Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   India Face Acute Aircraft Shortage, Plans to Order 1,000 More Planes; Will International Flights Increase?

भारत में विमानों की भारी कमी: 1000 और विमान खरीदने की तैयारी क्यों, क्या बढ़ेंगी विदेशों के लिए उड़ानें?

Mon, 16 Nov 2026 11:47 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Mon, 16 Nov 2026 11:47 PM IST
सार

भारत में विमानों की भारी कमी को देखते हुए सरकार एक हजार और विमान खरीदने की तैयारी कर रही है। देश पहले ही 1200 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे चुका है। पीयूष गोयल ने जल्द आपूर्ति के लिए विमान निर्माता कंपनियों से बातचीत की जानकारी दी है। ऐसे में क्या भारत में हवाई यात्राएं सस्ती और आसान होंगी? क्या मिस्र समेत दूसरे देशों के लिए भी उड़ानें बढ़ेंगी? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...

विज्ञापन
India Face Acute Aircraft Shortage, Plans to Order 1,000 More Planes; Will International Flights Increase?
विमान - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत में हवाई यात्रा करने वालों की संख्या तेजी से बढ़ रही है, लेकिन यात्रियों की बढ़ती मांग के मुकाबले विमानों की उपलब्धता कम पड़ रही है। देश में हवाई सेवाओं का विस्तार करने के लिए अब 1,000 और विमान खरीदने की तैयारी है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को मिस्र की राजधानी काहिरा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत को अपनी जरूरतें पूरी करने के लिए दो हजार से अधिक विमानों की आवश्यकता है।
विज्ञापन


गोयल ने बताया कि भारत पहले ही 1,200 से अधिक विमानों का ऑर्डर दे चुका है। इसके बावजूद देश में विमानों की भारी कमी बनी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत एक हजार और विमानों का ऑर्डर देने के लिए तैयार है। सरकार विमान बनाने वाली बड़ी अंतरराष्ट्रीय कंपनियों से जल्द से जल्द विमानों की आपूर्ति करने के लिए बातचीत कर रही है। इसका मकसद देश में उड़ानों की संख्या बढ़ाना और हवाई संपर्क को मजबूत करना है।
विज्ञापन


भारत को अचानक इतने विमानों की जरूरत क्यों पड़ रही है?
भारत दुनिया के सबसे तेजी से बढ़ते नागरिक विमानन बाजारों में शामिल है। देश में हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ रही है। ऐसे में विमानन कंपनियों को ज्यादा विमानों की जरूरत पड़ रही है। भारतीय विमानन कंपनियां पहले ही बड़े स्तर पर विमानों के ऑर्डर दे चुकी हैं, लेकिन इनकी आपूर्ति आने वाले वर्षों में होनी है। गोयल के मुताबिक, देश की मौजूदा और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए दो हजार से अधिक विमानों की आवश्यकता है। इसी वजह से सरकार और विमान निर्माता कंपनियां जल्द आपूर्ति के विकल्पों पर काम कर रही हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


क्या भारत से मिस्र के लिए भी बढ़ेंगी सीधी उड़ानें?
गोयल ने कहा कि भारत को जैसे-जैसे नए विमान मिलेंगे, वैसे-वैसे दूसरे देशों के लिए उड़ानों की संख्या भी बढ़ाई जा सकेगी। उन्होंने विशेष रूप से भारत और मिस्र के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने की बात कही। फिलहाल मिस्र की विमानन कंपनी इजिप्टएयर भारत और मिस्र के बीच सीधी उड़ानें संचालित करती है। गोयल ने उम्मीद जताई कि विमानों की उपलब्धता बढ़ने के बाद दोनों देशों के बीच ज्यादा उड़ानें शुरू की जा सकेंगी। वह दो दिवसीय यात्रा पर मिस्र पहुंचे हैं। इस दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हो रही है।

कौन-कौन सी कंपनियां भारत को विमान दे रही हैं?
भारत की प्रमुख विमानन कंपनियां इंडिगो और एयर इंडिया ने विमान निर्माता कंपनियों एयरबस और बोइंग को बड़े ऑर्डर दिए हैं। एयरबस की भारत में दो अंतिम विमान असेंबली लाइन हैं। इनमें एक सैन्य परिवहन विमान और दूसरी हेलीकॉप्टर निर्माण से जुड़ी है। वहीं, बोइंग और एयरबस भारत से हर साल करीब दो अरब डॉलर के कलपुर्जे और सेवाएं खरीदती हैं। इससे भारतीय कंपनियों को भी विमानन उद्योग में कारोबार के अवसर मिल रहे हैं।


क्या भारत में भी बनने लगेंगे यात्री विमान?
भारत में विमान निर्माण को बढ़ावा देने के लिए विदेशी कंपनियां भारतीय समूहों के साथ साझेदारी कर रही हैं। ब्राजील की विमान निर्माता कंपनी एम्ब्रेयर ने अडानी समूह के साथ रणनीतिक साझेदारी की है। इसके तहत भारत में क्षेत्रीय विमान बनाने की व्यवस्था विकसित करने पर काम किया जाएगा। इसके अलावा कई बड़ी अंतरराष्ट्रीय विमानन और एयरोस्पेस कंपनियों की भारत में मौजूदगी है। ऐसे में भारत का लक्ष्य केवल विदेशों से विमान खरीदना नहीं, बल्कि विमान निर्माण और उसके कलपुर्जे बनाने के क्षेत्र में भी अपनी क्षमता बढ़ाना है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed