जेट एयरवेज को खरीदने के लिए लगी दो बोलियां : एसबीआई चेयरमैन
जेट एयरवेज को खरीदने के लिए फिलहाल दो बोलीदारों ने बोली लगाई है। वहीं शुक्रवार शाम तक एक अन्य बोली भी लग सकती है। एसबीआई के चेयरमैन रजनीश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि इसके बाद बैंकों की तरफ से प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
नहीं बताया नाम
रजनीश कुमार ने हालांकि अभी तक बोली लगाने वाली कंपनियों का नाम उजागर नहीं किया है। कुमार ने कहा कि जिन चार कंपनियों ने अप्रैल में अपनी निविदाएं जमा की थी उसमें से एक कंपनी भी आगे आकर के बोली लगा सकती है।
गौरतलब है कि जेट को खरीदने के लिए एतिहाद एयरवेज, नेशनल इंवेस्टमेंट एंड इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, टीपीजी कैपिटल और इंडिगो पार्टनर्स ने निविदाएं जमा की थीं। सभी निविदाकर्ता जेट एयरवेज के 75 फीसदी शेयर खरीदने के लिए बोली लगा सकते हैं।
यह बनाए हैं नियम
एसबीआई की अगुवाई वाले बैंकों के कंशोर्सियम ने जो नियम बनाए हैं उसके तहत निविदाकर्ता के पास कम से कम एक हजार करोड़ रुपये की नेटवर्थ होनी चाहिए। इसके अलावा तीन साल का विमानन क्षेत्र में काम करने का अनुभव भी होना चाहिए।
वहीं वित्तीय निवेशकों के पास कम से कम दो हजार करोड़ रुपये का असेट अंडर मैनेजमेंट (एयूएम) या फिर एक हजार रुपये भारतीय कंपनी में निवेश करने के लिए होना चाहिए।