Sensex Closing Bell: लगातार तीसरे दिन लाल निशान पर बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 208 अंक टूटा, निफ्टी 18642 पर
Share Market Update: मंगलवार के दिन सेंसेक्स 208 अंकों की गिरावट के साथ 62626 अंकों पर बंद हुआ। मंगलवार के कारोबारी सेशन में आईटी, फार्मा, मीडिया और मेटल सेक्टर के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर, हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन निफ्टी भी 58 अंक टूटकर 18642 अंकों पर बंद हुआ।
विस्तार
भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट देखने को मिली। इस दौरान सेंसेक्स 208 अंकों की गिरावट के साथ 62626 अंकों पर बंद हुआ। मंगलवार के कारोबारी सेशन में आईटी, फार्मा, मीडिया और मेटल सेक्टर के शेयरों में कमजोरी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर, हफ्ते के दूसरे कारोबारी दिन निफ्टी भी 58 अंक टूटकर 18642 अंकों पर बंद हुआ। बैंक निफ्टी तेजी के साथ 43138 के लेवल पर बंद हुआ। अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 76 पैसे टूटकर 82.61 (अस्थाई) पर बंद हुआ।
क्रेडिट पॉलिसी की घोषणा की पूर्व संध्या पर बाजार में बिकवाली
कोटक सिक्योरिटीज के इक्विटी रिसर्च हेड श्रीकांत चौहान का कहना है कि आरबीआई की क्रेडिट पॉलिसी की घोषणा की पूर्व संध्या पर निवेशकों ने बैंकिंग, ऑटोमोबाइल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों बिकवाली की क्योंकि पूरे कारोबारी सेशन में बाजार में मंदी आशंका हावी रही। उनके अनुसार बीते सत्रों में हमने देखा है कि निवेशक किसी महत्वपूर्ण घटना से पहले सतर्क हो जाते हैं और किसी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए कुछ मुनाफावसूली करते हैं। ऐसे में अगर आरबीआई की ओर से की गई दर वृद्धि बाजार की अपेक्षाओं से अधिक होती है, तो निवेशक पैनिक बटन दबा सकते हैं, जिससे बिकवाली का दबाव बढ़ सकता है।
मंगलवार को रुपया कमजोर होकर फिर 82 के पार पहुंचा
मंगलवार के दिन भारतीय मुद्रा बाजार में भी भारी गतिविधि देखी गई क्योंकि रुपये ने 82 का आंकड़ा पार कर लिया है। ऐसा होने से विदेशी निवेशकों की स्थानीय इक्विटी में अपनी स्थिति की कटौती की चिंता बढ़ गई। वर्तमान में, बाजार 10-दिवसीय एसएमए (सिंपल मूविंग एवरेज) के पास कारोबार कर रहा है, जो निकट भविष्य में ट्रेंड रिवर्सल की प्रबल संभावना का संकेत देता है। कारोबारियों के लिए 18700 के लेवील पर नजर रखना प्रमुख स्तर होगा, क्योंकि इससे ऊपर हम 18800-18850 तक एक नई तेजी देख सकते हैं। दूसरी तरफ बिकवाली का दबाव 18600 का स्तर टूटने के बाद ही संभव है और इससे नीचे सूचकांक 18500-18480 तक फिसल सकता है।