छत्तीसगढ़: 18 से 44 साल तक की उम्र के लोगों का टीकाकरण टला, ये है वजह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य में 18 से 44 वर्ष तक की उम्र के लोगों का टीकाकरण टाल दिया है। तीसरे चरण के टीकाकरण को लेकर हाईकोर्ट के निर्देशों के मद्देनजर ये फैसला लिया गया है। संशोधन लागू किए जाने तक ये फैसला लागू रहेगा।
हाईकोर्ट का फैसला
छत्तीसगढ़ हाइकोर्ट ने राज्य सरकार को संबंधित विभागों के सचिवों के साथ चर्चा करने और टीकों के आवंटन के अनुपात को ठीक करने और टीकाकरण के तीसरे चरण में टीकों को वितरित करने (18-44 आयु वर्ग के लिए) को एक समान तरीके से वितरित करने का निर्देश दिया। छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट ने राज्य सरकार से कहा कि गरीबी रेखा से नीचे अंत्योदय समूह और गरीबी रेखा से ऊपर से संबंधित व्यक्तियों को सभी प्रासंगिक पहलुओं के संदर्भ में टीके आवंटन का एक उचित अनुपात तय करें।
छत्तीसगढ़ में कोरोना के टीकाकरण में आरक्षण को लेकर दायर याचिकाओं पर मंगलवार और बुधवार को हाई कोर्ट की युगलपीठ में सुनवाई हुई। इस दौरान हाईकोर्ट ने टीकाकरण में आरक्षण लागू करने पर सख्त एतराज जताया। कोर्ट ने शासन को स्पष्ट किया है कि टीकाकरण में इस तरह का भेदभाव जायज नहीं है। हाई कोर्ट ने टीकाकरण को लेकर शासन को दो दिन में नई नीति बनाने के निर्देश दिए हैं। सरकार ने राज्य में पहले अंत्योदय कार्डधारी परिवारों के पात्र लोगों का टीकाकरण करने का फैसला किया है। इसके बाद बीपीएल और फिर एपीएल का नंबर आएगा।
छत्तीसगढ़ में पिछले 24 घंटों के दौरान 15,157 नए लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि हुई है। राज्य में वायरस से संक्रमित हुए लोगों की संख्या 8,02,643 हो गई है। राज्य में बुधवार को 315 लोगों को संक्रमण मुक्त होने के बाद अस्पतालों से छुट्टी दी गई है, वहीं 9,359 लोगों ने गृह-पृथकवास पूरा किया। राज्य में कोरोना वायरस संक्रमित 253 मरीजों की मौत हुई है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि आज संक्रमण के 15,157 मामले आए हैं। इनमें रायपुर जिले से 916, दुर्ग से 604, राजनांदगांव से 577, बालोद से 409, बेमेतरा से 338, कबीरधाम से 327, धमतरी से 471, बलौदाबाजार से 661, महासमुंद से 517, गरियाबंद से 298, बिलासपुर से 1193, रायगढ़ से 1142, कोरबा से 1279, जांजगीर चांपा से 1006, मुंगेली से 635, गौरेला पेंड्रा मरवाही से 386, सरगुजा से 720, कोरिया से 683, सूरजपुर से 701, बलरामपुर से 383, जशपुर से 605, बस्तर से 189, कोंडागांव से 262, दंतेवाड़ा से 138, सुकमा से 43, कांकेर से 593, नारायणपुर से 41, बीजापुर से 36 और अन्य राज्य से चार मामले हैं।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में अब तक 8,02,643 लोगों के संक्रमित होने की पुष्टि हुई है। 6,63,694 मरीज इलाज के बाद संक्रमण मुक्त हुए हैं, राज्य में 1,29,211 मरीज उपचाराधीन हैं। राज्य में वायरस से संक्रमित 9738 लोगों की मौत हुई है।
राज्य के रायपुर जिले में सबसे अधिक 1,46,311 लोगों में कोरोना वायरस संक्रमण की पुष्टि की गई है। जिले में कोरोना वायरस संक्रमित 2647 लोगों की मौत हुई है।