बारिश व ट्रक हड़ताल ने बिगाड़ा घरों का बजट, फल-सब्जियों के दाम में 25 फीसदी का उछाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बारिश और ट्रांसपोर्टरों की अनिश्चितकालीन देशव्यापी हड़ताल से सब्जियों व फलों के दाम आसमान छू रहे हैं, जिसकी वजह से दिल्ली से लेकर उत्तर प्रदेश, हरियाणा, बिहार और पंजाब जैसे राज्यों में घरों का बजट बिगड़ गया है।
उत्तर भारत के विभिन्न शहरों की मंडियों में आवक कम होने से सब्जियों के दाम में 15-25 फीसदी तक उछाल आया है, जबकि फलों के दाम में 10-15 फीसदी उछाल आया है। आजादपुर मंडी के फल एवं सब्जी व्यापारी चैंबर का कहना है कि ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल और बारिश एक साथ आए हैं, जिसकी वजह से आपूर्ति तेजी से कम हुई है और इसका असर दिन-प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है।
अगले दो-तीन दिनों में सब्जियों की कीमतों में और बढ़ोतरी का आकलन है। गाजियाबाद की नवीन फल एवं सब्जी मंडी के सदस्य आर. यादव ने बताया कि ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल के साथ ही बृहस्पतिवार की तेज बारिश का असर अगले दो दिनों में दिखेगा और पहले से महंगी सब्जियों के दाम और बढ़ेंगे।
थोक तुलना में दोगुने हुए फुटकर दाम
उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के एक अधिकारी ने भी स्वीकार किया कि सब्जियों की कीमतों में तेजी आई है, जिसकी वजह हड़ताल और बरसात का मौसम है। लेकिन थोक बाजार की तुलना में फुटकर बाजार में दाम दोगुने के करीब है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकारों से इस मुद्दे पर मंत्रालय ने मानसून आने से दो महीने पहले ही बात की थी। लेकिन क्षेत्रीय प्रशासन की लापरवाही और हड़ताल के चलते दाम में बढ़ोतरी हो रही है। अधिकारी ने हालांकि कहा कि स्थिति अभी इतनी खराब नहीं है कि उसे काबू में नहीं किया जा सकता।
अगर हड़ताल खत्म होती है, तो सुधार आएगा और लोगों से अपील है कि जरूरत के मुताबिक ही सब्जियों की खरीद करें। मांग तेजी से बढ़ने का फायदा फुटकर व्यवसायी उठाते हैं।
सब्जी उत्पादकों को होगा भारी नुकसान
विशेषज्ञ डॉ. देवेंद्र शर्मा का कहना है कि सरकार को बरसात के मौसम का खयाल रखते हुए ट्रांसपोर्टरों की हड़ताल को खत्म कराना चाहिए, अन्यथा सब्जी उगाने वाले किसानों को भारी नुकसान होगा। साथ ही आपूर्ति और कम होने से आम आदमी की जेब पर भी असर पड़ेगा।
आजादपुर मंडी के भाव
सब्जी 20 जुलाई 26 जुलाई बढ़ोतरी (फीसदी) वर्तमान फुटकर कीमत (प्रति किलो)
आलू 958 1100 15 25-28
टमाटर 1236 1820 47 32-38
प्याज 1050 1150 10 30-35
बीन्स 5400 6800 26 68-70
सभी कीमतें - रुपये/क्विंटल