गैस एजेंसी के चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा, ऑनलाइन बुक होंगे एलपीजी कनेक्शन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब वह दिन दूर नही जब आपको नए गैस कनेक्शन के लिए गैस एजेंसी के चक्कर न लगाने पड़ें। सरकार जल्द नए गैस कनेक्शन की ऑनलाइन बुकिंग शुरू करने जा रही है।
मोदी सरकार के डिजिटल इंडिया कार्यक्रम भागीदारी निभाने के उद्देश्य से गैस रिटेल कंपनियों ने गैस कनेक्शनों और स्टोव की ई-रिटेलिंग का मन बनाया है। साथ ही रिटेलर्स एक चार अंकों का इमरजेंसी नंबर भी जारी करने जा रहे हैं,ताकि गैस सिलेंडर में लीकेज की समस्या होने पर कंपनी से तुरंत मदद मिल सके।
अभी यह सेवा 10 अंकों की है जिसे याद रखना ग्राहकों के लिए कठिन होता है और वह भी देश के कुछ ही शहरों में। कंपनियां इस सेवा को देश के ज्यादा से ज्यादा शहरों तक पहुंचाने का मन बना रही हैं।
घर बैठे ही ऑनलाइन गैस कनेक्शन
इस सेवा की शुरुआत होने के बाद ग्राहकों को घर बैठे ही ऑनलाइन गैस कनेक्शन मिल जाएगा। उन्हें गैस एजेंसी के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। साथ ही गैस एजेंसी डीलर ग्राहकों को कनेक्शन के साथ स्टोव खरीदने के लिए परेशान भी नहीं कर सकेंगे।
ये सेवा हर रिटेल कंपनी की वेबसाइट पर उपलब्ध होने के साथ ही सरकार की वेबसाइट पहल पर भी इस्तेमाल की जा सकती है। ग्राहकों को इसके लिए वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा उसके बाद वेबसाइट का स्क्रोलर स्वयं आपके निकट गैस एजेंसी को फॉर्म भेज देगा और ग्राहक को ई-मेल या फोन पर कंज्यूमर नंबर भेज देगा।
कंज्यूमर नंबर मिलने के बाद ग्राहक ऑनलाइन पैसे जमा कर सकते हैं। पैसे जमा होने के बाद एजेंसी ग्राहक का वेरिफिकेशन करेगी और सिलेंडर,रबर पाइप और रेगुलेटर ग्राहक के पते पर भेज देगी।
जानकारों के अनुसार इस पूरी कवायद के लिए 6-7 दिनों का समय लगेगा। जिन ग्राहकों के पास स्टोव नही है उनको कंपनी पैसे जमा करते समय स्टोव लेने के लिए भी पूछेगी।