{"_id":"6ac274b6652128814c0777d1","slug":"speeding-bike-rams-into-stationary-truck-in-balod-father-and-young-son-killed-second-child-critically-injured-balod-news-c-1-1-noi1492-4798669-2026-10-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"छत्तीसगढ़: बालोद में खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, पिता और मासूम बेटे की मौत; दूसरा बच्चा गंभीर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
छत्तीसगढ़: बालोद में खड़े ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार बाइक, पिता और मासूम बेटे की मौत; दूसरा बच्चा गंभीर
Sun, 04 Oct 2026 09:32 PM IST
बालोद ब्यूरो
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोद
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, बालोद
Published by: बालोद ब्यूरो
Updated Sun, 04 Oct 2026 09:32 PM IST
सार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के सनौद थाना क्षेत्र में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और 12 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसे में आठ साल का दूसरा बेटा गंभीर रूप से घायल है। परिवार श्राद्ध मिलन कार्यक्रम से लौट रहा था, तभी सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक टकरा गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे में पिता और पुत्र की मौत हो गई, जबकि दूसरा बच्चा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा सनौद थाना क्षेत्र में हुआ, जहां सड़क किनारे खड़े ट्रक से एक अनियंत्रित बाइक टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता और उनके 12 वर्षीय बेटे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 8 वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
श्राद्ध मिलन से लौट रहा था परिवार
जानकारी के अनुसार, ग्राम कजराबांधा निवासी डागेश्वर साहू (34) अपने दो बेटों ओशांत साहू (12) और अनुराग साहू (8) के साथ सामाजिक पितृ श्राद्ध मिलन कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद देर शाम तीनों दोपहिया वाहन से वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान सनौद थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर सड़क किनारे खड़े ट्रक से उनकी बाइक की जोरदार भिड़ंत हो गई।
विज्ञापन
हादसे में पिता और बेटे की मौके पर मौत
टक्कर लगते ही तीनों सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण डागेश्वर साहू और उनके 12 वर्षीय बेटे ओशांत साहू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं 8 वर्षीय अनुराग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
विज्ञापन
गंभीर हालत में अस्पताल रेफर हुआ मासूम
ग्रामीणों की सूचना पर सनौद थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल अनुराग को नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। खड़े ट्रक और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को लेकर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। एक ही परिवार में पिता और बेटे की मौत से ग्राम कजराबांधा में मातम पसरा हुआ है।