Tesla: ₹13 लाख करोड़ गंवा एक दिन में सर्वाधिक घाटा झेलने वाली कंपनियों में शामिल हुई टेस्ला, जानें सबकुछ
Tesla Market Cap Loss: मार्केट कैप में 13 लाख करोड़ रुपये गंवाकर एलन मस्क की कंपनी टेस्ला एक दिन में सबसे ज्यादा नुकसान वाली टॉप पांच कंपनियों में शामिल हो गई है। कंपनी ने 2025 में अपने बाजार मूल्य का करीब 29 फीसदी से अधिक गंवा दिया है। आइए इसके बारे में विस्तार से जानें।
विस्तार
मार्केट कैप में 13 लाख करोड़ रुपये गंवाकर एलन मस्क की कंपनी टेस्ला अमेरिकी बाजार में एक दिन में सबसे ज्यादा नुकसान वाली टॉप पांच कंपनियों में शामिल हो गई है। कंपनी ने 2025 में अपने बाजार मूल्य का करीब 29 फीसदी से अधिक गंवा दिया है। भारतीय रुपयों में इसकी गणना करें तो यह राशि करीब 32 लाख करोड़ रुपये के आसपास होगी।
गुरुवार को टेस्ला के मार्केट कैप में लगा 13 लाख करोड़ रुपये का चूना
राष्ट्रपति ट्रंप और टेस्ला के सीईओ एलन मस्क के बीच बढ़ते विवाद के बाद गुरुवार को टेस्ला के मार्केट कैप में करीब 152.4 बिलियन डॉलर (12,92,000 करोड़ रुपये) की गिरावट आई। डॉव जोन्स के मार्केट डेटा के अनुसार रिकॉर्ड पर यह एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है। टेस्ला ने पिछले पांच सत्रों में बाजार मूल्य में लगभग 237.2 अरब डॉलर गंवा दिए हैं। 2 जनवरी के बाद से कंपनी के शेयरों में यह पांच दिनों की सबसे खराब गिरावट है। गुरुवार के सत्र के दौरान 276 मिलियन से अधिक टेस्ला शेयरों की खरीदारी-बिकवाली हुई जो जनवरी 2023 के बाद से सबसे अधिक है।
ये भी पढ़ें: Big Beautiful Bill: भारतीयों को कैसे प्रभावित करेगा ट्रंप का 'बिग ब्यूटीफुल बिल'; जिस पर मस्क से विवाद, जानें
2025 में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला लार्जकैप स्टॉक बना टेस्ला
टेस्ला वर्ष 2025 में सबसे खराब प्रदर्शन करने वाला लार्जकैप स्टॉक भी बन गया है। टेस्ला के शेयरों में गिरावट से जनवरी से अब तक, एलन मस्क को करीब 380 अरब डॉलर (करीब 32 लाख करोड़ रुपये) का नुकसान उठाना पड़ा है। टेस्ला का बाजार पूंजीकरण 2025 में अब तक 29.3% गिरकर 917 बिलियन डॉलर रह गया है। यह दुनिया की बड़ी कम्पनियों में एक दिन की पांचवीं सबसे बड़ी गिरावट है।
ये भी पढ़ें: Elon Musk: ट्रंप से तनातनी के बाद मस्क को उठाना पड़ा भारी नुकसान, 380 अरब डॉलर गंवाए
आइए जानें एक दिन की पांच सबसे बड़ी गिरावट के बारे में
अमेरिकी शेयर बाजार में अब तक की सबसे बड़ी गिरावट की बात करें तो टॉप पर मार्क जुकरबर्ग की कंपनी मेटा का नाम है। कंपनी के शेयरों में 03 फरवरी 2022 के दिन 232 अरब डॉलर की गिरावट दर्ज की गई थी। रुपयों में इसकी गणना करें तो यह राशि करीब 19 लाख 72 हजार करोड़ रुपये के आसपास होगी। एक दिन में सबसे बड़ी गिरावट का दंश झेलनी वाली कंपनियों में दूसरे नंबर में कभी दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी रही एपल का नाम है। 3 सितंबर 2020 को कंपनी के शेयरों में गिरावट के कारण इसका मार्केट कैप एक ही दिन में करीब 182 अरब डॉलर कम हो गया। यह राशि भारतीय रुपय में 15 लाख 47 हजार करोड़ रुपये है। एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट के मामले में तीसरे नंबर पर माइक्रोसॉफ्ट और चौथे नंबर पर एपल का नाम है।
ये भी पढ़ें: Mukesh Ambani: मुकेश अंबानी ने आईसीटी को दान किए 151 करोड़; 1970 के दशक में यहीं से की थी स्नातक की पढ़ाई
सबसे बड़ी गिरावट झेलने वाली टॉप पांच कंपनियों में टेस्ला
कोरोनाकाल में 16 मार्च 2020 के दिन अमेरिकी शेयर बाजार में हुई भारी गिरावट के बीच दोनों कंपनियों का बाजार मूल्य क्रमश: 178 अरब डॉलर (15 लाख 13 हजार करोड़ रुपये) और 156 अरब डॉलर (13 लाख 26 हजार करोड़ रुपये) कम हो गया था। इसके बाद, एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट करने वाली कंपनियों की लिस्ट में पांचवें नंबर पर अब टेस्ला का नाम दर्ज हो गया है। 6 जून 2025 को कंपनी के शेयरों में करीब 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। इससे कंपनी का मार्केट कैप करीब 152 अरब डॉलर कम हो गया। रुपये में यह राशि करीब 12 लाख 92 हजार करोड़ रुपये होगी।
ये भी पढ़ें: Gaza Biscuit Cost: भारतीय बाजार में कीमत ₹5, गाजा में इसी बिस्कुट के दाम 2400; वायरल हुई बेटी के पिता की पोस्ट
मस्क-ट्रंप के बीच तनातनी से टेस्ला के शेयरों के बारे में बढ़ी अनिश्चितता
टेस्ला के शेयरों में हालिया गिरावट के कारण इलेक्ट्रिक वाहनों की मांग में नरमी, सीईओ एलन मस्क की राजनीतिक पारी व उससे जुड़े विवाद और अब सीधे राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनका सार्वजनिक मंच पर झगड़ा रहे हैं। टेस्ला के शेयरों में गुरुवार को भारी गिरावट उस समय आई, जब ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर एलन मस्क की कंपनियों के साथ सरकारी अनुबंधों को समाप्त करने की धमकी दी। इसके बाद मस्क ने अपने एक्स सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर राष्ट्रपति के हस्ताक्षर वाले कर और व्यय विधेयक की तीखी आलोचना की।