{"_id":"5eaace89635c6c267154c83c","slug":"reliance-industries-head-mukesh-ambani-will-give-up-full-year-salary-salary-of-employees-will-also-be-reduced-by-10-to-50-percent","type":"story","status":"publish","title_hn":"पूरे साल का वेतन छोड़ेंगे मुकेश अंबानी, कर्मचारियों की सैलरी में भी 10 से 50 फीसदी कटौती होगी","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
पूरे साल का वेतन छोड़ेंगे मुकेश अंबानी, कर्मचारियों की सैलरी में भी 10 से 50 फीसदी कटौती होगी
Thu, 30 Apr 2020 06:41 PM IST
गौरव पाण्डेय
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला
Published by: गौरव पाण्डेय
Updated Thu, 30 Apr 2020 06:41 PM IST
सार
कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए 25 मार्च से देशव्यापी लॉकडाउन (बंद) जारी है। इसकी वजह से कल-कारखाने, उड़ानें, रेल, सड़क परिवहन, लोगों की आवाजाही, कार्यालय और सिनेमाघर आदि सब बंद हैं। लोग घरों में बंद हैं। इससे बाजार में मांग प्रभावित हुई है और इसका असर कारोबारों पर हो रहा है। रिलायंस का रिफाइनरी कारोबार इससे बहुत बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कंपनी की विभिन्न इकाइयों के प्रमुखों ने कर्मचारियों को वेतन कटौती की जानकारी वाला संदेश भेजा है। संदेश के मुताबिक कंपनी लगातार आर्थिक और कारोबारी हालात की समीक्षा करेगी और अपनी आय बढ़ाने के जरिए तलाशेगी।
विज्ञापन
मुकेश अंबानी
- फोटो : ट्विटर
विस्तार
कोरोना वायरस संकट के असर से देश के सबसे अमीर व्यक्ति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख मुकेश अंबानी भी अछूते नहीं रहे। अंबानी ने अपने पूरे साल का वेतन छोड़ने का निर्णय किया है। वहीं कंपनी के ज्यादातर कर्मचारियों के वेतन में भी 10 से 50 फीसदी तक कटौती करने का फैसला किया गया है।
विज्ञापन
रिफाइनरी से लेकर दूरसंचार क्षेत्र तक विविध काम करने वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में यह जानकारी दी। इसके साथ ही कंपनी ने कर्मचारियों का सालाना बोनस भी टाल दिया है जो सामान्यत: वित्त वर्ष की पहली तिमाही में दिया जाता है।
विज्ञापन
संदेश में लिखा है, ‘हमारे हाइड्रोकार्बन कारोबार पर काफी दबाव है। इसलिए हमें अपनी लागत को युक्तिसंगत बनाना होगा और हम सभी क्षेत्रों में लागत कटौती कर रहे हैं। वर्तमान स्थिति की मांग है कि हम अपनी परिचालन लागत और तय लागत हो युक्ति संगत बनाएं और सभी को इसमें योगदान करने की जरूरत है।’
विज्ञापन
अंबानी अपने पूरे साल का 15 करोड़ रुपये का वेतन छोड़ रहे हैं। कार्यकारी निदेशक, कार्यकारी समिति के सदस्यों समेत रिलायंस के निदेशक मंडल के सदस्यों का वेतन 30 से 50 फीसदी तक काटा जाएगा।
जिन कर्मचारियों का पैकेज 15 लाख रुपये से कम है उनके वेतन में कोई कटौती नहीं जाएगी। लेकिन इससे ऊपर की आय वालों के वेतन में 10 फीसदी की कटौती होगी। रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख के तौर पर अंबानी सालाना 15 करोड़ रुपये का वेतन लेते हैं। उनके वेतन में 2008-09 के बाद से कोई बदलाव नहीं हुआ है।