चार साल के उच्चतम स्तर पर पहुंची पेट्रोल-डीजल की कीमत, केवल चार राज्यों ने घटाया वैट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
वित्त मंत्री अरुण जेटली द्वारा पेट्रोल-डीजल को जीएसटी में लाए जाने की अटकलों को विराम देने के बाद मंगलवार को इसके दाम चार साल उच्चतम स्तर पर पहुंच गए हैं। हालांकि चार राज्यों द्वारा वैट की दरों में कटौती करने का ऐलान किया गया है, लेकिन इसका फायदा पूरे देश में नहीं मिल रहा है।
मुंबई में सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल
देश के चार महानगरों की बात करें तो इस वक्त सबसे महंगा पेट्रोल और डीजल मुंबई में है। यहां पर पेट्रोल की कीमत मंगलवार को 81.24 रुपये प्रति लीटर रही, वहीं डीजल का दाम 68.39 रुपये प्रति लीटर रहा।
दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल की कीमतें 73.38, 76.07 और 76.12 रुपये प्रति लीटर हैं। वहीं डीजल की बात करें तो दिल्ली, कोलकाता और चेन्नई में यह 64.22, 66.89 व 67.73 रुपये प्रति लीटर हैं।
तीन दिन से घट रहे हैं कच्चे तेल के दाम
जहां देश भर में पेट्रोल-डीजल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ पिछले तीन दिन से कच्चे तेल के दाम गिर गए हैं। कच्चे तेल की कीमतों में 1.1 फीसदी की कमी आ गई है।
अभी नहीं सस्ता होगा पेट्रोल-डीजल
केंद्र सरकार ने पेट्रोल-डीजल के सस्ता होने की खबरों पर कहा है कि पेट्रोल और डीजल सस्ता नहीं होगा। केंद्रीय वित्त सचिव हसमुख अढिया ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि बजट में जितनी एक्साइज ड्यूटी घटाई गई उतना ही सेस को बढ़ा दिया गया है।
इसके अलावा अभी जीएसटी में इनको शामिल करने में थोड़ा और समय लगेगा। इससे पहले बजट पेश होने के बाद खबरें आ रही थीं कि पेट्रोल-डीजल 2 रुपए सस्ता होगा।
महंगाई दर बढ़ने के आसार
अगर पेट्रोल- डीजल के दाम यू हीं बढ़ते रहे तो फिर आगे भी महंगाई दर बढ़ती रहेगी, जिस पर काबू पाना मुश्किल हो जाएगा। वहीं रिजर्व बैंक को भी दरें कम करना आसान नहीं होगा। इससे जहां सरकार को आर्थिक मोर्चे पर नुकसान होगा, वहीं आम आदमी के घर का बजट भी पूरी तरह से बिगड़ जाएगा।
85 रुपये तक जा सकती हैं पेट्रोल की कीमतें
मॉर्गन स्टेनली और बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने 2018 के लिए कच्चे तेल के औसत भाव के अनुमान में बढ़ोतरी की है। बैंक ऑफ अमेरिका मेरिल लिंच ने अपने अनुमान में 8 डॉलर की बढ़ोतरी की है। 2018 में ब्रेंट क्रूड का औसत भाव 64 डॉलर रहने का अनुमान लगाया है। ऐसे में एक्सपर्ट्स के मुताबिक, पेट्रोल के दाम 85 रुपए प्रति लीटर तक पहुंच सकते हैं।