाना है मना
माचिस, लाइटर, ज्वलनशील पदार्थ, छाता, बोर्ड, वाद्य यंत्र, आग्नेय अस्त्र, फटाका, चाकू, कटार, तलवार, कैंची, ब्लैड्स, काटने वाले तेज धारदार वस्तु, खतरनाक वस्तु, भड़काऊ एवं संकट पैदा करने वाले संकेत, गेंद, लकड़ी की लाठी, हॉकी स्टिक, प्रचार उत्पाद सामग्री, लाउड हेलर, रेडियो, पालतू जानवर, गुटका, तंबाकू, बीड़ी,सिगरेट शराब इत्यादि।