GST 2.0: आम जनता के प्रति जवाबदेही और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक, महंगाई पर नियंत्रण की रणनीति
सरकार ने लगातार दूसरी बार ऐसा कर संदेश दिया है कि जनता के हित उसके हर फैसले की धुरी हैं। यह दुर्लभ है कि कम समय में दो बड़े कर सुधार लागू किए जाएं। यही वह नीति है, जिसने मोदी सरकार को आम आदमी के बीच विश्वास का प्रतीक बना दिया है।
विस्तार
सरकार ने आयकर के बाद अप्रत्यक्ष कर व्यवस्था में भी सबसे बड़ा सुधार करते हुए ‘जीएसटी 2.0’ लागू करने का साहसिक निर्णय लिया है। किसी भी लोकतांत्रिक सरकार के लिए यह आसान नहीं होता, क्योंकि टैक्स में राहत का सीधा असर राजकोष पर पड़ता है। लेकिन, सरकार ने लगातार दूसरी बार ऐसा कर संदेश दिया है कि जनता के हित उसके हर फैसले की धुरी हैं। यह दुर्लभ है कि कम समय में दो बड़े कर सुधार लागू किए जाएं। यही वह नीति है, जिसने मोदी सरकार को आम आदमी के बीच विश्वास का प्रतीक बना दिया है।
विपक्ष की आशंकाएं सच्चाई से कोसों दूर
विपक्ष इस बार भी जनता के हित में लिए गए सरकार के इतने बड़े फैसले पर भ्रम फैला रहा है। कई विपक्षी नेताओं का आरोप है कि सरकार ने सिर्फ दरों का पुनर्गठन किया है और इससे वास्तविक सस्तीकरण नहीं होगा। सच्चाई यह है कि बदलाव उपभोक्ता बाजार में पहले ही दिखाई दे रहे हैं। दवा कंपनियां नई कीमतें घोषित कर चुकी हैं। बीमा कंपनियां कम प्रीमियम वाली योजनाएं पेश कर रही हैं। उपभोग वस्तुओं के ब्रांड्स ने एमआरपी घटाने की घोषणाएं शुरू कर दी हैं। यह सुधार लोगों की जिंदगी को आसान बनाने के लिए किया गया है। सरकार ने स्पष्ट कहा है, टैक्स कलेक्शन की कमी को विकासशील क्षेत्रों और बढ़ी हुई मांग से पूरा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: GST Reforms: जीएसटी कटौती से 30-35 रुपये तक सस्ती हो सकती है सीमेंट की बोरी, घटेगी निर्माण लागत
आम जीवन पर सीधा असर
इस सुधार का सबसे बड़ा फायदा आम आदमी को मिलता दिख रहा है। दैनिक उपभोग की वस्तुएं अब पांच फीसदी या शून्य टैक्स के दायरे में आ गई हैं। इसका असर रसोई से दवा की दुकान तक दिखेगा। मोदी सरकार ने खाद्य पदार्थों में सीधी राहत दी है। पैकेज्ड पनीर जैसी चीजें अब सस्ती होंगी।
- सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में भी सोचा। जीवनरक्षक दवाएं और कैंसर, हृदय रोग जैसी गंभीर बीमारियों की दवाएं जीएसटी मुक्त कर दी गई हैं। स्वास्थ्य बीमा प्रीमियम को भी टैक्स नहीं लगेगा। टीवी, एसी जैसी रोजमर्रा की बड़ी जरूरतें 28 से घटकर 18 फीसदी जीएसटी के दायरे में आ गई हैं। ये कदम सरकार की उस नीतिगत सोच को दर्शाते हैं, जिसमें ‘जनता की जेब में बचत’ को विकास का अहम आधार माना गया है।
उपभोग और मांग में बढ़ोतरी
जीएसटी स्लैब घटने का असर सीधे उपभोग पर पड़ना तय है। वित्त विशेषज्ञों का मानना है कि इससे मांग बढ़ेगी। छोटे व्यापारियों से लेकर बड़ी कंपनियों तक को फायदा मिलेगा। बाजारों में पहले ही रौनक लौटने लगी है और त्योहारी सीजन से पहले ग्राहकों में खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
युवाओं के लिए सशक्त अवसर
नया स्ट्रक्चर भारत के युवाओं के लिए एक सशक्त अवसर प्रस्तुत करता है। दरों को सरल बनाकर, अनुपालन प्रक्रिया को सहज बनाकर और बीमा जैसी आवश्यक सेवाओं पर छूट देकर, यह प्रणाली घरेलू खरीद क्षमता को बढ़ावा देती है। इससे युवाओं की जेब पर बचत के रूप में सीधा असर पड़ेगा।
स्टार्टअप-छोटे उद्यमों को भी लाभ
नई व्यवस्था से स्टार्टअप्स और छोटे उद्यमों को भी लाभ होगा, क्योंकि कम कर दरें एवं आसान नियम नवाचार को बढ़ावा देंगे। युवा उद्यमियों के लिए यह अनुकूल वातावरण प्रदान करता है, जिसमें वे अपने विचारों को व्यवसाय में बदल सकते हैं। बीमा जैसी सेवाओं पर छूट उन्हें स्वास्थ्य और वित्तीय सुरक्षा की ओर प्रोत्साहित करती है।
- डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों को यह नया जीएसटी ढांचा मजबूत आधार दे रहा है। यह न सिर्फ आज के परिवारों के लिए सुधार है, बल्कि उस भारत की नींव है, जिसका निर्माण यह युवा पीढ़ी करेगी। वास्तव में जीएसटी 2.0 युवाओं को उपभोक्ता ही नहीं, देश के भविष्य निर्माता बनने की राह पर अग्रसर करता है।
ये भी पढ़ें: Inflation: 9 माह तक घटने के बाद फिर बढ़ सकती है खुदरा महंगाई, RBI की निचली सीमा से ऊपर निकल जाएगी मुद्रास्फीति
निवेश और उद्योग जगत को बल
जीएसटी 2.0 उद्योग जगत के लिए भी राहत पैकेज है। छोटे व मझोले उद्यमों को जटिल कर दरों और कैटेगरी क्लासिफिकेशन के बोझ से मुक्ति मिलेगी। इनपुट टैक्स क्रेडिट सरल होगा। अब कंपनियों को इनवॉइस मिलान की जटिलता से नहीं जूझना पड़ेगा, जिससे कारोबारी माहौल आसान होगा। इसमें कोई शक नहीं है कि भारत का टैक्स ढांचा अब दुनिया के लिए एक मॉडल बन सकता है। यह सुधार सिर्फ टैक्स कलेक्शन ही नहीं, बल्कि निवेश और रोजगार सृजन का नया द्वार खोलेगा।
महंगाई पर नियंत्रण की रणनीति
महंगाई किसी भी सरकार की सबसे बड़ी चुनौती होती है। जीएसटी 2.0 का लक्ष्य सिर्फ उपभोग बढ़ाना नहीं, बल्कि महंगाई को नियंत्रित करना भी है। जब जरूरी वस्तुएं सस्ती होती हैं, तो उपभोक्ता की जेब पर दबाव कम होता है और परोक्ष रूप से महंगाई घटती है। वैश्विक एजेंसियों के अनुमान हैं कि इस सुधार से महंगाई एक फीसदी तक घट सकती है। यह भारत की वृद्धि को और स्थिर आधार देगा।