Biz Updates: एचडीएफसी बैंक ने एचडीएफसी क्रेडिला में अपनी हिस्सेदारी बेची, 9552 करोड़ रुपये में हुआ सौदा
एचडीएफसी बैंक ने अपनी शिक्षा वित्त इकाई एचडीएफसी क्रेडिला में अपनी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह सौदा एचडीएफसी बैंक की अगले महीने होने वाली चौथी तिमाही के नतीजों से पहले हुआ है।
विस्तार
एचडीएफसी बैंक ने बुधवार को बताया कि उसने अपनी शिक्षा वित्त इकाई एचडीएफसी क्रेडिला में अपनी हिस्सेदारी बेचने की प्रक्रिया पूरी कर ली है। यह बिक्री निजी इक्विटी फर्मों बीपीईए ईक्यूटी और क्रिस कैपिटल को 9,552.73 करोड़ रुपये में की गई है। पिछले साल जून में घोषित यह सौदा आवास ऋणदाता हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉर्प के एचडीएफसी बैंक के साथ विलय के पूरा होने से पहले अनिवार्य नियामकीय आवश्यकताओं का हिस्सा था।
यह सौदा एचडीएफसी बैंक की अगले महीने होने वाली चौथी तिमाही के नतीजों से पहले हुआ है। एचडीएफसी बैंक ने तीसरी तिमाही में उम्मीदों से अधिक लाभ दर्ज किया, लेकिन विश्लेषकों ने इसके कमजोर मार्जिन और लिक्विडिटी से जुड़ी चुनौतियों पर चिंता जाहिर की, जिससे इसके शेयर मूल्य में उल्लेखनीय गिरावट दिखी।
ऑडियो-वीडियो में डीआरएचपी सौंपने का सेबी ने दिया प्रस्ताव
वित्तीय बाजार के नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) ने प्रस्ताव दिया है कि सार्वजनिक निर्गम (IPO) के माध्यम से पूंजी जुटाने की इच्छुक कंपनियों को ड्राफ्ट रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (DRHP) में किए गए खुलासे को एक ऑडियो-विजुअल प्रारूप में देना पड़ सकता है। सेबी का मानना है कि ऐसा करने से निवेशकों को सही जानकारी मिलेगी और वे उपयुक्त निर्णय लेने में सक्षम बनेंगे।
डीआरएचपी एक ऐसा दस्तावेज है जिसमें कंपनी के फाइनेंशियल विवरण, भविष्य की संभावनाएं और बिज़नेस के संबंध में अन्य प्रमुख पहलू शामिल होते हैं। इसे कंपनियों की ओर से अपने शेयरों के सार्वजनिक ऑफर के माध्यम से पैसे जुटाने से पहले रेगुलेटर के पास फाइल करना होता है।
एलआईसी कर्मचारी ने अवैध तरीके से कमाए 2.44 करोड़
शेयरों में फ्रंट रनिंग के जरिये अवैध तरीके से 2.44 करोड़ रुपये कमाने वाले कर्मचारी को एलआईसी ने निकाल दिया है। योगेश गर्ग नामक कर्मचारी मृत पिता के डीमैट खाते में फ्रंट रनिंग कारोबार कर रहा था। योगेश एलआईसी में इक्विटी डीलिंग विभाग में काम कर रहा था। आरोपी शेयरों में कारोबार परिवार के सदस्यों के डीमैट खातों से किया था। वह फ्रंट-रनिंग में शामिल था। सेबी ने गर्ग के साथ चार अन्य पर पहले प्रतिबंध लगा दिया है।
प्रत्यक्ष बिक्री कारोबार 12 फीसदी बढ़ 21,000 करोड़ रुपये के पार
भारतीय प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग का कारोबार वित्त वर्ष 2022-23 में लगभग 12 प्रतिशत बढ़कर 21,282 करोड़ रूपये हो गया है। कंतार की रिपोर्ट के अनुसार प्रत्यक्ष बिक्री उद्योग के सभी क्षेत्रों में सुधार हुआ है। कुल बिक्री में उत्तरी क्षेत्र का सर्वाधिक 30 प्रतिशत हिस्सा रहा है। रिपोर्ट के अनुसार, पूर्वी, पश्चमी, दक्षिणी तथा पूर्वोतर क्षेत्र का क्रमश: 25, 22, 15 और नौ प्रतिशत का योगदान रहा है। महाराष्ट्र सर्वाधिक 12 प्रतिशत योगदान के साथ शीर्ष पर बना हुआ है। उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल 10 फीसदी योगदान के साथ एक समान स्तर पर हैं। सौंदर्य प्रसाधन और व्यक्तिगत देखभाल उत्पाद इस वर्ग में दूसरे स्थान पर है। दोनों वर्गों का कुल कारोबार में क्रमश: 73.5 और 11.3 प्रतिशत योगदान रहा है। रिपोर्ट में कहा गया है कि लगभग दो लाख और प्रत्यक्ष विक्रेताओं के जुड़ने से कुल संख्या 86 लाख पहुंच गई है। इनमें 63 प्रतिशत पुरूष और 37 प्रतिशत महिलाएं हैं।
ब्याज दर में कटौती से पहले वित्तमंत्री से मिले गवर्नर
ब्याज दरों में कटौती से पहले आरबीआई गवर्नर शक्तिकांत दास ने वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से मुलाकात की है। आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति की बैठक तीन से पांच अप्रैल के बीच होनी है। जानकारों का कहना है कि जून में होने वाली बैठक में दरों में कटौती हो सकती है। सीतारमण ने बुधवार को सेबी प्रमुख माधबी पुरी बुच से भी मुलाकात कीं। शेयर बाजारों में भारी उतार-चढ़ाव और बुलबुले के बीच यह बैठक अहम है। पिछले हफ्ते ही बुच ने बाजार में स्मॉल और मिडकैप में ऊंचे मूल्यांकन पर चिंता जताई थी।
सस्ते हुए रिन्यूएबल एनर्जी प्रमाणपत्र
रिन्यूएबल एनर्जी सर्टिफिकेट के दाम सस्ते हो गए हैं। सेंट्रल इलेक्ट्रिसिटी रेगुलेटरी कमीशन ने बाजार को न्यूनतम व अधिकतम मूल्य सीमा तय करने का अधिकार दिया है। इससे डिस्कॉम मार्च, 2024 के अंत से पहले कम लागत में लक्ष्य को पूरा कर लेंगे।
इंडियन स्टील एसोसिएशन के अध्यक्ष बने नवीन जिंदल
जिंदल स्टील एंड पावर के चेयरमैन नवीन जिंदल ने बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से इंडियन स्टील एसोसिएशन (आईएसए) के अध्यक्ष के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने एएमएनएस इंडिया के सीईओ दिलीप ओमन के स्थान पर यह भूमिका संभाली है। आईएसए ने कहा कि एसोसिएशन ने सर्वसम्मति से उनका चुनाव किया। इस मौके पर जिंदल ने कहा, देश के विकास लक्ष्यों को साकार करने के लिए इस्पात उद्योग को मिलकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि औद्योगिक दुनिया के प्रति प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिबद्धताओं के अनुरूप हम भी कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए प्रतिबद्ध है। बता दें कि आईएसए घरेलू इस्पात उद्योग का शीर्ष निकाय है और क्षेत्रीय मुद्दों को उजागर करने के लिए यह सामूहिक रूप से काम करता है।
25 शेयरों संग शुरू होगी समान दिन के निपटान की सुविधा
शेयर बाजार नियामक सेबी ने वैकल्पिक आधार पर टी प्लस जीरो के तहत कारोबार निपटान की सुविधा को लागू करने का ढांचा जारी कर दिया है। शुरुआती दौर में कुछ ही ब्रोकरों के जरिये 25 शेयरों में ट्रेड सेटलमेंट होगा। इसे 28 मार्च से शुरू किया जाएगा। टी प्लस जीरो का मतलब जिस दिन शेयरों की खरीद बिक्री होगी, उसी दिन इसका निपटान हो जाएगा। अभी यह अगले दिन होता है।
