इन-फ्लाइट कनेक्टिविटीः नेल्को जनवरी से देगी विस्तारा में डाटा सेवाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
टाटा समूह द्वारा संचालित विमानन कंपनी विस्तारा में जनवरी से यात्रियों को इन-फ्लाइट कनेक्टिविटी मिलने लगेगी। इसके लिए टाटा समूह की कंपनी नेल्को से करार किया है। कंपनी शुरुआत में यात्रियों को डाटा सेवाएं देगी।
सरकार से मिली मंजूरी
नेल्को एक वीसैट सेवा प्रदाता कंपनी है, जिसको सरकार से वीसैट लिंक मिल गया है। केंद्र सरकार ने विस्तारा को स्पेक्ट्रम भी दे दिया है। डाटा मिलने से भी यात्री व्हाट्सएप जैसे एप का इस्तेमाल फोन कॉल करने के लिए कर सकते हैं।
इसरो से मिला ट्रांसपोंडर
इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दूरसंचार सचिव अंशु प्रकाश ने बताया विस्तारा-नेल्को को इसरो से ट्रांसपोंडर भी मिल गया है। सरकार के पास विस्तार स्पेक्ट्रम लेने के लिए आई थी, जिसको मंजूरी दे दी गई है। अब वो कुछ समय में अपनी सेवाओं को शुरू कर सकते हैं। हालांकि कंपनी को यह सेवा देने के लिए शुल्क तय करने का अधिकार होगा। हो सकता है कि यह एक एड-ऑन सेवा हो। अब कंपनी इसके लिए यात्रियों से शुल्क लेती है या फिर नहीं, यह उनका फैसला होगा।
मई में मिली थी मंजूरी
मई 2018 से पहले भारतीय हवाई क्षेत्र में उड़ने वाले प्रत्येक विमान को डाटा या फोन सेवा चलाने की मंजूरी नहीं थी। यात्रा के वक्त यात्रियों को अपना मोबाइल फोन बंद करके या फिर फ्लाइट मोड पर रखना होता था। यह नियम विदेश से आने वाली उड़ानों पर भी लागू था। हालांकि अब दूरसंचार विभाग ने पहले लगाई रोक को हटा लिया है।
एक रुपये है परमिट फीस
सभी कंपनियों से सरकार ने एक रुपया परमिट फीस ली है, जो 10 सालों के लिए है। हालांकि कंपनियों को लाइसेंस फीस और स्पेक्ट्रम चार्ज इस सेवा से होने वाली आय के आधार पर देना होगा। इन-फ्लाइट कनेक्टिविटी से यात्री उड़ान के दौरान कॉलिंग के साथ इंटरनेट सर्फिंग का भी लुत्फ उठा सकेंगे। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में दूरसंचार विभाग से इन-फ्लाइट एवं समुद्री कनेक्टिविटी (आईएफएमसी) सेवाएं प्रदान करने के लिए लाइसेंस प्राप्त किया था।
टाटा टेलीनेट, ह्यूजेस इंडिया, सरकारी कंपनी बीएसएनएल और ओमिनी कनेक्ट ने दूरसंचार विभाग में लाइसेंस के लिए आवेदन किया है।
ब्रॉडबैंड इंडिया फोरम की ओर से आयोजित इंडिया सैटकॉम-2019 से अलग नेल्को के प्रबंध निदेशक एवं सीईओ पीजे नाथ ने कहा कि हम जनवरी के आसपास इन-फ्लाइट कनेक्टिविटी सेवाएं शुरू करने की उम्मीद कर रहे हैं। हम डाटा सेवाओं के साथ इसकी शुरुआत करेंगे।