{"_id":"575b3e754f1c1b507e9c57ad","slug":"reservation-required-in-the-private-sector-try-for-a-consensus-ram-vilas-paswan","type":"story","status":"publish","title_hn":"निजी क्षेत्र में आरक्षण जरूरी, सर्वसम्मति बनाने का प्रयास: पासवान","category":{"title":"Corporate","title_hn":"कॉरपोरेट","slug":"corporate"}}
निजी क्षेत्र में आरक्षण जरूरी, सर्वसम्मति बनाने का प्रयास: पासवान
राजीव जायसवाल / अमर उजाला, नई दिल्ली
Updated Sat, 11 Jun 2016 03:55 AM IST
विज्ञापन
उद्योग जगत ने स्वेच्छा से आरक्षण नीति का पालन न किया तो सरकार को उठाने पड़ेंगे आवश्यक कदम
- फोटो : Getty Images
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय खाद्य एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री रामविलास पासवान जल्द ही निजी क्षेत्र के रोजगारों में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के आरक्षण के लिए मुहिम चलाएंगे, जिसका असर कारपोरेट जगत के अलावा आने वाले उत्तर प्रदेश के विधान सभा के चुनावों में भी दिखेगा। अमर उजाला के साथ एक विशेष बातचीत में पासवान ने कहा कि निजी क्षेत्र में दलितों के लिए आरक्षण जरूरी है और मैं जल्द ही कारपोरेट जगत से इस बारे में बात करूंगा।
विज्ञापन
उन्होंने बताया कि वह इस दिशा में कई दिनों से सोच रहे थे पर अब वह जल्द ही इसके लिए सर्वसम्मति बनाने का प्रयास शुरू करेंगे। पासवान ने कहा कि यह प्राइवेट सेक्टर कंपनियों के हित में होगा कि वे समाज के पिछड़े वर्ग के लोगों के जीवन स्तर को संवारने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि ‘अमीरी का कैलाश और गरीबी का पाताल’ ज्यादा दिन नहीं चलेगा।
विज्ञापन
पासवान का मानना है कि निजी कंपनियों में आरक्षण कारपोरेट जगत के ही हित में है। उन्होंने कहा कि निजी क्षेत्र में दलितों, शोषितों और वंचितों को रोजगार दे कर ही नक्सलवाद जैसी गंभीर समस्या को सुलझाया जा सकता है। सामाजिक न्याय के बगैर देश में खुशहाली और अमन-चैन नहीं आ सकता है और यह सिर्फ सरकार या सरकारी उद्यमों की जिम्मेवारी नहीं हो सकती है। पासवान ने कहा कि अब तक कारपोरेट जगत अपने इस दायित्व से पीछा छुड़ाता रहा है, पर वक्त आ गया है कि वे भी अब समाज के वंचितों के उत्थान में सरकार का साथ दें।
विज्ञापन
निजी क्षेत्र में आरक्षण का मुद्दा नया नहीं है। मनमोहन सिंह के नेतृत्व में यूपीए की सरकार ने इस विषय को 2006 में ही उठाया था। उस वक्त इंडस्ट्री चैंबर्स ने इसका घोर विरोध किया था। सीआईआई जैसे उद्योग संगठन ने कहा था कि निजी क्षेत्र पर सरकार को आरक्षण नहीं थोपना चाहिए। इसके साथ ही उसने स्वेच्छा से सकारात्मक कार्रवाई (अफर्मेटिव एक्शन) की बात की थी। उद्योग जगत की उदासीनता और उस वक्त की सरकार के कमजोर रवैये के कारण निजी क्षेत्र में आरक्षण का मामला धरा का धरा रह गया। पासवान का कहना है कि अगर उद्योग जगत स्वेच्छा से आरक्षण नीति का पालन नहीं करेगा तो सरकार को दलितों के हित के लिए आवश्यक कदम उठाने पड़ेंगे।
पासवान का कहना है कि कारपोरेट जगत तृतीय और चतुर्थ श्रेणी में तो दलितों को आरक्षण दे ही सकते हैं। पासवान इस दलील को मानने को तैयार नहीं हैं कि आरक्षण से मेरिट की उपेक्षा होगी। वह कहते है कि आज दलित आईएएस अपनी मेरिट से टॉपर बन सकते हैं तो उनकी क्षमता को उनकी जाति से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्हें सदियों से मौका नहीं मिला है, लोकतंत्र में उन्हें भी मौका मिलना चाहिए।