छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी, तीन खुंखार नक्सली ढेर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ सघन अभियान चला रहे सुरक्षाबलों को सोमवार को उस समय बड़ी कामयाबी हाथ लगी जब मुठभेड़ में तीन नक्सली मारे गए। सीपीआई (एम) से जुड़े नक्सलियों को सुरक्षाबलों ने बस्तर क्षेत्र में अलग अलग एनकाउंटर में मारा।
द हिंदू की खबर के अनुसार पहला एनकाउंटर सोमवार सुबह नारायणपुर जिले के नक्सल प्रभावित इलाके के जंगलों में हुआ, जहां पुलिस और सीआरपीएफ के साथ आमने सामने की मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए।
बस्तर रेंज के आईजी एसआरपी कल्लू की ओर से मीडिया में जारी बयान में नारायणपुर के एसपी अभिषेक मीणा ने बताया कि एक अत्प्रत्याशित मुठभेड़ में सीपीआई की पीपुल लिब्रेशन गुरिल्ला आर्मी के छठी कंपनी के कमांडर तिरुपति और लोकेश को जिले की डीआरजी टीम ने बंसपाल के जंगलों में मार गिराया। डीआरजी टीम लंबे समय से इनकी तलाश कर रही थी।
एसपी ने बताया कि हमें सूचना मिली थी कि छठी बटालियन के नक्सली सीएएफ छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवानों पर हमला करने वाले हैं। सूचना मिलते ही नारायणपुर पुलिस ने नक्सलियों के खिलाफ सर्जिकल अभियान शुरू कर दिया।
अलग अलग दो एनकाउंटर में मारे गए तीन नक्सली
इस बीच बंसपाल और तोइनार के जंगलों में टीम की सुबह पांच बजे नक्सलियों से मुठभेड़ हो गई। 20 से ज्यादा नक्सलियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू की तो, पुलिस की ओर से भी इसका करारा जवाब दिया गया।
घंटे भर चली फायरिंग के बाद नक्सलियों के पैर उखड़ गए और वो भाग निकले। इसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो देखा दो नक्सली मरे पड़े थे। पुलिस का मानना है कि कई नक्सली गंभीर रूप से घायल भी हुए हैं, जिन्हें उनके साथी ले जाने में सफल रहे।
एसपी ने बताया कि घटनास्थल को देखकर लग रहा है कि कम से कम छह नक्सली मारे गए हैं, लेकिन उनके साथी उन्हें साथ ले जाने में सफल रहे। मौके से काफी संख्या में हथियार बरामद हुए हैं। नक्सलियों की खोज में अतिरिक्त सुरक्षाबलों को जंगल की ओर रवाना किया गया है।
दूसरी ओर कोडागांव जिले में हुई एक अन्य मुठभेड़ में एक और नक्सली की मौत हो गई। जिले के एसपी संतोष सिंह ने बताया कि खोडेसानार और अखाली के जंगलों में पुलिस की नक्सलियों से मुठभेड़ हुई। पुलिस टीम पर फायरिंग के बाद बदले में की गई फायरिंग में एक नक्सली की मौत हो गई, जो काले रंग की ड्रेस पहने हुए था। उसके पास से दो रायफल और काफी मात्रा में विस्फोटक बरामद हुआ है।