राहत: फरवरी में सेवा गतिविधियां सात साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची
- कारोबारी ऑर्डर्स में बढ़ोतरी, निर्यात मांग लौटने और कारोबारी भरोसे में मजबूती का मिला फायदा
- 57.5 के स्तर पर पहुंचा सेवा पीएमआई सूचकांक, जनवरी 2013 के बाद की सबसे तेज बढ़ोतरी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सेवा क्षेत्र के लिहाज से बुधवार को भारत के लिए अच्छी खबर सामने आई। दरअसल, कारोबारी ऑर्डर्स में बढ़ोतरी, निर्यात मांग पटरी पर आने और कारोबारी भरोसे में मजबूती से फरवरी में लगातार पांचवें महीने में सेवा क्षेत्र की गतिविधियों में इजाफा दर्ज की गया। एक मासिक सर्वेक्षण में ये बातें सामने आई हैं।
आईएचएस मार्किट इंडिया सर्विसेस बिजनेस एक्टिविटी सूचकांक फरवरी में बढ़कर 57.5 स्तर पर पहुंच गया, जबकि जनवरी में यह 55.5 के स्तर पर था। यह सेवा क्षेत्र में जनवरी, 2013 के बाद की सबसे तेज बढ़ोतरी है।
सेवा प्रदाताओं के लिए फरवरी के दौरान नए काम में बढ़ोतरी दर्ज की गई, जो सात साल के दौरान दूसरी सबसे तेज बढ़ोतरी रही। कंपनियों की कुल बिक्री में बढ़ोतरी में विदेश से मिलने वाले नए ऑर्डर्स का खासा योगदान रहा। हालांकि भारतीय सेवाओं के लिए अंतरराष्ट्रीय मांग में बढ़ोतरी की दर नरम रही, लेकिन यह उसके दीर्घकालिक औसत से ज्यादा रही।
आईएचएस मार्किट की प्रमुख अर्थशास्त्री पॉलियाना डि लीमा ने कहा, ‘सितंबर में सेवा क्षेत्र में 19 महीने की सबसे बड़ी गिरावट दर्ज की गई थी, तब से इसमें हर महीने जारी सुधार के रुझान देखें तो वित्त वर्ष 2019-20 की अंतिम तिमाही में इसकी रफ्तार सुस्त ही बनी हुई है।
निजी क्षेत्र में कारोबारी गतिविधियां आठ साल की ऊंचाई पर
वहीं विनिर्माण और सेवा क्षेत्र दोनों का आकलन करने वाले कम्पोजिट पीएमआई आउटपुट सूचकांक फरवरी में बढ़कर 57.6 पर पहुंच गया जो उसके 54.6 के दीर्घकालिक औसत से ज्यादा है, जबकि जनवरी में यह 56.3 के स्तर पर था। लीमा ने कहा कि कारोबारी गतिविधियों में सुधार की मुख्य वजह घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों से मजबूत मांग रही है। फरवरी के आंकड़ों से पता चलता है कि विनिर्माण और सेवा आउटपुट में सुधार से निजी क्षेत्र में कारोबारी गतिविधियां आठ साल की ऊंचाई पर पहुंच गईं।
मार्च में भी बढ़ सकता है उत्पादन
लीमा ने कहा, ‘विनिर्माण और सेवा क्षेत्रों में नए काम में बढ़ोतरी से पता चलता है कि मार्च में भी निजी क्षेत्र में उत्पादन में बढ़ोतरी देखने को मिलेगी, जिसका सकारात्मक असर वित्त वर्ष 2019-20 की चौथी तिमाही में दिख सकता है।’ वहीं नई नौकरियां पैदा होने की दर सुस्त रही, जो तीन महीने में सबसे कम रही।
लेकिन नियुक्तियों पर जारी रही रोक
2019-20 की अंतिम तिमाही के बीच में कारोबार में बढ़ोतरी के बावजूद फरवरी में सेवा प्रदाताओं नई नियुक्तियों पर रोक जारी रखी। इसके अलावा खाद्य पदार्थों, श्रम, सामग्री और तेल की लागत में बढ़ोतरी की खबरों के बीच सेवा अर्थव्यवस्था के लिए इनपुट लागत में बढ़ोतरी दर्ज की गई। सर्वेक्षण के मुताबिक, जनवरी से महंगाई में नरमी देखने को मिली है। प्याज और ईंधन की कीमतों में नरमी से महंगाई के मोर्चे पर राहत मिली है। हालांकि फरवरी में बिक्री मूल्य में मामूली बढ़ोतरी रही, जो जनवरी के मुकाबले कम रही।