जून तिमाही के नतीजे: जानिए गूगल, एपल, सन फार्मा सहित अन्य दिग्गज कंपनियों को फायदा हुआ या नुकसान
अल्फाबेट, एपल, माइक्रोसॉफ्ट, नेस्ले इंडिया और यूनाइटेड ब्रुवरीज ने जून तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गूगल की पैरेंट कंपनी अल्फाबेट, प्रीमियम मोबाइल आईफोन की निर्माता कंपनी एपल, दिग्गज टेक कंपनी माइक्रोसॉफ्ट, ऑटो क्षेत्र की टीवीएस मोटर, टेक महिंद्रा, इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (IOCL), दवा कंपनी सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज, देश की बड़ी एफएमसीजी कंपनी नेस्ले इंडिया और बीयर बनाने वाली कंपनी यूनाइटेड ब्रुवरीज ने जून तिमाही के नतीजों की घोषणा कर दी है। आइए जानते हैं इस दौरान कौन सी कंपनी घाटे में रही और किसको नुकसान हुआ।
अल्फाबेट इंक
पिछले एक साल में गूगल की आय में उल्लेखनीय रूप से सुधार हुआ है। दूसरी तिमाही में कंपनी को 18.5 अरब डॉलर यानी करीब 1.37 लाख करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। कंपनी की आय की बात करें, तो इसमें सालाना आधार पर 62 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है और यह आय 61.8 अरब डॉलर यानी 4.60 लाख करोड़ रुपये रही। एक साल पहले महामारी की वजह से उपभोक्ता खर्च कम हो गया था लेकिन जब टीकों की उपलब्धता हो गई है तो एक बड़े हिस्से ने विज्ञापनदाताओं को अधिक खर्च करने के लिए प्रेरित किया है। इसमें एक बड़ा हिस्सा गूगल और उसकी पैरेंट कंपनी अल्फाबेट इंक का था। विज्ञापनों से कंपनी की आय 70 फीसदी बढ़कर 50.44 अरब डॉलर यानी 3.75 लाख करोड़ रुपये हो गई।
एपल
प्रैल-जून तिमाही में एपल का लाभ और राजस्व विश्लेषकों के अनुमानों से भी अधिक रहा। कंपनी का रेवेन्यू 81.4 अरब डॉलर यानी करीब छह लाख करोड़ रुपये रहा। इसमें 36 फीसदी का इजाफा हुआ। इससे पहले 2020 की तीसरी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4.5 लाख करोड़ रुपये था। सालाना आधार पर आईफोन रेवेन्यू में 49.78 फीसदी की वृद्धि हुई और यह 39.57 अरब डॉलर यानी करीब 2.9 लाख करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने 21.7 अरब डॉलर या प्रति शेयर 1.30 डॉलर की कमाई की।
इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड
2021-22 की पहली तिमाही में इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड को 5,941 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 1,911 करोड़ रुपये था। कंपनी का रेवेन्यू 62,400 करोड़ रुपये से बढ़कर 1.18 लाख करोड़ रुपये हो गया। इस दौरान ऑपरेशन से आने वाला रेवेन्यू 1.55 लाख करोड़ रुपये रहा। मालूम हो कि इंडियान ऑयल और उसकी चेन्नई यूनिट की रिफाइनिंग क्षमता 50 लाख बैरल प्रति दिन है, जो देश का एक तिहाई हिस्सा है।
सन फार्मा
सन फार्मा ने शुक्रवार को कहा कि जून तिमाही में कंपनी ने 1,444.17 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ दर्ज किया है। जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी को 1,655.60 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था। समीक्षाधीन तिमाही में परिचालन से संचयी आय 9,718.74 करोड़ रुपये रही। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 7,585.25 करोड़ रुपये था।
माइक्रोसॉफ्ट
चौथी तिमाही में माइक्रोसॉफ्ट का मुनाफा 47 फीसदी बढ़कर 16.5 अरब डॉलर यानी 1.22 लाख करोड़ रुपये हो गया। कंपनी की आय 21 फीसदी बढ़ी और यह 46.2 अरब डॉलर यानी 3.43 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गई। हालांकि विश्लेषकों को उम्मीद थी कि माइक्रोसॉफ्ट अप्रैल-जून तिमाही के लिए 44.1 अरब अमेरिकी डॉलर के राजस्व पर 1.91 अमेरिकी डॉलर प्रति शेयर की कमाई करेगी।
नेस्ले इंडिया
अप्रैल से जून के दौरान एफएमसीजी कंपनी नेस्ले इंडिया का मुनाफा 10.7 फीसदी बढ़ा और यह 538.5 करोड़ रुपये रहा। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 486.6 करोड़ रुपये था। कंपनी की आय में 14 फीसदी का इजाफा हुआ। सालाना आधार पर यह 3,050.5 करोड़ रुपये से बढ़कर 3,476.7 करोड़ रुपये हुई। इस दौरान कंपनी का कामकाजी मुनाफा 13.4 फीसदी बढ़कर 848 करोड़ रुपये रहा। घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर 13.7 फीसदी की बढ़ोतरी हुई। घरेलू और निर्यात बिक्री में डबल डिजिट की वृद्धि देखी गई।
टेक महिंद्रा
जून तिमाही में टेक महिंद्रा को 1,353 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। साल 2020-21 के जून तिमाही में कंपनी को 955 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। पहली तिमाही में टेक महिंद्रा की आय में 4.8 फीसदी का इजाफा हुआ और यह बढ़कर 10,197.6 करोड़ रुपये हो गई। मार्च तिमाही में यह आंकड़ा 9,729.9 करोड़ रुपये था। इस संदर्भ में कंपनी के सीएफओ मिलिंद कुलकर्णी ने कहा कि कंपनी का मुनाफा लगातार इस तिमाही में भी जारी रहा।
टीवीएस
ऑटो क्षेत्र की टीवीएस मोटर को वित्त वर्ष 2021-22 की जून तिमाही में 53 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है। पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 139 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। आय में 175 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 1431.7 करोड़ रुपये से बढ़कर 3934.4 करोड़ रुपये पर आ गई। इस दौरान कंपनी ने कुल 6.58 लाख गाड़ियों की बिक्री की। वहीं रिकॉर्ड 2.90 लाख टू व्हीलर निर्यात किए गए। पिछले साल की समान तिमाही में यह आंकड़ा सिर्फ 70 हजार था।
यूनाइटेड ब्रुवरीज
वित्त वर्ष 2021-22 की जून तिमाही में यूनाइटेड ब्रुवरीज घाटे से मुनाफे में आई। इस दौरान कंपनी को 31 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ। जबकि पिछले साल की समान तिमाही में कंपनी को 114 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। इस दौरान कंपनी की इनकम 100 फीसदी से भी ज्यादा बढ़ी। पिछली साल की समान अवधि की तुलना में आय 507 करोड़ रुपये से बढ़कर 1,119.4 करोड़ रुपये हो गई। देश में कोविड महामारी का बुरा असर पड़ा। जिसका सीधा असर आर्थिक गतिविधियां और कंपनी के कारोबार पर हुआ। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को महामारी से बचाने के लिए कई जरूरी कदम उठाए।