जियो से ‘मुकाबले’ के लिए वोडाफोन और आइडिया होंगी एक
ब्रिटेन के वोडाफोन समूह ने कहा कि रिलायंस जियो की चुनौती से निपटने के लिए वह आईडिया सेल्युलर के साथ अपनी भारतीय इकाई के विलय के लिए बात कर रही है। इस शेयर हस्तांतरण पर आधारित विलय से देश की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी का उदय होगा।
नई कंपनी करीब 38.7 करोड़ ग्राहकों के साथ दुनिया की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनियों में से एक होगी। इस विलय योजना में हालांकि इंडस टावर में वोडाफोन समूह की 42 फीसदी हिस्सेदारी शामिल नहीं है।
कंपनी ने कहा कि वार्ता की सफलता की अभी कोई निश्चितता नहीं है। न ही कोई समय सीमा तय है। विलय की वार्ता के बीच बीएसई में आईडिया सेल्युलर के शेयर 25.90 फीसदी की उछाल के साथ 97.95 रुपये पर बंद हुए।
जियो के टैरिफ के खिलाफ गई उच्च न्यायालय
वोडाफोन इंडिया (वोडा) ने सोमवार को दिल्ली उच्च न्यायालय में एक याचिका दाखिल कर आरोप लगाया कि रिलायंस जियो इंफोकॉम (जियो) को मुफ्त ऑफर जारी रखने की अनुमति देकर नियामक ट्राई अपने टैरिफ ऑर्डर, निर्देशों और नियमनों का जियो द्वारा खुल्लम-खुल्ला उल्लंघन को रोकने में असफल रहा है।
मामले की सुनवाई एक फरवरी को निश्चित की गई है।
वोडाफोन ने यह भी दावा किया है कि ट्राई दूरसंचार विभाग के सर्कुलर को भी लागू करने में असफल रहा है, जिसमें व्यवस्था की गई है कि सभी टैरिफ इंटर-कनेक्शन यूसेज चार्ज के अनुरूप, नॉन-डिस्क्रीमिनेटरी और नॉन-प्रीडेटरी होनी चाहिए।