मोटापे के कारण एयर इंडिया ने 57 क्रू मेंबर्स को उड़ान भरने से रोका
सार्वजनिक विमानन कंपनी एयर इंडिया ने वजन अधिक होने के कारण 57 क्रू मेंबर्स को उड़ान की ड्यूटी से तात्कालिक तौर पर हटा दिया है। कंपनी के सूत्रों ने बताया कि इन क्रू मेंबर्स में एयर होस्टेस भी शामिल हैं और इन्हें तय अवधि के भीतर वजन कम करने के लिए कहा गया है।
ऐसा नहीं कर पाने की दशा में उन्हें स्थाई तौर पर ग्राउंड ड्यूटी में ही लगा दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि एयर इंडिया में 3800 से अधिक क्रू मेंबर्स हैं जिनमें 2500 से अधिक महिलाएं हैं। सभी क्रू मेंबर्स में से करीब 2200 लोग स्थाई नौकरी पर हैं।
कंपनी ने कहा कम करो वजन वरना करो ग्राउंड ड्यूटी
विमानन नियामक डीजीसीए के अनुसार क्रू मेंबर्स को नियमित चिकित्सकीय जांच में फिट, टेंपररी अनफिट और परमानेंट अनफिट प्रमाणित किया जाता है। इन्हीं जांच में इन क्रू मेंबर्स का वजन अधिक पाया गया जिसके बाद उन्हें तय समय के भीतर वजन कम करने के निर्देश दिया गया।
इन्हें पिछले महीने उड़ान की सेवाओं से हटाकर ग्राउंड ड्यूटी पर लगा दिया गया है। पिछले डेढ़ साल के भीतर यह दूसरा मौका है जब एयर इंडिया ने इस तरह का कदम उठाया है।
इससे पहले सितंबर 2015 में भी कंपनी ने अधिक वजन के कारण 125 कर्मचारियों को उड़ान की ड्यूटी से हटा दिया था।