{"_id":"66d15745bfc53635e100266a","slug":"cg-students-from-naxal-areas-will-get-loan-at-0-interest-students-from-these-districts-pay-1-interest-2024-08-30","type":"story","status":"publish","title_hn":"CG: नक्सल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा 0% ब्याज पर लोन, इन जिलों के छात्रों को देना होगा 1% इंटरेस्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CG: नक्सल क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा 0% ब्याज पर लोन, इन जिलों के छात्रों को देना होगा 1% इंटरेस्ट
Fri, 30 Aug 2024 11:34 AM IST
अमन कोशले
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
Published by: अमन कोशले
Updated Fri, 30 Aug 2024 11:34 AM IST
सार
छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए बिना ब्याज का लोन मिलेगा। दो लाख से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के विद्यार्थी इस योजना का लाभ ले सकेंगे।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छत्तीसगढ़ के विद्यार्थियों के लिए खुशखबरी है। विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए बिना ब्याज का लोन मिलेगा। दो लाख से कम वार्षिक आय वाले परिवारों के विद्यार्थी इस योजना का लाभ ले सकेंगे। बिना ब्याज के चार लाख तक का लोन ले सकते हैं। मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के तहत विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए बिना ब्याज का लोन मिलेगा।
विज्ञापन
राज्य के माओवादी आतंक प्रभावित जिलों के विद्यार्थियों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा के लिए ब्याज रहित लोन मिलेगा। वहीं शेष जिलों के विद्यार्थियों को एक प्रतिशत ब्याज दर पर लोन मिलेगा। इसमें डिप्लोमा, स्नातक और स्नातकोत्तर स्तर के 35 तकनीकी एवं अन्य व्यावसायिक पाठ्यक्रम शामिल हैं। इसे लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कलेक्टरों को अभियान चलाकर अधिक से अधिक छात्रों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के तहत तकनीकी शिक्षा एवं अन्य व्यावसायिक शिक्षा पाठ्यक्रमों में प्रवेशित ऐसे छात्रों को, जिनके परिवारों की वार्षिक आय दो लाख से कम है, उनको मोेरेटोरियम अवधि के बाद ऋण किश्तों के नियमित भुगतान की स्थिति में केवल एक प्रतिशत की दर से ब्याज देय होगा। शेष ब्याज की राशि का भुगतान राज्य शासन की ओर से सीधे संबंधित बैंक को किया जायेगा।
विज्ञापन
इन्हें बिना ब्याज का लोन
राज्य के माओवादी आतंक प्रभावित जिले बस्तर, बीजापुर, दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, जशपुर, उत्तर बस्तर कांकेर, कोरिया, नारायणपुर, राजनांदगांव, सरगुजा, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बालोद, सुकमा, कोण्डागांव एवं बलरामपुर जिले के छात्रों को ब्याज मुक्त ऋण मिलेगा।
नियम और शर्तें
इस योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए निर्धारित शर्ताें में छात्र को छत्तीसगढ़ का मूल निवासी होना चाहिए। छत्तीसगढ़ राज्य में स्थापित और सक्षम प्राधिकारी (यथा एआईसीटीई, यूजीसी) मान्यता प्राप्त पाठ्यक्रम प्रवेशित हो। अधिकतम पारिवारिक आय रूपये दो लाख होनी चाहिए, जो कि सक्षम अधिकारी द्वारा जारी आय प्रमाण-पत्र द्वारा प्रमाणित होनी चाहिए।
चार लाख तक मिलेगा लोन
योजना के अंतर्गत ब्याज अनुदान के लिए शिक्षा ऋण की अधिकतम सीमा रूपये चार लाख है। ब्याज अनुदान का लाभ लेने के लिए नियमित रूप से ऋण किश्तों का भुगतान अनिवार्य है। ड्राप ऑउट एवं निष्कासित छात्र इस योजना के लाभार्थी नहीं बने रहेंगे किन्तु चिकित्सीय कारणों से एक वर्ष की अधिकतम सीमा तक अध्ययन में रूकावट होने की दशा में पात्रता बनी रहेगी।
इन पाठ्यक्रमों में मिलेगा लाभ
योजना के अंतर्गत बीई/बीटेक, एमई, एम टेक, डी आर्क, एग्रीकल्चर इंजीनियरिंग, एमसीए, एम.बी.ए, डीई, बी.पी.एड, एमपीएड, पी.जी.डी.सी.ए., बी.एच.एम.एस., बी.ए.एम.एस, बी.एन.वाई.एस, बी.एन.एस., बी.यू.एम.एस, वी.एफ.एस.सी., बी.टेक डेयरी, बी.एग्री, बी.डी.एस, एमडीएस, एमबीबीएस, बीव्हीएससी, बीएससी नर्सिंग बेसिक तथा पोस्ट बेसिक, बी. फार्मा, एम फार्मा, डी फार्मा, डिप्लोमा इन मॉर्डन आफिस मेनेजमेंट, डिप्लोमा इन इंटीरियर डेकोरेशन एण्ड डिजाइन, डिप्लोमा इस कास्टयूम डिजाईन एण्ड ड्रेस मेकिंग, बीएड, डीएड, एमएड, के पाठ्यक्रमों में अध्ययन के लिए योजना का लाभ लिया जा सकता है। अधिक जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 0771-2331231 पर संपर्क कर सकते हैं। साथ ही वेबसाइट https://cgdteraipur.cgstate.gov.in/en/directorate पर अधिक जानकारी ले सकते हैं।