Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Will Government Impose a 20% Duty on Rice Exports? Preparing to Curb Rising Prices, What Are the Challenges?

चावल के निर्यात पर 20% शुल्क लगाएगी सरकार?: बढ़ती कीमतों पर लगाम लगाने की तैयारी, क्या-क्या चुनौतियां?

Mon, 23 Nov 2026 09:51 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Mon, 23 Nov 2026 09:51 PM IST
सार

भारत में चावल की कुछ किस्मों की कीमतें बढ़ने के बाद केंद्र सरकार उनके निर्यात पर करीब 20 प्रतिशत शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इसका मकसद घरेलू बाजार में आपूर्ति बढ़ाना और उद्योगों को राहत देना है। लेकिन क्या इससे आम लोगों को सस्ता चावल मिलेगा? क्या भारतीय निर्यात घटने से थाईलैंड और वियतनाम को फायदा होगा? जब सरकारी भंडार में रिकॉर्ड चावल है, तो शुल्क लगाने की जरूरत क्यों पड़ रही है? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
Will Government Impose a 20% Duty on Rice Exports? Preparing to Curb Rising Prices, What Are the Challenges?
किन उद्योगों पर पड़ा है चावल की बढ़ती कीमतों का असर? - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत में चावल की कुछ किस्मों की कीमतों में तेजी से हो रही बढ़ोतरी ने सरकार की चिंता बढ़ा दी है। घरेलू बाजार में चावल की उपलब्धता बनाए रखने और आम उपभोक्ताओं के साथ-साथ उद्योगों को राहत देने के लिए केंद्र सरकार कुछ किस्मों के निर्यात पर शुल्क लगाने पर विचार कर रही है। इस प्रस्ताव के तहत कुछ चावल की किस्मों पर करीब 20 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाया जा सकता है। हालांकि, अभी इस पर अंतिम फैसला नहीं हुआ है। सरकार संबंधित मंत्रालयों के साथ चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लेगी।

विज्ञापन


क्या कुछ किस्मों के निर्यात पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने की तैयारी है?
सरकारी और उद्योग जगत से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, सरकार खासतौर पर 100 प्रतिशत टूटे चावल और कुछ प्रीमियम गैर-बासमती चावल के निर्यात पर रोक लगाने या शुल्क लगाने के विकल्पों पर विचार कर रही है। दक्षिण भारत के कुछ राज्यों में प्रीमियम गैर-बासमती चावल की उपलब्धता कम बताई जा रही है। वहीं, 100 प्रतिशत टूटे चावल की मांग बढ़ने के कारण इसकी कीमतों में भी तेज उछाल आया है। सरकार का मानना है कि निर्यात पर शुल्क लगाने से कारोबारियों के लिए विदेश में चावल बेचना महंगा हो सकता है। ऐसे में वे घरेलू बाजार में ज्यादा चावल बेचने के लिए प्रेरित हो सकते हैं। इससे देश के भीतर आपूर्ति बढ़ाने और कीमतों पर दबाव कम करने में मदद मिल सकती है। एक सरकारी अधिकारी के मुताबिक, सरकार घरेलू उद्योगों को समर्थन देने और निर्यात सीमित करने के उपायों पर विचार कर रही है।
विज्ञापन


किन उद्योगों पर पड़ा है चावल की बढ़ती कीमतों का असर?
टूटे चावल की कीमतों में तेजी का सबसे ज्यादा असर मुर्गी पालन और पशुओं के चारे से जुड़े उद्योगों पर पड़ा है। इन उद्योगों में टूटे चावल का इस्तेमाल किया जाता है। कीमतें बढ़ने से इनका उत्पादन खर्च भी बढ़ रहा है। एक सरकारी अधिकारी के अनुसार, इन उद्योगों ने सरकार से चावल के निर्यात को सीमित करने की मांग की है। सरकार के सामने चुनौती यह है कि घरेलू बाजार में चावल की आपूर्ति और कीमतों को संभाला जाए, लेकिन निर्यात कारोबार को भी अचानक नुकसान न पहुंचे। इसी वजह से सभी किस्मों पर एक साथ रोक लगाने के बजाय चुनिंदा किस्मों पर शुल्क लगाने के विकल्प पर विचार किया जा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या भारतीय चावल के निर्यात पर शुल्क लगाने से दूसरे देशों को फायदा होगा?

  • भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है और अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारतीय चावल की कीमत कई प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम है।
  • थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे निर्यातक देश भारतीय चावल की कम कीमतों के कारण प्रतिस्पर्धा में मुश्किल महसूस कर रहे हैं।
  • भारत अगर कुछ किस्मों पर करीब 20 प्रतिशत निर्यात शुल्क लगाता है तो विदेशी खरीदारों के लिए भारतीय चावल महंगा हो सकता है।
  • इससे थाईलैंड, वियतनाम और म्यांमार जैसे देशों को अपना चावल बेचने का बेहतर मौका मिल सकता है।


हालांकि, नई दिल्ली के एक अंतरराष्ट्रीय व्यापार कंपनी से जुड़े कारोबारी का कहना है कि शुल्क लगने से भारतीय निर्यात धीमा जरूर हो सकता है, लेकिन पूरी तरह बंद होने की आशंका कम है। इसकी वजह भारतीय चावल की कीमतों में बनी प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त है।



चावल का सरकारी भंडार कितना है और निर्यातक क्या कह रहे हैं?
छत्तीसगढ़ के रायपुर के चावल निर्यातक मुकेश जैन के मुताबिक, कुछ प्रीमियम गैर-बासमती किस्मों की कीमतें बढ़ी हैं, लेकिन दूसरी किस्मों के दाम में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है। उनका कहना है कि देश में चावल की उपलब्धता मांग के मुकाबले पर्याप्त है। सरकारी आंकड़ों के अनुसार, एक नवंबर तक राज्यों के पास चावल और बिना कुटाई वाले धान का कुल भंडार 5.53 करोड़ मीट्रिक टन था। यह सरकार के तय लक्ष्य से करीब चार गुना अधिक है। जैन ने निर्यात पर रोक लगाने की जरूरत से इनकार किया है। उनका कहना है कि निर्यात जारी रहना चाहिए, ताकि नए धान की फसल के लिए गोदामों में जगह बनाई जा सके। ऐसे में सरकार के सामने घरेलू कीमतों को नियंत्रित करने और निर्यात कारोबार को बनाए रखने के बीच संतुलन बनाने की चुनौती है। फिलहाल 20 प्रतिशत शुल्क का प्रस्ताव विचाराधीन है और अंतिम फैसला संबंधित मंत्रालयों से बातचीत के बाद लिया जाएगा।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed