2008 के बाद पहली बार घटी विश्व भर में स्मार्टफोन की बिक्री, 5जी पर टिकी आसः रिपोर्ट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
स्मार्टफोन की वैश्विक बिक्री में पिछले साल दो फीसदी की गिरावट आई है। 2008 के बाद पहली बार स्मार्टफोन बिक्री घटी है। रिसर्च एवं एडवाइजरी कंपनी गार्टनर की रिपोर्ट में कहा गया है कि अत्यधिक आपूर्ति के कारण 2019 स्मार्टफोन विक्रेताओं के लिए चुनौतीभरा साल रहा था। हालांकि, 2020 में दुनियाभर में 1.57 अरब स्मार्टफोन बिकने की उम्मीद है। यह आंकड़ा 2019 के मुकाबले तीन फीसदी अधिक है।
गार्टनर में उपाध्यक्ष (रिसर्च) एनेट जिमरमैन ने कहा कि 2020 में 5जी फोन का व्यावसायिकरण तेज होगा। 300 डॉलर (21,400 रुपये) से कम कीमत वाले 5जी स्मार्टफोन की घोषणा की जाएगी। ऐसे में उम्मीद है कि 12 महीने के समय में 5जी स्मार्टफोन की बिक्री में वृद्धि 4जी स्मार्टफोन से ज्यादा हो जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि 2020 में स्मार्टफोन की बिक्री के मामले में ग्रेटर चीन और उभरता हुआ एशिया/पैसिफिक बाजार अपना पहला और दूसरा स्थान बनाए रखेंगे। इन क्षेत्रों में इनकी बिक्री क्रमश: 43.23 करोड़ और 37.68 करोड़ रहेगी।
5जी सेवाएं शुरू होने पर आएगी तेजी
रिपोर्ट में कहा गया है कि 2020 में अधिक देशों में 5जी की सेवाएं शुरू होने के बाद उम्मीद है कि स्मार्टफोन बाजार में फिर से तेजी आएगी। ऐसे में जिन ग्राहकों ने अभी तक स्मार्टफोन नहीं खरीदा है, वे 2020 में इसकी कीमतें घटने का इंतजार कर रहे हैं। गार्टनर का अनुमान है कि 2020 में 5जी स्मार्टफोन की बिक्री 22.1 करोड़ होगी। यह कुल मोबाइल फोन की बिक्री का 12 फीसदी होगा और 2021 में यह बिक्री दोगुने से भी ज्यादा होकर 48.9 करोड़ इकाई होगी।