फेसबुक के शेयरों में 20 फीसदी की गिरावट, कंपनी को एक दिन में हुआ 124 बिलियन डॉलर का नुकसान
सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट फेसबुक के शेयरों में गुरूवार के दिन बड़ी गिरावट देखने को मिली। ग्रोथ के अनुमान कम होने के संकेतों से कंपनी का शेयर 20 फीसदी तक टूट गया। कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ पर इससे असर पड़ा और वो तीसरे पायदान से खिसककर छठें स्थान पर आ गए है।
इस वजह से गिरा शेयर
डाटा लीक होने की वजह से इस वित्त वर्ष में फेसबुक को तीसरी व चौथी तिमाही में पिछड़ने का अनुमान है। फेसबुक के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर डेविड वेहनर ने कहा कि रेवेन्यू ग्रोथ रेट तीसरे और चौथे तिमाही में गिरेगी। फेसबुक की मार्केट वैल्यू 120 अरब डॉलर (8 लाख करोड़ रुपये) घटकर 500 अरब डॉलर रह गई। यह एक दिन में किसी कंपनी में सबसे बड़ी गिरावट है।
जुकरबर्ग की नेटवर्थ में भी गिरावट
कंपनी की मार्केट कैप गिरने से कंपनी के सीईओ मार्क जुकरबर्ग की नेटवर्थ 16.5 अरब डॉलर (1.1 लाख करोड़ रुपये) कम हो गई। वह सबसे अमीर लोगों की फेहरिस्त में तीसरे से छठे स्थान पर पहुंच गए हैं। जुकरबर्ग के पास 17% शेयर हैं।
ऐसे गिरा मार्केट कैप
गुरुवार को प्री मार्केट ट्रेडिंग में शेयर 20.4% गिर गए थे। इस रेट पर मार्केट कैप 128 अरब डॉलर कम हो गया। बुधवार को बाजार बंद होने के बाद आफ्टर-ऑवर ट्रेडिंग में शेयर 23 फीसदी गिर गए। इससे फेसबुक की कुल मार्केट कैप करीब 150 अरब डॉलर घट गई थी।
इसलिए है रेवेन्यू ग्रोथ घटने का डर
फेसबुक के एक्टिव मंथली यूजर्स की संख्या 2.23 अरब है। विशेषज्ञों का कहना है कि आगे इस में गिरावट आएगी। यूरोप में डाटा नियम सख्त होने से यूजर्स की संख्या 28.2 करोड़ से घटकर 27.9 करोड़ रह गई है।
यूरोपीय कानून के मुताबिक फेसबुक यूजर को विकल्प दे रही है कि वे अपना डेटा शेयर करना चाहते हैं या नहीं। डेटा के आधार पर अभी तक विज्ञापन दिए जाते थे। डेटा शेयर नहीं होगा तो विज्ञापनदाता भी कम होंगे। एक साल में कर्मचारियों की संख्या 47 फीसदी बढ़ी है। इनके लिए जगह की भी व्यवस्था करनी पड़ रही है। इससे कंपनी के खर्च बढ़ रहे हैं।