Salt Bae: तुर्की के शेफ ने साझा किया 1.36 करोड़ रुपये का रेस्तरां बिल; लोग भड़के, बोले- ‘ये तो पागलपन है’
Salt Bae: बाए ने अबु धाबी के अल मरयाह आईलैंड के द गैलेरिया स्थित अपने रेस्तरां के बिल को सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह बिल भारतीय मुद्रा में करीब 1.36 करोड़ यानी एक करोड़ 36 लाख रुपये का है। यह बिल 17 नवंबर 2017 का है।
विस्तार
तर्की के मशहूर नुस्र एट गोक्सी उर्फ साॅल्ट बाए ने सोशल मीडिया पर अबु धाबी के एक रेस्तरां का बिल साझा किया है। बिल की राशि देखकर लोग भैचक्के रह गए हैं। सॉल्ट बाए ने जिस भोजन के बिल को साझा किया है उसकी देय राशि भारतीय रुपयों में करीब 1.36 करोड़ रुपये है। सॉल्ट बाए इससे पहले वर्ष 2017 में सोशल मीडिया पर एक मीम के वायरल होने के बाद चर्चा में आए थे। अपने व्यंजनों में एक खास तरीके से नमक की सीजनिंग करने की विशेषज्ञता के चलते वे रातोंरात सोशल मीडिया पर मशहूर हो गए थे। वर्तमान में वे दुनिया के सभी प्रमुख शहरों में रेस्तरां की एक चेन के मालिक हैं। वर्ष 2021 में लंदन स्थित उनके रेस्तरा के महंगे मेनू प्राइस के बारे में जानकर लोग चकित रह गए थे। उनके अबु धाबी स्थित रेस्तरां की कीमतें भी अलग नहीं हैं।
बाए ने अबु धाबी के अल मरयाह आईलैंड के द गैलेरिया स्थित अपने रेस्तरां के बिल को सोशल मीडिया पर साझा किया है। यह बिल अबुधाबी की मुद्रा में 6,15,065 एईडी का है, भारतीय मुद्रा में यह राशि करीब 1.36 करोड़ यानी एक करोड़ 36 लाख रुपये होती है। यह बिल 17 नवंबर 2017 का है। भोजन के इस बिल में जिन महंगी चीजों का जिक्र है उनमें महंगी शराब बोरदेयॉक्स, बकलावा और सिग्नेचर गोल्ड प्लेटेड इस्तांबुल स्टिक शामिल है। सॉल्ट बाए ने बिल की तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए लिखा, ‘Quality never expensive’ (गुणवत्तापूर्ण चीजें कभी महंगी नहीं होती)।
सॉल्ट बाए के रेस्तरा के इस महंगे बिल को देखकर सोशल मीडिया पर लोग चौंक गए। एक यूजर ने इसे देखकर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘मुर्खतापूर्ण है, इतनी राशि से एक पूरे गांव के लोगों को भूख से मरने से बचाया जा सकता है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘उम्मीद है आप अपने कर्मचारियों को भी उसी अनुपात में सैलरी देते होंगे’। एक यूजर ने इस महंगी बिल पर प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘इससे कोई मतलब नहीं है कि मैं कितना अमीर हूं, पर मैं इस तरह के पागलपन का समर्थन नहीं कर सकता।’ एक अन्य यूजर ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा, ‘यह साफ तौर पर मुर्खतापूर्ण और दिन के उजाले में की गई लूट है। आपकी 1.36 करोड़ रुपये के खाने के बिल पर क्या राय है? सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए जरूर लिखें।