सुजुकी-टोयोटा में हुआ करार, खरीदेंगे एक दूसरे के शेयर
जापान की दो सबसे बड़ी ऑटो कंपनियां--सुजुकी और टोयोटा ने करार किया है, जिसके तहत दोनों कंपनियां एक-दूसरे के शेयरों को खरीदेंगी। इसके चलते दोनों कंपनियां लंबे समय तक एक साथ साझेदारी के साथ करेंगी।
टोयोटा खरीदेगी 4.94 फीसदी हिस्सेदारी
योजना के मुताबिक टोयोटा 4.94 फीसदी हिस्सेदारी सुजुकी मोटर कंपनी में खरीदेगी। इस हिस्सेदारी में कंपनी के पास 2,40,000 शेयर पास आएंगे, जिनका कुल मूल्य 9600 करोड़ जापानी येन है। इसी तरह सुजुकी 4800 करोड़ जापानी येन में शेयर खरीदेगी।
कंपनियों ने जारी किया संयुक्त बयान
दोनों कंपनियों ने संयुक्त बयान जारी करते हुए कहा है कि शेयरों के जरिए हिस्सेदारी जल्द खरीदी जाएगी। दोनों कंपनियों ने 2016 में कहा था कि वो टेक्नोलॉजी शेयरिंग के लिए करार करेंगे।
सुजुकी को बताया था भारतीय बाजार का मास्टर
जापान की ऑटोमेकर कंपनी टोयोटा ने कहा है कि भारतीय बाजार की बात की जाए तो सुजुकी यहां की 'मास्टर' कंपनी है और टोयोटा को उसका 'स्टूडेंट' बनकर सीखने की जरूरत है। इस साल की शुरुआत में इन दोनों दिग्गज कंपनियों ने प्रोडक्ट व कॉम्पोनेंट की सप्लाई के अलावा पर्यावरण, सुरक्षा व सूचना प्रोद्यौगिकी के क्षेत्र में साथ मिलकर काम करने की योजना बनाई थी।
सुजुकी की भारतीय यूनिट मारुति सुजुकी देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी है। भारत के पैसेंजर व्हीकल सेग्मेंट में इसका 50 फीसदी कब्जा है। कंपनी ने 2020 तक दो मिलियन यूनिट बेचने का टारगेट रखा है।
भारत में काफी उग्र प्रतिस्पर्धा
टोयोटा मोटर कॉर्पोरेशन के सीईओ (एशिया, मध्य पूर्व और उत्तरी अफ्रीका) हिरोयुकी फुकुई ने कहा, "इस तरह सुजुकी भारत की मास्टर है और टोयोटा उनसे बहुत कुछ सीख सकती है। वो टीचर हैं और हम स्टूडेंट।" उन्होंने कहा की भारत में काफी उग्र प्रतिस्पर्धा है। सुजुकी भारत में लंबे समय से है और वो यहां के बाजार व ग्राहकों को अच्छी तरह समझ चुके हैं।
केवल होगा सहयोग
सुजुकी के साथ टोयोटा की साझेदारी पर हिरोयुकी फुकुई ने कहा, "हमने सिर्फ सहयोग की घोषणा की है, लेकिन हम एक निष्कर्ष बनाने में जल्दबाजी नहीं करेंगे। ताकि हम एक दूसरे को जान सकें कि टोयोटा क्या करना चाहती है, सुजुकी क्या करना चाहेगी जोकि एक अच्छी बात है।"