अडाणी एंटरप्राइजेज ने की अडाणीकनेक्स की शुरुआत, बनेगा हाइपरस्केल डाटा सेंटर्स का नेटवर्क
डिजिटल इंडिया को सशक्त बनाने के लिए अडाणी एंटरप्राइजेज और एजकनेक्स ने संयुक्त उपक्रम के अंतर्गत एक नए डाटा सेंटर, अडाणीकनेक्स की शुरुआत की। यह संयुक्त उपक्रम अगले दशक के दौरान एक गीगावाट डाटा सेंटर क्षमता विकसित करेगा। संयुक्त उपक्रम नोएडा, चेन्नई, नवी मुंबई, विशाखापट्टनम और हैदराबाद के बाजारों से शुरू होकर भारत में हाइपरस्केल डाटा सेंटर्स का नेटवर्क बनाने पर ध्यान केंद्रित करेगा। इन स्थलों पर विकास और निर्माण शुरू हो चुका है। अडाणीकनेक्स हाइपरस्केल कैम्पस से लेकर हाइपरलोकल एज सुविधाओं तक पूरे भारत में डाटा सेंटर सॉल्यूशन उपलब्ध कराने के लिए एजकनेक्स की वैश्विक विशेषज्ञता का लाभ उठाएगा।
फुल-स्टैक ऊर्जा प्रबंधन, रिन्यूएबल एनर्जी, रियल इस्टेट और बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के प्रबंधन के अनुभव में अडाणी की विशेषज्ञता का लाभ उठाते हुए, संयुक्त उपक्रम उच्च गुणवत्ता वाले, सस्टेनेबल डाटा सेंटर सॉल्यूशंस प्रदान करेगा। 30 से अधिक बाजारों में 50 कार्यस्थलों सहित, टेक्नोलॉजी संचालित प्रमुख वैश्विक डाटा सेंटर प्रदाता के रूप में, एजकनेक्स, दुनिया भर में तेजी से बन रहे और संचालित हो रहे डाटा सेंटर को अपनी विशेषज्ञता प्रदान करेगा।
भारत के सबसे बड़े मल्टी-इंफ्रास्ट्रक्चर संगठनों में से एक, अडाणी ग्रुप की प्रमुख कंपनी, अडाणी एंटरप्राइजेज, और विश्व के 30 वैश्विक बाजारों में 50 कार्यस्थलों वाले प्रमुख वैश्विक डाटा सेंटर ऑपरेटर, एजकनेक्स ने आज 50:50 संयुक्त उपक्रम के स्थापना की घोषणा की। दोनों भागीदारों की पूरक विशेषज्ञता और क्षमताओं का लाभ उठाते हुए, संयुक्त उपक्रम पूरे भारत में डाटा सेंटर्स का विकास और संचालन करेगा। उच्च गुणवत्ता और विश्वसनीय आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर की तेजी से बढ़ती आवश्यकता को पूरा करने के लिए, दोनों कंपनियां भारत के प्रमुख ग्रीन डाटा सेंटर प्लेटफॉर्म के निर्माण के लिए अगले दशक के दौरान संयुक्त उपक्रम में महत्वपूर्ण पूंजी निवेश करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
एज डाटा सेंटर्स का एक पोर्टफोलियो विकसित करेगा अडाणीकनेक्स
फुल स्केल डाटा सेंटर्स के अलावा, अडाणीकनेक्स पूरे भारत में रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्थानों पर एज डाटा सेंटर्स का एक पोर्टफोलियो विकसित करेगा जो अधिक अनुमानित क्षमता की आवश्यकता को पूरा करने में मदद करेगा। इन एज कार्यस्थलों को मांग के अनुरूप आसानी से स्केल करने, तथा फुल स्केल डाटा सेंटर कैम्पस बनने के लिए डिजाइन किया गया है और इनकी योजना बनाई गई है। महत्वपूर्ण बात यह है कि हाइपरस्केल और हाइपरलोकल डाटा सेंटर्स का यह अखिल भारतीय प्लेटफॉर्म काफी हद तक रिन्यूएबल एनर्जी से संचालित होगा।
दुनिया के कुछ सबसे बड़े और सबसे अधिक मांग वाले सेवा प्रदाताओं के डाटा सेंटर सॉल्यूशंस के विश्वसनीय प्रदाता के रूप में, एजकनेक्स इस उपक्रम के लिए व्यापक डाटा सेंटर विशेषज्ञता और उद्योग की अग्रणी टेक्नोलॉजी सॉल्यूशंस उपलब्ध करायेगा। एजकनेक्स के सीईओ रैंडी ब्रूकमैन ने कहा कि 'अडाणी के रूप में हमारे पास भारत में आदर्श साझेदार मिला है। भारत में महत्वपूर्ण डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर के निर्माण के लिए आवश्यक क्षमताओं और अद्वितीय विशेषज्ञता का होना आवश्यक है जो पूरे देश में हमारे ग्राहकों का सर्वोत्तम सेवा प्रदान करने में सक्षम हो। हम भारत की डिजिटल अर्थव्यवस्था में निवेश करने और अडाणी के सहयोग से पूरे क्षेत्र में अपने ग्राहकों की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार हैं।'
इस साझेदारी से फुल-स्टैक ऊर्जा प्रबंधन, रिन्यूएबल एनर्जी और रियल इस्टेट के विकास में अडाणी की विशेषज्ञता का लाभ उठाने के साथ-साथ पूरे भारत में बड़ी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं के निर्माण और प्रबंधन में इसके अनुभव का लाभ मिलेगा।
डाटा की खपत में लगातार हो रही है वृद्धि- गौतम अडाणी
अडाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अडाणी ने कहा कि 'हमारे माननीय प्रधानमंत्री के डिजिटल इंडिया विजन की सबसे अच्छी अभिव्यक्तियों में से एक अभिव्यक्ति गति है जिसके कारण पूरी भारतीय आबादी ऑनलाइन हो गई है और जिससे डाटा की खपत में लगातार वृद्धि हुई है। वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी डाटा ग्राहक आबादी भारत में है और क्लाउड, कंटेंट, नेटवर्क, आईओटी, 5जी, एआई तथा उपक्रम संबंधी आवश्यकताओं के समर्थन में विश्वसनीय इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता को पूरा करने के लिए, डाटा संटर राष्ट्र की बुनियादी इंफ्रास्ट्रक्चर आवश्यकता है। अडाणी ग्रुप हरित शक्ति, रियल इस्टेट विशेषज्ञता, समुद के नीचे केबल लैंडिंग स्टेशनों तक पहुंच और एज लोकेशंनों के रूप में काम करने वाले देश भर में कई नोड्स का एक अनूठा संयोजन प्रदान करते हैं। डाटा सेंटर व्यवसाय में एजकनेक्स की डोमेन विशेषज्ञता और अत्याधुनिक तकनीक के अलावा, संयुक्त उपक्रम को जो तेजी और चुस्ती वे प्रदान करते हैं, उससे हम बहुत प्रभावित हुए हैं।'