{"_id":"6798e01edeb4ae05550c0eea","slug":"gold-price-aaj-ka-sone-aur-chandi-ka-bhav-gold-and-silver-price-news-2025-01-28","type":"story","status":"publish","title_hn":"Gold Silver Price: सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी, सुस्त मांग के कारण 160 रुपए नरम पड़े भाव","category":{"title":"Business Diary","title_hn":"बिज़नेस डायरी","slug":"business-diary"}}
Gold Silver Price: सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट जारी, सुस्त मांग के कारण 160 रुपए नरम पड़े भाव
Tue, 28 Jan 2025 07:18 PM IST
कुमार विवेक
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: कुमार विवेक
Updated Tue, 28 Jan 2025 07:18 PM IST
सार
Gold Silver Price: आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सोने की कीमत में 160 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई। इस दौरान चांदी 92,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
विज्ञापन
सोने-चांदी का भाव
- फोटो : amarujala.com
विस्तार
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार आभूषण विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं की सुस्त मांग के कारण देश की राजधानी दिल्ली में मंगलवार को सोने की कीमत में 160 रुपये प्रति 10 ग्राम की गिरावट आई।
विज्ञापन
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 160 रुपये गिरकर 82,840 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया। सोमवार को यह 83,000 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 160 रुपये गिरकर 82,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि पिछले दिन इसका भाव 82,600 रुपये प्रति 10 ग्राम था। हालांकि, मंगलवार को चांदी 92,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर रही।
विज्ञापन
बाजार सूत्रों ने कहा कि व्यापारियों ने अपना ध्यान बुधवार को ब्याज दरों पर आने वाले एफओएमसी के निर्णय पर केंद्रित कर लिया है, जिसका अमेरिका डॉलर पर खासा असर पड़ सकता है। इससे सर्राफा बाजार की आगे की दिशा तय होगी
विज्ञापन
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (कमोडिटीज) सौमिल गांधी ने कहा, "अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के इस बयान के बाद कि वह वैश्विक टैरिफ 2.5 प्रतिशत से 'काफी बड़ा' चाहते हैं, के बाद की डॉलर में मजबूती आई जिससे सोना मंगलवार को नरम पड़ गया।" वायदा कारोबार में एमसीएक्स पर फरवरी डिलीवरी वाले सोने के अनुबंध का भाव 327 रुपये या 0.41 प्रतिशत बढ़कर 79,905 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।
एलकेपी सिक्योरिटीज के वाइस प्रेसिडेंट रिसर्च एनालिस्ट (कमोडिटी व करेंसी) जतिन त्रिवेदी ने कहा, "कमजोर रुपये के कारण एमसीएक्स में सोने में तेजी आई। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कॉमेक्स सोने को 2,735 डॉलर के आसपास मजबूत समर्थन मिला, जिससे इसकी तेजी बरकरार रही।"
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) पर मार्च डिलीवरी चांदी वायदा भाव 190 रुपये यानी 0.21 प्रतिशत बढ़कर 90,413 रुपये प्रति किलोग्राम हो गया।
वैश्विक बजार में कॉमेक्स सोना वायदा 10 डॉलर प्रति औंस या 0.36 प्रतिशत बढ़कर 2,776.20 डॉलर प्रति औंस हो गया। एशियाई बाजार में कॉमेक्स चांदी वायदा 0.48 प्रतिशत बढ़कर 30.56 डॉलर प्रति औंस पर बोला गया।
एक्सिस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक (कमोडिटीज) देवेया गगलानी ने कहा, "व्यापारियों का अनुमान है कि एफओएमसी की बैठक के साथ-साथ अग्रिम जीडीपी डेटा, उपभोक्ता विश्वास रिपोर्ट और बेरोजगारी दावों के डेटा जारी होने के कारण इस सप्ताह सर्राफा की कीमतों में उतार-चढ़ाव रहेगा, जिससे पीली धातु की कीमतों में उतार-चढ़ाव हो सकता है।"