फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   India forex reserves rise by USD 4.67 bn to USD 590.78 bn business news in hindi

Forex Reserves: भारत का विदेशी मुद्रा भंडार बढ़ा, 4.67 अरब डॉलर बढ़कर पहुंचा 590.78 अरब

Sat, 11 Nov 2023 01:49 AM IST
यशोधन शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: यशोधन शर्मा Updated Sat, 11 Nov 2023 01:49 AM IST
सार

बैंक के अनुसार, विदेशी मुद्रा संपत्ति, भंडार का एक महत्वपूर्ण हिस्सा, 4.392 बिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़ गई। सोने का कुल मूल्य 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर बढ़कर 46.123 बिलियन अमेरिकी डॉलर हो गया।

विज्ञापन
India forex reserves rise by USD 4.67 bn to USD 590.78 bn  business news in hindi
रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया - फोटो : Social media

विस्तार

देश का विदेशी मुद्रा भंडार 3 नवंबर को समाप्त सप्ताह में 4.7 अरब डॉलर बढ़कर 590.78 अरब डॉलर के सात हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंच गया। इससे पिछले सप्ताह में भी विदेशी मुद्रा में 2.6 अरब डॉलर की बढ़ोतरी दर्ज की गई थी। अक्तूबर, 2021 में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 645 अरब डॉलर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया था। आरबीआई के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, 3 नवंबर वाले सप्ताह में विदेशी मुद्रा संपत्ति 4.39 अरब डॉलर बढ़कर 521.9 अरब डॉलर पहुंच गई। 

विज्ञापन


आंकड़ों के मुताबिक, देश का स्वर्ण भंडार 20 करोड़ डॉलर बढ़कर 46.12 अरब डॉलर पर पहुंच गया। आईएमएफ में भारत का आरक्षित भंडार 1.6 करोड़ डॉलर  की बढ़ोतरी के साथ 4.79 अरब डॉलर हो गया।

विज्ञापन

शेयर बाजार में खुदरा निवेशकों का हिस्सा 7.62 फीसदी के उच्च स्तर पर
खुदरा निवेशक वे हैं जिनका किसी कंपनी में दो लाख रुपये से कम निवेश हो। इन निवेशकों ने सितंबर तिमाही में 7,597 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे हैं। अमीर निवेशक भी खूब शेयर खरीद रहे हैं। हाई नेटवर्थ इंडिविजुअल (एचएनआई) यानी ज्यादा अमीरों की एनएसई कंपनियों में हिस्सेदारी बढ़कर 2.05 फीसदी हो गई है। खुदरा और एचएनआई की हिस्सेदारी 9.68 फीसदी के सार्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई है। ब्यूरो

विज्ञापन
विज्ञापन


संवत 2079 में ज्यादा एफआईआई निवेश
संवत 2079 अब खत्म होने वाला है। इस दौरान डीआईआई ने 1.83 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया है। एफआईआई ने 1.46 लाख करोड़ निवेश किया है। अक्तूबर में एफआईआई ने 24,548 करोड़ के और नवंबर में 4,343 करोड़ के शेयर बेचे। डीआईआई ने 28,254 करोड़ और 5,144 करोड़ के शेयर खरीदे हैं।

बाजार विक्रम संवत 2080 तक तेजी बनाए रखने को तैयार है। कॉरपोरेट का मजबूत प्रदर्शन, बेहतर आर्थिक आंकड़ों और मोदी सरकार की वापसी की उम्मीदों से बाजार सकारात्मक दिख रहा है।

यात्री वाहनों की रिकॉर्ड थोक बिक्री
त्योहारी सीजन की मजबूत मांग के दम पर अक्तूबर में यात्री वाहनों की थोक बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) की ओर से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले महीने यात्री वाहनों की थोक बिक्री सालाना आधार पर 16 फीसदी बढ़कर 3,89,714 इकाई पहुंच गई। अक्तूबर, 2022 में 3,36,330 यात्री वाहन बिके थे। इसी तरह, तिपहिया वाहनों की बिक्री भी 42 फीसदी बढ़कर 76,940 इकाई पहुंच गई। यह अब तक तक की सबसे अधिक मासिक बिक्री है। पिछले साल यह आंकड़ा 54,154 इकाई रहा था।

दोपहिया में 20 फीसदी उछाल
आंकड़ों के मुताबिक, अक्तूबर में दोपहिया वाहनों की बिक्री 20 फीसदी बढ़कर 18,95,799 इकाई पहुंच गई। सियाम के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल ने कहा, यात्री और तिपहिया वाहनों दोनों ने अक्तूबर में अब तक की सबसे अधिक बिक्री दर्ज की है। वृद्धि की यह रफ्तार वाहन उद्योग के लिए उत्साहजनक है।

शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 22 फीसदी बढ़कर 10.60 लाख करोड़ रुपये
चालू वित्त वर्ष में अब तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि के मुकाबले 22 फीसदी बढ़कर 10.60 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। यह पूरे साल के लिए बजट लक्ष्य का 58 फीसदी है। आयकर विभाग ने शुक्रवार को बताया कि शुद्ध कॉरपोरेट कर संग्रह 12.48 फीसदी बढ़ा और पर्सनल इनकम टैक्स 31.77 फीसदी बढ़ा। इस दौरान करदाताओं को कुल 1.77 लाख करोड़ रुपये लौटाए गए। सकल आधार पर कुल प्रत्यक्ष कर संग्रह 17.59 फीसदी बढ़कर 12.37 लाख करोड़ रुपये रहा है। एजेंसी

व्यक्तिगत आयकर में 28.29 फीसदी उछाल
आंकड़ों के मुताबिक, कॉरपोरेट आयकर में 7.13 फीसदी की वृद्धि रही। व्यक्तिगत आयकर 28.29 फीसदी बढ़ गया। 2023-24 के बजट में प्रत्यक्ष कर संग्रह 18.23 लाख करोड़ रुपये से थोड़ा अधिक होने का अनुमान लगाया गया है, जो पिछले वित्त वर्ष में जुटाए गए 16.61 लाख करोड़ से 9.75 फीसदी अधिक है।

विनिर्माण क्षेत्र के प्रदर्शन से आईआईपी 5.8 फीसदी बढ़ा
विनिर्माण व खनन क्षेत्र के बेहतर प्रदर्शन से औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर सितंबर, 2023 में 5.8 फीसदी रही। औद्योगिक उत्पादन सूचकांक (आईआईपी) पर आधारित औद्योगिक उत्पादन अगस्त, 2023 में 10.3 फीसदी और एक साल पहले सितंबर 2022 में 3.3 फीसदी की दर से बढ़ा था।
राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के आंकड़ों के मुताबिक, सितंबर 2023 में विनिर्माण क्षेत्र का उत्पादन 4.5 फीसदी बढ़ा। खनन उत्पादन 11.5 फीसदी और बिजली उत्पादन 9.9 फीसदी की दर से बढ़ा। आईआईपी में अप्रैल-सितंबर, 2023 के दौरान 6 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई। एक साल पहले की समान अवधि में यह आंकड़ा 7.1 फीसदी रहा था। एजेंसी

 वैश्विक राष्ट्र-ब्रांडिंग के लिए फ्रांस ने भारत को चुना
फ्रांस की सरकार ने 'मेक इट आइकॉनिक' विषय पर अपने वैश्विक राष्ट्र-ब्रांडिंग अभियान के लिए प्राथमिकता के रूप में पांच देशों में भारत को भी चुना है। इस अभियान का मकसद फ्रांसीसी भावना के मूल में आविष्कारशीलता, साहस को प्रदर्शित करना और दुनिया भर की प्रतिभाओं, दोस्तों और भागीदारों को आमंत्रित करना है।

भारत में फ्रांसीसी दूतावास ने कहा कि यह निर्णय भारत और फ्रांस के बीच रणनीतिक साझेदारी की 25वीं वर्षगांठ पर आया है। अभियान के राजदूतों में फुटबॉलर किलियन एम्बापे, अंतरिक्ष यात्री थॉमस पेस्केट, डिजाइनर फिलिप स्टार्क और विश्व प्रसिद्ध शेफ मोरी सैको शामिल हैं। दूतावास ने कहा, फ्रांस नवाचार की भूमि है जिसने पहले से ही भारतीय निवेशकों का स्वागत किया है और अधिक भारतीय कंपनियों व प्रतिभाओं को आकर्षित करना चाहता है। फ्रांस ने भारतीय युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर निवेश का निर्णय लिया है।

ईपीएफओ: कर्मचारियों के खाते में मिलने लगा ब्याज
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने कर्मचारियों के भविष्य निधि (पीएफ) खातों में ब्याज जमा कराना शुरू कर दिया है। वित्त वर्ष 2022-23 के लिए ब्याज दर 8.15 फीसदी है। कुछ कर्मचारियों के खाते में ब्याज की रकम आ भी गई है। केंद्रीय श्रम मंत्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि 24 करोड़ से अधिक खातों में ब्याज जमा किया जा चुका है।

ईपीएफओ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कहा कि सभी कर्मचारियों के पीएफ खाते में ब्याज की रकम जमा कराने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और जल्द ही यह रकम खाते में दिखाई देने लगेगी। जब भी ब्याज जमा किया जाएगा, उसे पहले की रकम के साथ संचित किया जाएगा और पूरा भुगतान किया जाएगा। ब्याज का नुकसान नहीं होगा।

पीपीएफ समेत कई छोटी बचत योजनाओं के नियमों में राहत
सरकार ने सार्वजनिक भविष्य निधि (पीपीएफ) व वरिष्ठ नागरिक बचत योजना सहित कई छोटी बचत योजनाओं के लिए नियमों में राहत दी है। अब वरिष्ठ नागरिक बचत योजना के तहत खाता खोलने के लिए तीन महीने का समय मिलेगा। वर्तमान में यह एक महीने है। नौ नवंबर की अधिसूचना के मुताबिक, पीपीएफ के मामले में खाता समय से पहले बंद करने के संबंध में भी कुछ बदलाव किए गए हैं।


इसके अलावा, राष्ट्रीय बचत सावधि जमा योजना के तहत समय से पहले निकासी के नियमों में कुछ बदलाव किए गए हैं। अगर पांच साल की अवधि वाले खाते में जमा राशि खाता खोलने की तारीख से चार साल के बाद समय से पहले निकाली जाती है तो डाकघर बचत खाते पर लागू दर से ब्याज मिलेगा। मौजूदा नियमों के अनुसार, उक्त स्थिति में तीन वर्षीय सावधि जमा खाते के लिए स्वीकार्य दर से ब्याज दिया जाता है।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed