बिजनेस अपडेट्स: आंध्र में 1.27 मिलियन टन का यूरिया प्लांट लगेगा; मिस्र दौरे पर मंत्रियों से मिले पीयूष गोयल
देश को उर्वरक उत्पादन के मामले में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक और कदम उठाया गया है। गेल (इंडिया) लिमिटेड और कृषक भारती कोऑपरेटिव लिमिटेड (क्रभको) आंध्र प्रदेश में गैस आधारित यूरिया प्लांट लगाने की संभावनाएं तलाशेंगे। इसके लिए दोनों कंपनियों ने आंध्र प्रदेश आर्थिक विकास बोर्ड (एपीईडीबी) के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए हैं। यह समझौता 12 नवंबर को विशाखापत्तनम में आयोजित 31वें सीआईआई पार्टनरशिप समिट 2026 के दौरान हुआ। इस मौके पर आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू भी मौजूद रहे। समझौते पर एपीईडीबी के सीईओ सगीली शान मोहन, गेल के कार्यकारी निदेशक संजय अग्रवाल और क्रभको के कार्यकारी निदेशक सी.एस. आजाद ने हस्ताक्षर किए। प्रस्तावित यूरिया प्लांट आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम जिले के मुलापेटा में स्थापित करने की योजना है। इसकी सालाना उत्पादन क्षमता 1.27 मिलियन मीट्रिक टन होगी।
