ये साइकिल चलाने से आपको मिलेगी 24 घंटे बिजली
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अब आप साइकिल चलाकर भी बिजली पैदा कर सकते हैं। बिजली पैदा करने के लिए आपको सिर्फ स्थिर साइकिल चलाना होगा और इससे अधिकतम 40 बल्बों को रोशन किया जा सकता है। इस तकनीक को ईजाद किया है अरबपति परोपकारी मनोज भार्गव ने। भार्गव वर्ष 2016 के मार्च तक भारत में बिजली पैदा करने वाली 10,000 स्थिर साइकिल लाने जा रहे हैं।
एक साइकिल की कीमत 12-15 हजार रुपये होगी। साइकिल के पैडल एक घंटे तक चलाने से किसी ग्रामीण परिवार की 24 घंटे की बिजली की जरूरतें पूरी की जा सकती है। इनमें लाइट जलाने, छोटा पंखा चलाने और मोबाइल चार्ज करने जैसी चीजें शामिल हैं। बिजली की यह सुविधा उस परिवार को मुफ्त में मिलेगी।
इन जरूरतों को पूरा करने के बदले उस परिवार को किसी बिल का भुगतान नहीं करना होगा, किसी तरह के ईंधन का इस्तेमाल नहीं करना होगा और बिजली उत्पन्न करने के दौरान किसी प्रकार का कोई कार्बन उत्सर्जन नहीं होगा। हालांकि भार्गव ने यह खुलासा नहीं किया कि इस साइकिल के निर्माण पर वह कितना निवेश करेंगे और भारत के किस स्थान पर इन साइकिलों का निर्माण किया जाएगा।
कहां मिलेगी साइकिलें?
उन्होंने सिर्फ इतना बताया कि सबसे पहले उत्तराखंड में 10,000 साइकिल को लाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तर प्रदेश से भी उनके पास मांग आई है। साइकिल निर्माण के लिए वह निवेशक कंपनियों के साथ करार करेंगे। इस दिशा में बातचीत चल रही है।
मुफ्त बिजली पैदा करने वाली स्थिर साइकिल की खासियत है कि इसके पैडल मारने से एक फ्लाई व्हील घूमने लगती है, जो कि एक जेनरेटर को स्पिन करती है, जो फिर इस सिस्टम से जुड़ी बैट्री को चार्ज करता है। भार्गव ने बताया कि दुनिया में ऐसे करीब 1.3 करीब अरब लोग हैं, जिन्हें बिजली नहीं मिलती है।
उन्होंने कहा कि यह इनोवेशन सार्थक साबित होगा और इसका भारत के करोड़ों लोगों पर स्थायी असर होगा। भार्गव ने बताया कि सरकार के साथ अभी इस स्थिर साइकिल के बारे में कोई बात नहीं हुई है। भार्गव एक उद्यमी, परोपकारी और बिलियंस इन चेंज आंदोलन के संस्थापक है।