Mulayam Singh Yadav Wealth: बेटे से लिया था दो करोड़ का कर्ज, जानिए और कितनी संपत्ति के मालिक थे ‘नेताजी’?
Mulayam Singh Yadav Wealth: तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में अपनी संपत्ति के बारे में जो जानकारी दी थी उसके अनुसार वे करीब 16.5 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के संस्थापक, देश के पूर्व रक्षामंत्री और कई बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंंत्री रहे मुलायम सिंह यादव का सोमवार को निधन हो गया। 82 वर्ष की उम्र में गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। मुलायम सिंह यादव के पुत्र अखिलेश यादव ने उनके ‘निधन की सूचना देते हुए ट्वीट किया, ‘मेरे आदरणीय पिता जी और सबके नेताजी नहीं रहे।’ नेताजी का अंतिम संस्कार 11 अक्तूबर को उनके पैतृक गांव सैफई में होगा।
16.5 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री
तीन बार उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे मुलायम सिंह यादव ने वर्ष 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान दाखिल हलफनामे में अपनी संपत्ति के बारे में जो जानकारी दी थी उसके अनुसार वे करीब 16.5 करोड़ रुपये की संपत्ति के मालिक थे। इस हलफनामे के मुताबिक तब उनकी कुल संपत्ति 16,52,44,300 रुपये थी। इसी हलफनामे में उन्होंने यह भी बताया था कि उनकी पत्नी साधना यादव की सालाना कमाई करीब 32.02 लाख रुपये है।
बेटे अखिलेश से मुलायम सिंह यादव ने लिया था दो करोड़ का कर्ज
वर्ष 2019 में मुलायम सिंह यादव की ओर से दाखिल हलफनामे के अनुसार उन्होंने अपने बेटे अखिलेश यादव से करीब दो करोड़ रुपये (2,13,80,000) रुपये का कर्ज ले रखा। साथ ही, इस हलफनामे के मुताबिक उनके पास अपनी कोई कार भी नहीं थी। एसोसिएशन ऑफ डेमोक्रैटिक रिफॉर्म्स (ADR) की रिपोर्ट के अनुसार, 2019 तक मुलायम सिंह यादव के पास 20 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति थी। वहीं, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उनके पास 7.50 किलोग्राम सोना भी था, जिसका बाजार मूल्य 2,41,52,365 रुपये है। इटावा और अन्य जगहों पर उनके पास कुल 7,89,88,000 रुपये की कृषि योग्य भूमि भी थी। उनके पास 1,44,60,000 रुपये की गैर कृषि योग्य भूमि भी थी। यूपी में उनकी आवासीय संपत्ति की कीमत 6,83,84,566 रुपये है। इसके अलावा मुलायम सिंह यादव के पास Camry Toyota Car Reg थी। उनके कार की कुल कीमत 17,67,306 रुपये थी।
इटावा के सैफई में 22 नवंबर 1939 को हुआ था जन्म, शिक्षक के रूप में शुरू किया करियर
बता दें कि देशभर में नेताजी के नाम से मशहूर मुलायम सिंह यादव का जन्म इटावा जिले में स्थित सैफई गांव में 22 नवंबर 1939 को हुआ था। राजनीति में आने से पहले वे एक शिक्षक थे। इसके साथ ही वे एक पहलवान भी थे। शिक्षण कार्य छोड़कर आगे चलकर उन्होंने देश में एक समाजवादी नेता के तौर पर अपनी पहचान बनाई और समाजवादी पार्टी का गठन किया।