तिमाही नतीजे: पिछले साल के मुकाबले इस साल 28 फीसदी कम हुआ अमेजन का मुनाफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन ( Amazon ) ने जुलाई-सितंबर तिमाही नतीजे घोषित कर दिए हैं। पिछले साल के मुकाबले इस साल कंपनी के मुनाफे में 28 फीसदी की गिरावट आई है। इस दौरान अमेजन को 14,910 करोड़ रुपये यानी 2.1 अरब डॉलर का मुनाफा हुआ है।
इसलिए कम हुआ मुनाफा
दरअसल, ऑर्डर डिलीवरी में तेजी लाने के लिए अमेजन ने भारी निवेश किया है, जिसकी वजह से मुनाफे में कमी देखने को मिली। अमेजन ने अपने प्राइम मेंबर्स के लिए एक बड़ा एलान किया था। अमेजन ने प्राइम मेंबर्स के लिए दो दिन के बजाय सिर्फ एक ही दिन में डिलीवरी मिलने का एलान किया था। इससे पहले कंपनी ग्राहकों को दो दिन में डिलीवरी देती थी। इससे कंपनी के शिपिंग खर्च में बढ़ोतरी हुई है। इस संदर्भ में कंपनी के सीईओ जेफ बेजोस ने कहा है कि लंबी अवधि के लिए निवेश फायदेमंद होगा। ग्राहक दो दिन के बजाय एक दिन में डिलीवरी की सुविधा को पसंद कर रहे हैं।
इतना बढ़ा शिपिंग खर्च
डिलीवरी के इस एलान के बाद अमेजन का शिपिंग खर्च काफी बढ़ा है। सितंबर तिमाही में कंपनी का शिपिंग खर्च 46 फीसदी बढ़कर 68,160 करोड़ रुपये यानी 9.6 अरब डॉलर रहा।
बिक्री में इजाफा
हालांकि एक दिन में डिलीवरी मिलने के एलान से कंपनी के बिक्री में इजाफा भी हुआ है। इससे कंपनी का रेवेन्यू 24 फीसदी बढ़ा है। सितंबर तिमाही में यह 4.97 लाख करोड़ रुपये यानी 70 अरब डॉलर रहा। जबकि पिछले साल सितंबर में यह 56.6 अरब डॉलर था।
अक्तूबर-दिसंबर में इतने मुनाफे की उम्मीद
अक्तूबर-दिसंबर तिमाही में कंपनी को 80 अरब से 86.5 अरब डॉलर के रेवेन्यू और 1.2 अरब डॉलर से 2.9 अरब डॉलर के मुनाफे की उम्मीद है।
मुनाफे में प्रमुख हिस्सेदारी वाली वेब सर्विस (एडब्ल्यूएस) से कंपनी को 63,900 करोड़ रुपये यानी नौ अरब डॉलर का रेवेन्यू मिला है, जो पिछले साल की सितंबर तिमाही के मुकाबले 35 फीसदी ज्यादा है।