ट्रैवल कंपनी थॉमस कुक दिवालिया, छह लाख पर्यटक फंसे; डेढ़ लाख एयरलिफ्ट होंगे
- 15 हजार करोड़ रु. के कर्ज में डूबी कंपनी का कर्जदाताओं के साथ समझौता नहीं हो पाया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ब्रिटेन की दिग्गज ट्रैवल कंपनी थॉमस कुक ने रविवार को दिवालिया होने की घोषणा कर दी। 178 साल पुराने थॉमस कुक पर करीब 15 हजार करोड़ रुपए का कर्ज है। संचालन जारी रखने के लिए 1766 करोड़ रुपए की तत्काल जरूरत थी।
कंपनी ने कहा कि तमाम कोशिशों के बावजूद शेयरधारकों और कर्जदाताओं से समझौता नहीं हो पाया, इसलिए दिवालिया की अर्जी दाखिल करने के अलावा उनके पास कोई चारा नहीं था। थॉमस कुक 16 देशों में हर साल 19 करोड़ लोगों को होटल, रिसॉर्ट और एयरलाइन सर्विस मुहैया करवा रही थी। थॉमस कुक के बंद होने से दुनियाभर में 6 लाख पर्यटक फंस गए हैं।
इनमें से 1.5 लाख ब्रिटेन के हैं। ब्रिटेन के परिवहन सचिव ग्रांट शेप्स ने बताया कि दर्जनों चार्टर्ड विमान किराए पर लिए गए हैं, ताकि ब्रिटेन के यात्रियों को घर पहुंचाया जा सके। उनसे कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। सरकार का कहना है कि ब्रिटेन के इतिहास में दूसरे विश्व युद्ध के बाद यह यात्रियों की सबसे बड़ी वापसी होगी।
दरअसल, थॉमस कुक ने 1841 में ट्रैवल कंपनी शुरू की थी। तब कंपनी लोगों को ट्रेन के जरिए ब्रिटेन के शहरों में घुमाने की व्यवस्था करती थी। जल्द ही कंपनी ने विदेश यात्रा के लिए इंतजाम करना भी शुरू कर दिया। यह पहला टूर ऑपरेटर है, जो ब्रिटिश सैलानियों को यूरोप में यात्रा मुहैया कराता था। इसके बाद नए ठिकाने कंपनी के खाते में जुड़ते गए। कारोबार बढ़ने लगा और इसने विशाल टूर ऑपरेटर का रूप ले लिया।
हालांकि, साल दर साल कर्ज का बोझ भी बढ़ता गया। कंपनी हर साल 2 करोड़ यात्रियों को सेवा मुहैया कराती रही। कंपनी की एयरलाइन के बेड़े में 100 विमान हैं। ब्रिटेन में दो साल पहले मोनार्क एयरलाइंस के बंद होने पर सरकार ने विमान किराए पर लेकर 1.10 लाख यात्रियों को घर पहुंचाने का इंतजाम किया था।
संकट में 22,000 नौकरियां
कंपनी के बंद होने से 22,000 लोगों की नौकरियों पर संकट मंडरा रहा है, जिसमें से 9,000 कर्मचारी यूके के हैं।
चीफ एक्जिक्यूटिव ने मांगी माफी
कंपनी के बंद होने से ना सिर्फ कर्मचारी बल्कि ग्राहक, सप्लायर और कंपनी के पार्टनर भी प्रभावित होंगे। इसलिए थॉमस कुक के चीफ एक्जिक्यूटिव पीटर फैंकहॉजर ने ग्राहकों, सप्लायर्स, कर्मचारी और पार्टनर्स से माफी मांगी।
सभी उड़ानें रद्द
मामले में यूके की नागरिक उड्डयन प्राधिकरण (CAA) ने कहा है कि 23 सितंबर से लेकर छह अक्तूबर तक रेगुलेटर व सरकार 150,000 से अधिक ब्रिटिश ग्राहकों को घर वापस लाने के लिए मिलकर काम करेंगे। सीएए ने ट्वीट कर बताया कि सभी बुकिंग्स रद्द कर दी गई हैं।
Thomas Cook Group, including the UK tour operator and airline, has ceased trading with immediate effect.
All #ThomasCook bookings, including flights and holidays, have now been cancelled.
Visit: https://t.co/g4G2b6RlHc pic.twitter.com/BxJMv5Yaw1 — UK Civil Aviation Authority (@UK_CAA) September 23, 2019
इसलिए बंद हुई कंपनी
दुनिया की सबसे पुरानी ट्रैवल कंपनी लंबे समय से फंड की कमी से जूझ रही थी और बैंकों की एक समिति ने अतिरिक्त फंड की उसकी मांग पर फैसले रोक दिया था।
पिछले महीने अगस्त में थॉमस कुक ने रिकैपिटलाइजेशन से जुड़ी योजना को लेकर चीन की शेयरहोल्डर फोसुन के साथ एक सौदे की प्रमुख शर्तों को पर सहमति जताई थी। यह सौता 1.1 अरब डॉलर का था।
आरबीएस ने दिया था झटका
इतना ही नहीं, रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड (आरबीएस) ने भी कंपनी को झटका दिया था। बैंक के एक प्रवक्ता ने कहा था कि कंपनी के 20 करोड़ पाउंड की अतिरिक्त फंड की मांग को चिह्नित नहीं किया गया। बता दें कि आरबीएस पिछले कई वर्षों से कंपनी को मदद उपलब्ध कराता रहा है।
भारत में पर्यटकों की वापसी पर स्पष्ट प्रावधान नहीं
भारत में एयरलाइंस या ट्रैवल कंपनियों के अचानक बंद होने पर पर्यटकों को वापस लेने पर कोई स्पष्ट प्रावधान नहीं है। संकटकाल में सरकार द्वारा खाड़ी देशों से कई बार यात्रियों को मानवता के आधार पर वापस लाया गया है। ब्रिटेन में डेढ़ लाख सैलानियों ने सरकार से बुल्गारिया, क्यूबा, तुर्की और अमेरिका से वापस आने की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।