{"_id":"6ab13b115473d852f806f40d","slug":"cg-collector-gaurav-kumar-singh-took-a-meeting-with-vice-chancellors-for-foreign-students-2026-09-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"CG: कलेक्टर गौरव बोले- विदेशी छात्रों की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं;कुलपतियों की बैठक में दिए ये निर्देश","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
CG: कलेक्टर गौरव बोले- विदेशी छात्रों की सुरक्षा में कोताही बर्दाश्त नहीं;कुलपतियों की बैठक में दिए ये निर्देश
Mon, 21 Sep 2026 07:42 PM IST
Lalit Kumar Singh
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
अमर उजाला नेटवर्क, रायपुर
Published by: Lalit Kumar Singh
Updated Mon, 21 Sep 2026 07:42 PM IST
सार
रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आज सोमवार को रायपुर में चल रहे विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों और प्रतिनिधियों की बैठक ली।
विज्ञापन
रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा
- फोटो : Amar Ujala Digital
विस्तार
रायपुर कलेक्टर गौरव कुमार सिंह और रायपुर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने आज सोमवार को रायपुर में चल रहे विश्वविद्यालयों और शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों और प्रतिनिधियों की बैठक ली। इसमें विदेशी छात्रों की सुरक्षा, आवास, संस्थानों की जिम्मेदारी और स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय को लेकर गहन चर्चा की गई।
विज्ञापन
बैठक में कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा एवं क्षेत्र में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विदेशी विद्यार्थी भारत में अध्ययन के लिए आते हैं, इसलिए उनके लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना विश्वविद्यालयों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।
विज्ञापन
बैठक में विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित किया गया कि विदेशी विद्यार्थियों के आवास एवं आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। वर्तमान में जो विदेशी विद्यार्थी विश्वविद्यालय/कॉलेज के छात्रावास से बाहर निजी मकानों, पीजी अथवा अन्य स्थानों पर रह रहे हैं। उन्हें अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान की ओर उपलब्ध कराए गए। संस्थान से संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
विज्ञापन
इस संबंध में संस्थानों को विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा, स्थानीय परिस्थितियों एवं उपलब्ध आवासीय व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। बैठक में कहा गया कि किसी भी अप्रिय घटना, दुर्घटना अथवा कानून-विरोधी गतिविधि की स्थिति उत्पन्न होने से पहले ही उसके संभावित कारणों की पहचान कर आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाए जाएं।
...तो होगी कार्रवाई
प्रशासन एवं पुलिस को स्थानीय नागरिकों से समय-समय पर विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित शिकायतें एवं सूचनाएं मिल रही हैं। कुछ मामलों में विद्यार्थियों ने अनुशासनहीनता अथवा कानून-विरोधी गतिविधियों में संलिप्त होने की आशंका से संबंधित शिकायतें भी सामने आई हैं। इन शिकायतों को ध्यान में रखते हुए संस्थानों को अपने स्तर पर प्रभावी निगरानी, काउंसलिंग एवं अनुशासन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। यह स्पष्ट किया गया कि किसी भी विद्यार्थी के विरुद्ध केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी। कानून का उल्लंघन करने की स्थिति में संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
भारतीय कानून, रीति-रिवाज की दें जानकारी
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि विभिन्न देशों से आने वाले विद्यार्थियों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि भारत की स्थानीय सामाजिक एवं सांस्कृतिक परिस्थितियों से अलग हो सकती है। ऐसे में विश्वविद्यालयों को चाहिए कि विदेशी विद्यार्थियों को भारतीय कानून, स्थानीय सामाजिक व्यवहार, रीति-रिवाज, सार्वजनिक आचरण एवं स्थानीय संवेदनशीलताओं के संबंध में आवश्यक जानकारी दें।
नागरिकों से भी अपील
स्थानीय नागरिकों से भी अपील की गई कि विदेशी विद्यार्थियों के प्रति सहयोगात्मक एवं संवेदनशील व्यवहार रखें। किसी भी वास्तविक समस्या या कानून-विरोधी गतिविधि की सूचना तत्काल संबंधित विश्वविद्यालय प्रशासन, पुलिस या जिला प्रशासन को दें। सभी विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को निर्देशित किया गया कि उनके संस्थान में अध्ययनरत विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित अद्यतन एवं सत्यापित जानकारी संस्थान स्तर पर व्यवस्थित रूप से संधारित करें। आवश्यकतानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ साझा करें। इसमें विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, संस्थान में प्रवेश की स्थिति, छात्रावास/आवास का विवरण और आवश्यक संपर्क जानकारी सहित प्रासंगिक अभिलेखों को अद्यतन रखने पर जोर दिया गया।