Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   honeytrap Nvidia Shares price Drop CEO Huang Affair reports chinese Suspect Spy alice stock market update

एनवीडिया के शेयरों में गिरावट: सीईओ हुआंग के अफेयर की खबर का असर, चीनी जासूस एलिस मामले की जांच में क्या मिला?

Tue, 10 Nov 2026 01:18 AM IST
ज्योति भास्कर बिजनेस डेस्क, अमर उजाला।
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Tue, 10 Nov 2026 01:18 AM IST
सार

एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन्सेन हुआंग द्वारा एक संदिग्ध चीनी जासूस एलिस हुआंग के साथ संबंध स्वीकारने के बाद कंपनी के शेयरों में गिरावट आई। आंतरिक जांच और राष्ट्रीय सुरक्षा चिंताओं ने उनके भविष्य पर सवाल खड़े किए हैं।

विज्ञापन
honeytrap Nvidia Shares price Drop CEO Huang Affair reports chinese Suspect Spy alice stock market update
चीनी जासूस के निशाने पर एनवीडिया - फोटो : एआई ग्राफिक्स

विस्तार

बीते कुछ समय में एनवीडिया के शेयरों में निवेश मुनाफे की गारंटी की तरह देखा जा रहा था। हालांकि, जब से कंपनी के सीईओ जेन्सेन हुआंग ने पत्नी से बेवफाई और एक चीनी महिला से अफेयर की बात कबूली है, एनवीडिया के शेयर लाल निशान पर हैं। एनवीडिया के शेयरों में सोमवार को कारोबार के बाद गिरावट दर्ज की गई। गिरावट कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जेन्सेन हुआंग के खिलाफ आंतरिक जांच की घोषणा के बाद हुई। जांच यह पता लगाने के लिए शुरू की गई है कि क्या उन्हें किसी विदेशी खुफिया अभियान के तहत निशाना बनाया गया। इस जांच के बाद दुनिया की सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनियों में से एक एनवीडिया में जीसीओ न्सेन हुआंग के भविष्य पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।

विज्ञापन


दरअसलस रविवार को (अमेरिकी समय) घोषित इस जांच ने हुआंग की स्थिति पर ध्यान आकर्षित किया है। कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) में तेजी के प्रमुख विक्रेताओं में से एक के रूप में उनकी भूमिका भी जांच के दायरे में है। 63 वर्ष के जेन्सेन हुआंग ने 1993 में क्रिस मैलाचोव्स्की और कर्टिस प्रीम के साथ एनवीडिया की स्थापना की थी। उनका लंबा कार्यकाल उन्हें सिलिकॉन वैली के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले मुख्य कार्यकारी अधिकारियों में से एक बनाता है। ताइवान में जन्मे और अमेरिका में पले-बढ़े हुआंग एआई क्रांति में एक प्रमुख व्यक्ति के रूप में उभरे। उन्होंने एनवीडिया को वीडियो गेम के लिए ग्राफिक्स चिप के निर्माण के अपने मूल कारोबार से आगे बढ़ते बुए दुनिया के अग्रणी एआई प्रोसेसर आपूर्तिकर्ता बनने की दिशा में आगे बढ़ाया। एआई की पुरजोर वकालत करने वाले हुआंग का एआई में निवेश करने का शुरुआती निर्णय महत्वपूर्ण साबित हुआ। 2022 के अंत में चैटजीपीटी लॉन्च होने के बाद तस्वीर तेजी से बदली। 

विज्ञापन

ये भी पढ़ें- एआई और कमजोर कड़ी: एनवीडिया के सीईओ का मामला निजी संबंधों तक सीमित नहीं, जवाबदेही से जुड़े कई सवाल खड़े हुए

विज्ञापन
विज्ञापन

एआई के तेजी से बढ़ते इस्तेमाल को देखते हुए एनवीडिया के प्रोसेसर की मांग भी बढ़ने लगी। कंप्यूटिंग के बुनियादी ढांचे में एआई प्रोसेसर के दाम बढ़ने लगे। बीते लगभग चार वर्षों में कंपनी का बाजार मूल्य भी तेजी से बढ़ा और एनवीडिया दुनिया के सबसे मूल्यवान कारोबारी घराने में से एक बन गया। प्रौद्योगिकी कंपनियों के प्रमुख सप्लायर एनवीडिया का मूल्यांकन 2022 के अंत में 420 अरब डॉलर था। 6 नवंबर ये कीमत 4.5 खरब डॉलर हो चुकी थी। समाचार एजेंसी रॉयटर्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाइपरलिक्विड एक्सचेंज पर परपेचुअल फ्यूचर्स में कारोबार और ब्लू ओशन प्रणाली पर कारोबार के बाद के शेयर के लेनदेन से संकेत मिला कि एनवीडिया के शेयर का एक्सचेंज वैल्यू लगभग 178.60 डॉलर था।

शेयर 5-8% तक लुढ़के 32 लाख करोड़ स्वाहा

विवाद के बाद एनवीडिया का शेयर सोमवार को शुरुआती कारोबार के दौरान शुक्रवार (6 नवंबर) के 186.64 डॉलर के बंद भाव से 8% तक टूटकर 172.75 डॉलर पर आ गया। इससे कंपनी की बाजार पूंजी 340 अरब डॉलर (करीब 31.8 लाख करोड़ रुपये) घटकर 4.16 ट्रिलियन डॉलर रह गई, जो शुक्रवार को बाजार बंद होने पर 4.5 ट्रिलियन डॉलर थी।


दरअसल, एनवीडिया ने एक मीडिया रिपोर्ट के बाद आंतरिक जांच का एलान किया। इस रिपोर्ट में आरोप लगाया गया था कि हुआंग का एक चीनी व्यवसायी एलिस हुआंग से घनिष्ठ संबंध थे। कथित तौर पर उस व्यवसायी ने चीन के साथ जानकारी साझा की थी। जांच शुरू होने के बाद एनवीडिया के सीईओ हुआंग ने कर्मचारियों को भेजे एक संदेश में स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के प्रति बेवफा रहे थे। हालांकि, उन्होंने एलिस से संबंध के बारे में कोई विवरण नहीं दिया। पिछले महीने द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट में कहा गया था कि हुआंग एलिस के साथ रिलेशन में रहे हैं।

ये भी पढ़ें- एक्सप्लेनर: क्या यूएस-चीन की एआई जंग में फंसी एनवीडिया? सीईओ जेन्सेन हुआंग भी घिरे; कैसे आया नाम, पूरी कहानी

एलिस हुआंग सिंगापुर स्थित कंपनी मेगास्पीड की पूर्व कार्यकारी हैं। जेन्सेन हुआंग प्रसंग में अमेरिकी अधिकारियों ने एलिस हुआंग की जांच की और निष्कर्ष निकाला कि वह चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ी हैं।मेगास्पीड की वेबसाइट के मुताबिक कंपनी एशिया-प्रशांत क्षेत्र में एनवीडिया की क्लाउड पार्टनर है। इसमें एनवीडिया के GB200 NVL72 और HGX H100 चिप भी कंपनी के अपने उत्पादों की तरह सूचीबद्ध हैं। इन घटनाक्रमों का दक्षिण कोरिया में भी प्रभाव पड़ा। जेन्सेन हुआंग की बेटी और एनवीडिया की कार्यकारी मैडिसन हुआंग ने सियोल में एक एनवीडिया सम्मेलन के लिए अपनी निर्धारित यात्रा रद्द कर दी।

एनवीडिया की तरफ से जवाब नहीं आया

सम्मेलन सोमवार को शुरू होने वाला था। मैडिसन हुआंग को दक्षिण कोरियाई एआई स्टार्टअप रेबेलियंस का दौरा करना था। उन्हें काकाओ मोबिलिटी के साथ एक प्रश्न-उत्तर सत्र में भी भाग लेना था। रेबेलियंस ने कहा कि दोनों कार्यक्रम "एनवीडिया में अपरिहार्य आंतरिक परिस्थितियों" के कारण रद्द कर दिए गए थे। दक्षिण कोरियाई मीडिया ने रिपोर्ट किया कि एनवीडिया एआई डे सियोल, एक दो दिवसीय सम्मेलन, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ेगा। इस सम्मेलन में लगभग 2,000 प्रतिभागियों की शिरकत होने की उम्मीद है। यह कार्यक्रम भौतिक एआई, एजेंटिक एआई और बुनियादी ढांचे पर केंद्रित होगा। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक एनवीडिया ने टिप्पणी के लिए अनुरोध पर तुरंत जवाब नहीं दिया।

क्या हुआंग के भविष्य पर सवाल उठ रहे हैं?

रॉयटर्स के मुताबिक मेलबर्न में ब्रोकरेज पेपरस्टोन के शोध प्रमुख क्रिस वेस्टन ने बताया कि डेटा केंद्रों के निर्माण को लेकर बहुत अटकलें हैं। ऐसे में हुआंग के तबादले की उम्मीद नहीं है। उन्होंने कहा कि हुआंग "एआई के गॉडफादर" हैं। वेस्टन ने कहा, "अगर हमें वास्तव में लगता कि वह पद छोड़ देंगे... तो शेयर और गिर जाएगा। निवेशक पहले से ही सवाल उठा रहे हैं कि क्या एआई में तेजी, जिसने कंपनी की असाधारण वृद्धि को बढ़ावा दिया, कायम रखी जा सकती है। बोर्ड की जांच के कारण भविष्य की अनिश्चितता की एक और परत जुड़ी दी है। एनवीडिया की सफलता से सबसे करीब से जुड़े कार्यकारी के भविष्य के बारे में सवाल उठाए गए हैं।

ये भी पढ़ें- एनवीडिया के सीईओ की हुई जासूसी?: जेन्सेन हुआंग से कथित रिश्ते पर अमेरिका में हलचल, आरोपों पर चीन ने भी दी सफाई

आंतरिक जांच और राष्ट्रीय सुरक्षा पर क्या असर?

एनवीडिया के बोर्ड ने एक आंतरिक जांच शुरू की है। इस मुद्दे ने अमेरिकी प्रतिनिधि सभा के वरिष्ठ रिपब्लिकन का भी ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने द न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के बाद हुआंग से जानकारी मांगी है। यह राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर चिंताओं की ओर इशारा करता है। एनवीडिया के मुताबिक उसके बोर्ड के पास "यह विश्वास करने का कोई कारण नहीं है" कि अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा या कंपनी के रहस्य से समझौता किया गया था। हालांकि, निदेशकों की एक स्वतंत्र समिति अपनी समीक्षा के हिस्से के रूप में सभी उपलब्ध जानकारी की जांच करेगी। विश्लेषकों ने चेतावनी दी कि एक लंबी जांच या आंतरिक समीक्षा एनवीडिया के निवेश से जुड़े फैसलों और उत्पाद लॉन्च को प्रभावित कर सकती है।

ये भी पढ़ें- बेवफा निकले 63 साल के सीईओ: चीनी खुफिया एजेंसी के निशाने पर एनवीडिया के CEO, कंपनी जांच-कार्रवाई पर क्या बोली?

सेमीकंडक्टर उद्योग पर क्या प्रभाव पड़ सकता है?

एनवीडिया मामले का असर सेमीकंडक्टर उद्योग पर भी व्यापक रुप से दिख सकता है। एनएच इन्वेस्टमेंट एंड सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक रयू यंग-हो ने कहा कि एडवांस्ड माइक्रो डिवाइसेस (AMD) जैसे प्रतिस्पर्धी कंपनियों की पूछ बढ़ सकती है। सैमसंग पर भी अधिक ध्यान जा सकता है। इसका कारण AMD के साथ उसके घनिष्ठ व्यावसायिक संबंध हैं। हालांकि, रयू ने इस बात को भी रेखांकित किया कि एनवीडिया के उत्पादों की जगह लेना बदलना मुश्किल होगा। चीन को शिपमेंट में और देरी का सामना करना पड़ सकता है। यह इस बात पर निर्भर करेगा कि स्थिति कैसे सामने आती है। दक्षिण कोरिया के उप विज्ञान मंत्री ने सोमवार को कहा कि सरकार को एनवीडिया ग्राफिक्स प्रोसेसिंग यूनिट की डिलीवरी में कोई व्यवधान होने की उम्मीद नहीं है। ये यूनिट मौजूदा अनुबंधों के तहत कवर की गई हैं। यह कंपनी के सामने आने वाली वर्तमान चुनौतियों के बावजूद है।

ये भी पढ़ें- कौन हैं एलिस हुआंग?: एंकर से बैंकर, फिर बनीं टेक कंपनी की एग्जीक्यूटिव; एनवीडिया सीईओ से कैसे बना रिश्ता

एशियाई चिप आपूर्तिकर्ताओं की स्थिति क्या है?

एनवीडिया के प्रमुख एशियाई चिप आपूर्तिकर्ताओं के शेयर सोमवार को गिरावट से उबरते दिखे। यह पिछले सप्ताह एआई से संबंधित शेयरों में बिकवाली के बाद हुआ। ताइवान सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कंपनी (TSMC) में 6.5 फीसदी की वृद्धि हुई। सैमसंग इलेक्ट्रॉनिक्स ने 2.9 फीसदी का लाभ हासिल किया और SK हाइनिक्स 4.7 फीसदी आगे बढ़ा।

ये भी पढ़ें- जेन्सेन हुआंग कैसे बने 14.57 लाख करोड़ के मालिक?: रेस्त्रां में बनी कंपनी की योजना, जानें दौलत बढ़ने का सफर

प्रमुख हस्तियों ने इस मामले पर क्या कहा?

अफेयर को लेकर हुआंग की स्वीकारोक्ति के इस हाइप्रोफाइल मामले में कई प्रमुख हस्तियों ने भी टिप्पणी की। अरबपति निवेशक बिल एकमैन ने एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को "अविश्वसनीय व्यक्ति" बताया। उन्होंने कहा कि "अगर यह सिर्फ एक प्रेम प्रसंग से अधिक है, तो समस्या वास्तविक हो सकती है।" उन्होंने उम्मीद जताई कि ये मामला राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरे के बजाय एक साधारण प्रेम प्रसंग की हो सकता है। टेस्ला के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एलन मस्क ने शॉन मैगुइरे के एक पोस्ट पर लिखा, "मैं सहमत हूं।" मैगुइरे ने कहा था कि हुआंग ने अविश्वसनीय लेकिन मूर्खतापूर्ण काम किए। ये अमेरिका के लिए बुरा था। एआई में अमेरिकी नेतृत्व के लिए जेन्सेन की भूमिका खास है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी टिप्पणी की। रविवार को ट्रंप ने कहा, हुआंग और उनके बीच आरोपों पर चर्चा नहीं हुई है। फिर भी उन्होंने एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को एक अच्छा व्यक्ति बताया। ट्रंप ने कहा, "मुझे उम्मीद है सब ठीक है। उन्होंने इतना अविश्वसनीय काम किया है।" उन्होंने खुफिया जानकारी पर कार्रवाई न करने के अपने फैसले का बचाव भी किया।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed