Sensex Closing Bell: लगातार पांचवें दिन हरे निशान पर बंद हुआ सेंसेक्स, 900 अंक चढ़ा, निफ्टी 243 अंक ऊपर
Sensex Closing Bell: शुक्रवार को सेंसेक्स 909.64 अंकों की बढ़त के साथ 60,841.88 अंकों के लेवल पर बंद हुआ।निफ्टी 243.65 अंकों की बढ़त के साथ 17,854.05 के स्तर पर बंद हुआ जबकि निफ्टी बैंक 830 अंक मजबूत होकर 41,500 के लेवल पर बंद हुआ।
विस्तार
लगातार पांचवें दिन घरेलू शेयर बाजार का सेंसेक्स इंडेक्स हरे निशान पर बंद हुआ। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को सेंसेक्स 909.64 अंकों की बढ़त के साथ 60,841.88 अंकों के लेवल पर बंद हुआ।निफ्टी 243.65 अंकों की बढ़त के साथ 17,854.05 के स्तर पर बंद हुआ जबकि निफ्टी बैंक 830 अंक मजबूत होकर 41,500 के लेवल पर बंद हुआ। टाइटन और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में क्रमशः सात प्रतिशत और छह प्रतिशत की तेजी देखने को मिली।
शुक्रवार को बाजार में कारोबार बंद होते समय सेंसेक्स के 30 शेयरों का हाल
निचले स्तरों से अदाणी समूह के शेयरों में दिखी खरीदारी
शुक्रवार को अदाणी एंटरप्राइजेज के शेयरों में निचले स्तरों से 55 फीसदी से अधिक की बढ़ोतरी हुई। इसके शेयर 1586 रुपये के स्तर पर बंद हुए। दिसंबर तिमाही के मजबूत नतीजों के बाद टाइटन के शेयरों में सात फीसदी की मजबूती दर्ज की गई। बजाज फाइनेंस और बजाज फाइनेंशियल सर्विसेज के शेयरों में भी पांच-पांच प्रतिशत की बढ़त देखने को मिली। एचडीएफसी बैंक के शेयर 3.5 फीसदी मजबूत हुए।
शुक्रवार को निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स और टॉप लूजर्स शेयर
एसबीआई ने दिसंबर तिमाही के परिणाम जारी किए, एनआईआई 24 फीसदी बढ़ा
इस बीच भारतीय स्टेट बैंक ने दिसंबर तिमाही का रिजल्ट जारी किया है। इसके अनुसार बैंक का कुल मुनाफा 14205 करोड़ रहा। मुनाफे में सालाना आधार पर 68.5 फीसदी की वृद्धि हुई है। बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 24.1 फीसदी बढ़कर 38068 करोड़ हो गई है। शुक्रवार के कारोबारी सेशन के दौरान रुपया डॉलर के मुकाबले 34 पैसे की मजबूती के साथ 81.86 रुपये के लेवल पर बंद हुआ।
वोडाफोन-आइडिया के 16,133 करोड़ रुपये के बकाए को इक्विटी में बदलने को सरकार ने दी मंजूरी
सरकार ने कर्ज के बोझ से दबी वोडाफोन-आइडिया के 16,133 करोड़ रुपये से अधिक के ब्याज के बकाये को इक्विटी में बदलने की मंजूरी दे दी है। कंपनी ने शुक्रवार को शेयर बाजार को इसकी जानकारी दी है। सरकार को 10 रुपये अंकित मूल्य के 16 हजार 133 करोड़ 18 लाख 4 हजार 899 इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे।