इंश्योरेंस पॉलिसी कब और कितनी खरीदें?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के आर्य परिवार में तीन पीढ़ियां हैं और परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य सातवें दशक में हैं। अड़तीस बरस की नेहा दो बच्चों की मां हैं और एक सरकारी स्कूल में शिक्षिका हैं। उनके पति का छोटा-सा ट्रेडिंग का कारोबार है और अब तक यह परिवार मजे से जीवन बिता रहा था। हालांकि कोविड से रिश्ते के एक भाई की मौत से उन्हें निजी तौर पर धक्का तो लगा, साथ ही वह इस बात को लेकर भी चिंतित हैं कि क्या उनके पास पर्याप्त बीमा कवर है। वह यह सुनिश्चित करना चाहती हैं कि यदि कहीं उनके या उनके पति को कुछ हो गया, तो उनके बुजुर्ग सास-ससुर तथा बढ़ती उम्र के दोनों बच्चों के पास जीवन जीने के लिए पर्याप्त धन हो।
जीवन बीमा क्या है?
जीवन बीमा मौत के जोखिम से बचाने का वित्तीय कवच है। यह आपके और जीवन बीमा कंपनी के बीच एक वैधानिक करार है, जिसमें आपको एक निश्चित अंतराल में भुगतान करना होता है, जिसे प्रीमियम कहते हैं और बदले में जीवन बीमा कंपनी आपके जीवन से जुड़े जोखिम में आपके आश्रितों को वित्तीय सुरक्षा प्रदान करती है। ऐसे हर व्यक्ति को जिस पर परिवार के सदस्य वित्तीय रूप से आश्रित हों, उनके लिए जीवन बीमा की जरूरत होती है, क्योंकि उनकी अनुपस्थिति में आश्रितों के सामने वित्तीय परेशानी खड़ी हो सकती है। यह आपके वित्तीय लक्ष्यों को पूरा करने के लिहाज से एक अहम वित्तीय औजार है और आपकी
अनुपस्थिति में आपके कर्ज का भुगतान भी सुनिश्चित करता है।
फिर भी, अनेक लोग जीवन बीमा का चुनाव करते समय गलती कर जाते हैं। लोग टैक्स की बचत या निवेश के औजार के रूप में जीवन बीमा खरीदते हैं, बिना यह एहसास किए कि वह क्या गलती कर रहे हैं। यदि सावधानी के साथ योजना बनाई जाए, तो जीवन बीमा आपके परिवार की वित्तीय स्थिरता और समृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
जीवन बीमा खरीदने से पहले विचार करेंः
- आप खुद से सवाल कीजिए कि क्या आपको जीवन बीमा की आवश्यकता है और क्यों है।
- अपने वित्तीय लक्ष्यों, कर्ज और परिवार के लिए जरूरी वित्तीय सुरक्षा को ध्यान में रखकर आकलन कीजिए कि आपको कितने जीवन बीमा की जरूरत है।
- विभिन्न तरह की जीवन बीमा पॉलिसी को समझिए और फिर अपनी वित्तीय जरूरतों के अनुसार चयन कीजिए।
- दुर्घटना और गंभीर बीमारी को कवर करने के लिए राइडर के रूप में अतिरिक्त कवर लीजिए, जिसे आप अपनी जीवन बीमा पॉलिसी से जोड़ सकते हैं।
- अपनी वित्तीय क्षमता के अनुरूप प्रीमियम की अवधि तय कीजिए, वार्षिक, छमाही या मासिक इत्यादि।
- सुनिश्चित कीजिए कि आपको कितने वर्षों के लिए जीवन बीमा कवर करने की जरूरत है।
- बीमा में नॉमिनी का नाम जरूर तय करें, ताकि जरूरत के समय अड़चन न आए।
कैसे तय करें कितनी की जरूरत है?
आपका जीवन कीमती है और इसकी कोई कीमत लगाना मुश्किल है। हालांकि आपको यह तय करना होगा कि आपको कितने जीवन बीमा कवर की जरूरत है। सबसे पहले आप अपनी वित्तीय संपत्तियों, मसलन, आवास, बैंक बैलेंस और निवेश की सूची (ए) बनाइए इसके बाद आप अपने कर्ज तथा वित्तीय जिम्मेदारियों की सूची (बी) बनाइए, जिसमें कर्ज का बकाया, बच्चों की पढ़ाई का खर्च और आपके अन्य वित्तीय लक्ष्य हों। ए और बी का जो अंतर है, उतने ही जीवन बीमा कवर की आपको जरूरत
है। यह गतिशील प्रक्रिया है, इसलिए जब आपकी वित्तीय जिम्मेदारियां बढ़ें, तो आपको समय-समय पर इसका आकलन भी करते रहना चाहिए। यह नियम बना लें कि किसी भी समय आपके पास आपकी वार्षिक आय के दस गुना के बराबर न्यूनतम जीवन बीमा कवर होना चाहिए। उदाहरण के लिए, यदि आपकी वार्षिक आय दस लाख रुपये है, तो आपके पास एक करोड़ रुपये कवर लायक जीवन बीमा होना चाहिए। ध्यान रहे, प्रीमियम की राशि बीमित व्यक्ति की उम्र और बीमा कवर करने की अवधि जैसे कारकों पर निर्भर होती है।
इन सारे पहलुओं के आधार पर नेहा खुद के लिए और अपने पति के लिए जीवन बीमा का चयन कर सकती हैं। परिवार के सभी सदस्यों के लिए हेल्थ इंश्योरेंस भी होना चाहिए, क्योंकि यह स्वास्थ्य संबंधी मुश्किलों में वित्तीय बफर का काम करता है।