छत्तीसगढ़ : बीजापुर में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 10 नक्सली ढेर
बीजापुर जिले में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में लगभग 10 नक्सली मारे गए हैं। इनमें से सात नक्सलियों के शव बरामद कर लिए गए हैं। एक अधिकारी ने इस बात की जानकारी दी।
Chhattisgarh #UPDATE: Body of another naxal recovered after encounter with security forces in Bijapur district. Eight naxals killed so far
— ANI (@ANI) April 27, 2018
बीजापुर के पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने बताया कि यह मुठभेड़ शुक्रवार की सुबह आईपेंटा गांव के समीप जंगल में हुई। दरअसल, संयुक्त बल को एक खुफिया सूचना मिली थी कि जंगल में नक्सलियों ने ठिकाना बना रखा है। इसके बाद तेलंगाना पुलिस की एक एंटी नक्सल यूनिट और छत्तीसगढ़ पुलिस के जवानों ने जंगल में तलाशी अभियान चलाया।
आईपेंटा में पेट्रोलिंग करते वक्त नक्सलियों ने संयुक्त बल पर फायरिंग शुरू कर दी जिसकी जवाबी कार्रवाई में ये नक्सली मारे गए। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, लगभग एक-डेढ घंटे चली मुठभेड़ के बाद आखिरकार नक्सलियों के हौसले पस्त हो गए और वे घने जंगल की आड़ लेकर भाग गए। बस्तर पुलिस महानिरीक्षक विवेकानंद सिन्हा ने बताया कि घटनास्थल की तलाशी के दौरान पांच महिला और दो पुरुष वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं। शवों की शिनाख्त की जा रही है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों से अंदाजा लगाया गया है कि मुठभेड़ में और तीन नक्सली मारे गए हैं। तलाशी अभियान भी जारी है।
ये सब हुआ बरामद
हथियारों का जखीरा बरामद
घटनास्थल से हथियार एवं गोलाबारूद बरामद किए गए हैं। एक एसएलआर, चार एसबीबीएल, छह रॉकेट लॉन्चर, तीन हैंडग्रेनेड, एक रिवाल्वर, गोला-बारूद, डेटोनेटर और नक्सली साहित्य समेत दैनिक उपयोग की अन्य वस्तुएं बरामद हुई हैं।
नक्सलियों पर कस रहा शिकंजा
अभी बीते रविवार को ही गढ़चिरोली जिले के कासानसुर के जंगलों में सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ हुई थी जिसमें दो दिनों के दौरान 37 नक्सलियों के मारे जाने की खबरें आई थीं। इससे पहले मार्च की शुरुआत में बीजापुर जिले में ही संयुक्त बल ने नक्सलियों के एक कैंप पर धावा बोला था जिसके दौरान मुठभेड़ में सात महिलाओं सहित 10 नक्सली मारे गए थे।