वीजी सिद्धार्थ की पत्नी संभाल सकती हैं CCD की कमान, पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा की हैं बेटी
- वीजी सिद्धार्थ की मौत के बाद उनकी पत्नी मालविका कंपनी की कमान संभाल सकती हैं
- मालविका पहले से ही कैफे कॉफी डे के बोर्ड में शामिल हैं
- एसवी रंगनाथ कंपनी के अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं
विस्तार
कैफे कॉफी डे (सीसीडी) के संस्थापक वीजी सिद्धार्थ की मौत के बाद अब खबर आई है कि उनकी पत्नी मालविका कंपनी की कमान संभाल सकती हैं। बता दें कि मालविका पहले से ही कंपनी बोर्ड में शामिल हैं। हाल ही में कॉफी डे एंटरप्राइजेज ने एसवी रंगनाथ को कंपनी का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया था।
द हिन्दू की खबर के अनुसार मालविका कैफे कॉफी डे में वीजी सिद्धार्थ की जगह ले सकती हैं। सिद्धार्थ की मौत के बाद उनका पूरा परिवार सदमे में है। इसलिए अभी कुछ समय के लिए उनका सीसीडी संभालना मुश्किल होगा।
कौन हैं मालविका ?
मालविका कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के पूर्व विदेश मंत्री एसएम कृष्णा की बेटी हैं। उन्होंने बेंगलुरू यूनिवर्सिटी से इंजीनियरिंग की पढ़ाई की है।
सामने आई थी कोका-कोला की हिस्सेदारी खरीदने की बात
इससे पहले खबर आई थी कि कोका-कोला कैफे कॉफी डे में हिस्सेदारी खरीद सकती है। इस संदर्भ में दो अधिकारियों ने कहा था कि कोका-कोला कैफे सेगमेंट में अपनी जगह और मजबूत बनाना चाहती है। मामला अटलांटा में कोका-कोला के मुख्यालय से देखा जा रहा है। तक कहा गया था कि कोका-कोला की ग्लोबल टीम के अधिकारी सीसीडी के मैनेजमेंट से बातचीत कर रहे हैं। अब टाटा ग्लोबल बेवरेज और जुबलिएंट फूडवर्क्स द्वारा भी कंपनी में हिस्सेदारी खरीदने की चर्चा चल रही है।
सिद्धार्थ की मौत पर वित्त मंत्री ने दिया था बयान
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने वीजी सिद्धार्थ की मौत पर कहा था कि कारोबारी विफलता को बुरी नजर से नहीं देखा जाना चाहिए। सरकार ऐसा माहौल बनाना चाहती है जिसमें कारोबारी विफलता अभिशाप न बने। इस संदर्भ में आईबीसी कोड की अहम भूमिका हो सकती है, ताकि कारोबारी के लिए सम्मानजनक ढंग से बाहर निकल सके और नए हिस्सेदार के आने का रास्ता खुले। साथ ही कंपनी बंद न हो और कर्मचारियों के लिए नौकरी खोने का खतरा भी न हो।
आठ अगस्त को होगी बैठक
आठ अगस्त को सीसीडी के निदेशक मंडल की बैठक होगी। एसवी रंगनाथ कंपनी के अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किए गए हैं। वहीं नितिन बग्माने को अंतरिम सीओओ (चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर) नियुक्त किया गया है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला Hindi News APP अपने मोबाइल पर।