जेट एयरवेज के पायलटों की एसबीआई से गुहार, जल्द दिलवाओ बकाया वेतन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जेट एयरवेज के घरेलू पायलटों के निकाय नेशनल एविएटर्स गिल्ड (एनएजी) ने बकाया वेतन के भुगतान को लेकर मंगलवार को एसबीआई चेयरमैन रजनीश कुमार को पत्र लिखकर उनसे मिलने का समय मांगा है। कर्जदाताओं द्वारा नरेश गोयल की कंपनी के अधिग्रहण के एक दिन बाद एनएजी ने यह मांग रखी है।
एनजी महासचिव तेज सूद ने कुमार को भेजे ई-मेल में कहा कि हम आपसे हमें और इंजीनियरों को हो रही परेशानियां दूर करने की आग्रह करते हैं। जेट का नया प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि लंबित वेतन के भुगतान में और देरी न हो। उन्होंने जेट को पटरी पर लाने के लिए एसबीआई को शुक्रिया भी कहा।
कंपनी में चली उठापटक के बाद जेट एयरवेज के संस्थापक एवं चेयरमैन नरेश गोयल और बोर्ड में शामिल उनकी पत्नी अनीता गोयल ने सोमवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनकी हिस्सेदारी 50.1 फीसदी से घटकर 25.5 फीसदी पर आ गई। विदेशी साझेदार एतिहाद की हिस्सेदारी भी घटकर 12 फीसदी पर आ गई है। उसे जेट के निदेशक मंडल से अपना सदस्य भी हटाना पड़ा है।
उड़ान रोकने की दी थी चेतावनी
जेट में कार्यरत 1,600 पायलटों में से 1,100 पायलटों का प्रतिनिधित्व करने वाले एनएजी ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि 31 मार्च तक अगर उनका बकाया भुगतान नहीं होता है और कंपनी को पटरी पर लाने की रूपरेखा उपलब्ध नहीं कराई जाती है तो 1 अप्रैल से उसके सभी पायलट उड़ान रोक देंगे।
दो दिन में जेट के शेयर 22 फीसदी चढ़े
जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल और और उनकी पत्नी अनीता गोयल द्वारा कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा देने के बाद लगातार दूसरे दिन विमानन कंपनी के शेयरों में तेजी दर्ज की गई। मंगलवार को बीएसई में कंपनी के शेयर 6.48 फीसदी चढ़कर 271 रुपये के भाव पर बंद हुए।
कारोबार के दौरान विमानन कंपनी के शेयर 9.62 फीसदी चढ़कर 279 रुपये पर रहे। वहीं, एनएसई में जेट के शेयर 5.37 फीसदी की तेजी के साथ 267.75 रुपये पर बंद हुए। शेयरों की संख्या के मामले में बीएसई में कंपनी के 54.11 लाख शेयरों, जबकि एनएसई में छह करोड़ से भी अधिक शेयरों पर कारोबार हुआ।
सोमवार को जेट एयरवेज के शेयरों में 15.5 फीसदी की तेजी दर्ज की गई थी। कंपनी द्वारा सोमवार को जारी नियामकीय सूचना में बताया गया कि जेट एयरवेज के चेयरमैन नरेश गोयल और उनकी पत्नी ने कंपनी के बोर्ड से इस्तीफा दे दिया है।
यह फैसला मुंबई में आयोजित हुई बोर्ड की बैठक में लिया गया। इसके अलावा एतिहाद एयरवेज के एक सदस्य ने भी बोर्ड से इस्तीफा दिया है। कंपनी ने आगे कहा कि उसे शेयरों के बदले 1,500 करोड़ रुपये की तात्कालिक आर्थिक सहायता भी दी जाएगी।