मुहूर्त ट्रेडिंग लाइव: सात दिनों से जारी बढ़त पर ब्रेक? जानें विशेष सत्र में कैसा रहा सेंसेक्स-निफ्टी का हाल
- दिवाली के अवसर पर बीएसई और एनएसई में एक घंटे के विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र का आयोजन किया गया।
- 2:20 से 3:30 बजे चले इस कारोबारी सत्र के बाद सेंसेक्स और निफ्टी उतार-चढ़ाव के बाद लाल निशान पर बंद हुए।
विस्तार
दिवाली के पावन अवसर पर भारतीय शेयर बाजार (बीएसई और एनएसई) में एक घंटे के विशेष 'मुहूर्त ट्रेडिंग' समाप्त हो गई है। बाजार में सात दिनों से जारी बढ़त पर आखिरकार ब्रेक लग गया है। सेंसेक्स और निफ्टी विशेष सत्र के दौरान अपनी बढ़त गंवाकर लाल निशान पर बंद हुए। सेंसेक्स का अंतिम बंद भाव 80,999.40 अंक रहा। इसमें 28.62 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। यह गिरावट प्रतिशत के हिसाब से करीब 0.03 फीसदी है। वहीं, निफ्टी का अंतिम स्तर 24,986.40 अंक रहा। निफ्टी में 43.95 अंकों की कमी आई। इसमें 0.18 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।
इससे पहले स्पेशल मुहूर्त ट्रेडिंग सेशन में सेंसेक्स 401.80 पॉइंट्स उछलकर 81,406 पर पहुंचा; निफ्टी 79.15 पॉइंट्स चढ़कर 25,109.40 पर पहुंचा। मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान टाटा स्टील, सन फार्मा के शेयर टॉप गेनर्स रहे। दूसरी तरफ, एसबीआई लाइफ को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ, जो 0.84% (₹14.90 नीचे) गिरकर ₹1,769.10 पर आ गया। मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान शुरुआती कारोबार में चौतरफा तेजी दिखी। शुरुआती कारोबार में मिडकैप 100 इंडेक्स में 398 अंक और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 80 अंकों की बढ़त देखने को मिली थी। हालांकि जैसे-जैसे सत्र आगे बढ़ा निवेशक संयम बररते नजर आएद।
विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग के दौरान ये शेयर रहे टॉप गेनर्स
निफ्टी के टॉप लूजर्स शेयर
हिंदू परंपरा के अनुसार, नए संवत वर्ष की शुरुआत में शेयर खरीदना समृद्धिकारक माना जाता है, जिससे पूरे साल सकारात्मकता बनी रहती है। भारत के पारंपरिक व्यापारी, विशेष रूप से गुजराती और मारवाड़ी समुदाय में, दिवाली (लक्ष्मी पूजा / चौपड़ा पूजन) के दिन से अपना नया बही-खाता शुरू करने की पुरानी परंपरा रही है। इसे ही विक्रम संवत का नया व्यापारिक वर्ष माना जाता है।एक्सचेंज द्वारा जारी सर्कुलर के अनुसार, इक्विटी और एमसीएक्स दोनों बाजारों में विशेष मुहूर्त ट्रेडिंग सत्र के लिए समय सीमा तय कर दी गई है।
- लॉगिन विंडो: ट्रेडिंग के लिए दोपहर 1:15 बजे से दोपहर 1:50 बजे के बीच लॉगिन करने की अनुमति दी गई।
- ब्लॉक डील विंडो: ब्लॉक सौदों के लिए समय दोपहर 1:50 बजे से 2:05 बजे तक निर्धारित किया गया।
- प्री-ओपनिंग सेशन: मुख्य बाजार खुलने से पहले दोपहर 2:05 बजे से 2:20 बजे तक प्री-ओपनिंग सत्र चला। प्री ओपनिंग में सेंसेक्स 509.25 (0.62%) अंक चढ़कर 81,537.27 पर पहुंच गया। वहीं निफ्टी 87.81 (0.35%) अंक उछलकर 25,118.15 के स्तर पर कारोबार करता दिखा।
- कंटीन्यूअस ट्रेडिंग: मुख्य एक घंटे का ट्रेडिंग सत्र दोपहर 2:20 बजे से शुरू होकर शाम 3:30 बजे तक चला।
दिवाली के दिन बीएसई के शेयरों का कुल मार्केट कैप कितना?
दीपावली के इस विशेष सत्र के दौरान बाजार में पंजीकृत कंपनियों के कुल बाजार मूल्य में मजबूत स्थिति देखी जा रही है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, बीएसई सेंसेक्स की सभी कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण ₹5,03,06,805 करोड़ (₹503 लाख करोड़ से अधिक) के स्तर पर दर्ज किया गया है। इसमें सत्र का समापन होने के बाद आंशिक कमी आई।