{"_id":"62d4a30c16e26b55434cd51e","slug":"rbi-report-more-interest-may-be-available-on-deposits-in-the-coming-time","type":"story","status":"publish","title_hn":"RBI Report: आने वाले समय में जमा पर मिल सकता है ज्यादा ब्याज","category":{"title":"Business","title_hn":"कारोबार","slug":"business"}}
RBI Report: आने वाले समय में जमा पर मिल सकता है ज्यादा ब्याज
सार
आरबीआई रिपोर्ट में कहा गया है कि सामान्य बारिश और महंगाई के कम दबाव से वृद्धि को समर्थन मिलेगा। आर्थिक गतिविधियों में सुधार के कारण कर्ज की मांग भी तेजी से बढ़ेगी।
विज्ञापन
RBI
- फोटो : Social Media
विस्तार
देश में कर्ज की मांग तेजी से बढ़ रही है। साथ ही जमा और कर्ज की ब्याज दरों में काफी बड़ा अंतर भी दिख रहा है। ऐसी स्थिति में बैंकों को जमा पर ब्याज दर बढ़ाकर ग्राहकों को आकर्षित करना होगा। आरबीआई ने रविवार रिपोर्ट में यह बात कही है। इसमें कहा गया है कि सामान्य बारिश और महंगाई के कम दबाव से वृद्धि को समर्थन मिलेगा। आर्थिक गतिविधियों में सुधार के कारण कर्ज की मांग भी तेजी से बढ़ेगी। एक जुलाई को समाप्त पखवाड़े में बैंकों में जमा 9.77 फीसदी बढ़कर 169.61 लाख करोड़ रहा। इस दौरान कर्ज 13.29 फीसदी बढ़कर 123.81 लाख करोड़ पहुंच गया। 2 जून, 2021 के पखवाड़े में उधारी 109 लाख करोड़ और जमा 154 लाख करोड़ था। एजेंसी
विज्ञापन
मंदी के बाद भी तेजी से बढ़ेगी जीडीपी
एक अन्य रिपोर्ट में आरबीआई ने कहा, विपरीत हालात के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था तेजी से बढ़ेगी। भू-राजनीतिक हालातों का असर कई क्षेत्रों पर दिखाई दे रहा है, जो सुधार की राह में बाधा है। फिर भी जो संकेत दिख रहे हैं, उनके आधार पर वैश्विक मंदी के डर के बीच भारत सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। उधर, कमोडिटी की कीमतें कम होती हैं तो ज्यादा महंगाई का बुरा दौर भी खत्म हो सकता है। खुदरा महंगाई अभी 7 फीसदी से ऊपर बनी हुई है।
विज्ञापन
भारत में पैसे भेजने के मामले में संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को पीछे छोड़कर अमेरिका नंबर एक बन गया है। भारत में आने वाली रकम में अमेरिका से 20 फीसदी हिस्सा आ रहा है। कोरोना के कारण 2020-21 में खाड़ी देशों से भारत आने वाली रकम में 30 फीसदी कमी दिख सकती है क्योंकि यहां से बाहर जाने वालों की संख्या घटी है। रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत आने वाली रकम में अमेरिका, सिंगापुर और यूके का हिस्सा 36 फीसदी है। यूएई से सबसे ज्यादा पैसा केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक में आता है।
विज्ञापन