जी एंटरटेनमेंट में इस अमेरिकी कंपनी ने खरीदी बड़ी हिस्सेदारी, 4224 करोड़ में हुई डील
देश के सबसे पहले निजी टीवी चैनल जी टीवी को चलाने वाली कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज लिमिटेड (ZEEL) में एक अमेरिकी कंपनी ने 4224 करोड़ रुपये में बड़ी हिस्सेदारी खरीद ली है। इस बात की घोषणा खुद कंपनी ने की है।
बेच दी 11 फीसदी हिस्सेदारी
इकोनॉमिक टाइम्स और फाइनेंशियल एक्सप्रेस की खबर के अनुसार अमेरिकी कंपनी इंवेस्को ओप्पनहेमर डेवलपिंग मार्केट फंड (Invesco Oppenheimer Developing Markets Fund) ने ZEEL में 11 फीसदी की और हिस्सेदारी खरीद ली है। इससे पहले भी कंपनी के पास सात फीसदी हिस्सेदारी थी। डील के बाद अब इंवेस्को के पास कुल 18 फीसदी की हिस्सेदारी हो गई है।
2002 से है वित्तीय निवेशक
एस्सेल समूह सितंबर 2019 तक अपने प्रमोटर्स के कर्ज को चुकाने के लिए अपनी कंपनियों की हिस्सेदारी बेचने की तैयारी में है। इस प्रक्रिया के तहत ‘ZEEL’ और ग्रुप की अन्य गैर मीडिया कंपनियों में हिस्सेदारी खरीदने के लिए कई कंपनियों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया जताई थी। इंवेस्को 2002 में जी में वित्तीय निवेशक है। यह एक निवेशक कंपनी है,जो यूएस सिक्योरिटीज और एक्सचेंज कमीशन में रजिस्टर्ड है। इस कंपनी का भारत में वित्तीय निवेश करने का लंबा इतिहास रहा है।
यह कंपनियां भी थीं इच्छुक
इस कंपनी के अलावा एक और कंसोर्शियम जो कि अमेरिकी कंपनी कोमकास्ट, जेम्स मर्डोक की लुपा सिस्टम, पीई फंड ब्लैकस्टोन और एटारोस भी हिस्सेदारी खरीदने की इच्छुक थी। जी के प्रबंध निदेशक और सीईओ पुनीत गोयनका का कहना है, ‘मुझे यह बताते हुए बहुत खुशी हो रही है कि इंवेस्को ने एक निवेशक के रूप में जी समूह में अपना भरोसा जताया है। यह हमारे वित्तीय निवेशकों का अमूल्य विश्वास और समर्थन है, जो हमें साल-दर-साल शानदार वैल्यू तैयार करने में सक्षम बनाता है।’