फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   indian-workers-average-monthly-commute-cost-785-rupees-government-survey

शहरों में दफ्तर जाने का खर्च 1044 रुपये महीना: दोपहिया सबसे पसंदीदा वाहन, सरकारी सर्वे में हुए और क्या खुलासे?

Mon, 05 Oct 2026 10:40 PM IST
देवेश त्रिपाठी पीटीआई, नई दिल्ली
पीटीआई, नई दिल्ली Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Mon, 05 Oct 2026 10:40 PM IST
सार

सरकारी राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण में देश में काम और पढ़ाई के लिए होने वाली यात्राओं से जुड़ी तस्वीर सामने आई है। तय कार्यस्थल तक पहुंचने वाले कर्मचारियों का औसत मासिक खर्च 785 रुपये दर्ज किया गया। शहरों में यह लागत गांवों की तुलना में अधिक रही। दोपहिया वाहन कर्मचारियों के बीच सबसे प्रमुख परिवहन साधन बने हुए हैं। 

विज्ञापन
indian-workers-average-monthly-commute-cost-785-rupees-government-survey
राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण (एआई जनरेटेड) - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

भारत में तय कार्यस्थल तक पहुंचने के लिए कर्मचारी हर महीने औसतन 785 रुपये खर्च करते हैं। सरकारी सर्वेक्षण के अनुसार, शहरी क्षेत्रों में कर्मचारियों का आने-जाने का खर्च ग्रामीण क्षेत्रों के मुकाबले काफी अधिक है। शहरों में कर्मचारी हर महीने औसतन 1,044 रुपये, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में 612 रुपये खर्च करते हैं।
विज्ञापन


सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय ने पहली बार राष्ट्रीय घरेलू यात्रा सर्वेक्षण के प्रमुख संकेतक और निष्कर्ष जारी किए हैं। यह सर्वेक्षण जुलाई 2025 से जून 2026 के बीच किया गया।
विज्ञापन


शहरी और ग्रामीण छात्रों के शिक्षण संस्थान जाने के खर्च में भी बड़ा अंतर
सर्वेक्षण में एक यात्रा के लिए एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने को आधार माना गया है। आंकड़ों के अनुसार, तय कार्यस्थल तक आने-जाने में पुरुष कर्मचारी हर महीने औसतन 835 रुपये खर्च करते हैं। महिला कर्मचारियों का औसत खर्च 533 रुपये है। शिक्षा के लिए आने-जाने में भी शहरों और गांवों के बीच अंतर दिखाई देता है। शहरी छात्र शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने में हर महीने औसतन 617 रुपये खर्च करते हैं, जबकि ग्रामीण छात्रों का औसत खर्च 361 रुपये है।
विज्ञापन
विज्ञापन


सर्वेक्षण के अनुसार, करीब 57.6 प्रतिशत कर्मचारी काम पर जाने के लिए एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं। 15 वर्ष और उससे अधिक उम्र के आधे से ज्यादा कर्मचारी एक दिन के भीतर तय या गैर तय कार्यस्थल तक आने-जाने वाली यात्राएं करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 54.5 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 64.1 प्रतिशत है।

कर्मचारियों की पहली पसंद है दोपहिया वाहन
राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में औसत यात्रा समय करीब 20 से 23 मिनट है। दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों में यात्रा का समय इससे अधिक दर्ज किया गया है। देशभर में करीब 61.9 प्रतिशत पुरुष कर्मचारी रोजाना काम के लिए एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय करते हैं। महिलाओं में यह आंकड़ा 41.9 प्रतिशत है।

कर्मचारियों के लिए दोपहिया वाहन देश में आने-जाने का सबसे प्रमुख साधन है। ग्रामीण क्षेत्रों में 37.1 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 52.3 प्रतिशत कर्मचारी प्राथमिक रूप से दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल करते हैं। शहरी क्षेत्रों में कुल कर्मचारी यात्राओं में एकल रेल, मेट्रो, उपनगरीय रेल और ट्राम की हिस्सेदारी करीब 5 प्रतिशत है। हालांकि महाराष्ट्र में इन साधनों का इस्तेमाल 20.7 प्रतिशत, पश्चिम बंगाल में 16.5 प्रतिशत और दिल्ली में 14.4 प्रतिशत दर्ज किया गया।

करीब 83 फीसदी कर्मचारी आधे घंटे से कम समय में पूरी कर लेते हैं यात्रा
करीब 83.4 प्रतिशत कर्मचारी आधे घंटे से कम समय में अपनी यात्रा पूरी कर लेते हैं। तय कार्यस्थल तक 30 मिनट के भीतर पहुंचने वाले कर्मचारियों की हिस्सेदारी ग्रामीण क्षेत्रों में 86.1 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 79.3 प्रतिशत है। करीब 13.7 प्रतिशत कर्मचारियों को 30 से 60 मिनट लगते हैं।

तय कार्यस्थल तक जाने वाले कर्मचारियों की औसत यात्रा अवधि 25 मिनट है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 23 मिनट और शहरी क्षेत्रों में 27 मिनट है। छात्रों के लिए यात्रा का औसत समय 23 मिनट है। ग्रामीण क्षेत्रों में यह 23 मिनट और शहरी क्षेत्रों में 22 मिनट दर्ज किया गया। करीब 86.6 प्रतिशत ग्रामीण और 89.6 प्रतिशत शहरी छात्र 30 मिनट के भीतर अपने शिक्षण संस्थान पहुंच जाते हैं।

कितने प्रतिशत छात्र रोज एक किमी से ज्यादा दूरी तय करते हैं?
लगभग 66.4 प्रतिशत छात्र रोजाना एक किलोमीटर से अधिक दूरी तय करके शिक्षण संस्थानों तक पहुंचते हैं। छह वर्ष और उससे अधिक उम्र के करीब दो तिहाई छात्र अपनी बुनियादी शिक्षा के संस्थान तक पहुंचने के लिए कम से कम एक किलोमीटर की यात्रा करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा 65.6 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 68.1 प्रतिशत है।

एक किलोमीटर से कम दूरी की यात्राओं को सर्वेक्षण में दर्ज नहीं किया गया। पूर्वोत्तर राज्यों, जिनमें असम और उसके आसपास के राज्य शामिल हैं, में यात्रा का समय अपेक्षाकृत कम रहा। यहां औसत यात्रा समय 15 से 19 मिनट के बीच दर्ज किया गया। 15 से 29 वर्ष की उम्र के छात्रों में नियमित यात्रा की हिस्सेदारी सबसे अधिक रही। ग्रामीण क्षेत्रों में इस आयु वर्ग के 79.1 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 73.3 प्रतिशत छात्र रोजाना शिक्षण संस्थानों तक आने-जाने की यात्रा करते हैं।

कितने छात्र पैदल जाते हैं स्कूल?
स्कूली छात्रों में करीब 37 प्रतिशत पैदल स्कूल जाते हैं। इसके बाद 29.5 प्रतिशत छात्र बस और 15.8 प्रतिशत छात्र साइकिल का इस्तेमाल करते हैं। कुल छात्रों में 10.5 प्रतिशत आने-जाने के लिए ऑटो रिक्शा का इस्तेमाल करते हैं। शहरी क्षेत्रों में यह हिस्सेदारी बढ़कर 14.4 प्रतिशत हो जाती है। दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल कुल छात्रों में 6.7 प्रतिशत और शहरी छात्रों में 11.5 प्रतिशत है।

रात में ठहरने वाली लंबी यात्राओं के लिए बस और रेल सबसे प्रमुख साधन हैं। करीब 73.5 प्रतिशत ऐसी यात्राएं बस और रेल से की जाती हैं। इनमें बस की हिस्सेदारी 55.8 प्रतिशत और अंतरशहरी रेल की हिस्सेदारी 17.7 प्रतिशत है। रात में ठहरने वाली यात्राओं के लिए कार का इस्तेमाल 15.1 प्रतिशत और दोपहिया वाहनों का इस्तेमाल 8.8 प्रतिशत मामलों में होता है।


शहरी परिवारों में करीब 22.7 प्रतिशत रात की यात्राओं के लिए रेल का इस्तेमाल करते हैं। ग्रामीण परिवारों में ऐसी यात्राओं के लिए रेल का इस्तेमाल करीब 14 प्रतिशत है, जबकि शहरी परिवारों में यह आंकड़ा करीब 22.7 प्रतिशत है।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed