इंडिगो की विदेशों में विस्तार की योजना पर लगा ब्रेक
बजट एयरलाइन इंडिगो के विदेशों में अपनी सेवा का विस्तार करने की योजना को झटका लग सकता है। ईटी में छपी खबर के अनुसार इंडिगो को मिलने वाले नए विमानों में डेरी के चलते वह विदेशी गंतव्यों में विस्तार की योजना को टाल रही है।
गौरतलब है कि इंडिगो मिडल ईस्ट और साउथ-ईस्ट एशिया के लिए अधिक उड़ानें बढ़ाना चाहती थी। लेकिन नए विमान के आने में देरी से कंपनी को अधिक उड़ानों की योजना को टालना पड़ रहा है।
अखबार के अनुसार मार्च में मिलने वाले चार विमानों की डिलीवरी अब अप्रैल की शुरुआत में होगी। ये विमान अप्रैल के मध्य तक ही सर्विस में लगाए जा सकेंगे। ऐसी स्थिति में इंडिगो भारत-शारजाह और भारत-दोहा रूट्स के साथ ही कोझिकोड-मस्कट के लिए उड़ानें 15 अप्रैल तक ही शुरू कर सकेगा।
कमाई पर भी पड़ेगा असर
शेयरहोल्डर्स की मीटिंग में कंपनी ने बताया कि नए एयरबस 320 विमानों के इंजन में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। इंडिगो का कहना था, 'हम नियो इंजन के साथ कुछ समस्याओं को देख रहे हैं।
हमें एयरबस और प्रैट ऐंड विटनी से जरूरी ऑपरेशनल और टेक्निकल मदद मिल रही है।'वहीं बाजार एक्सपर्ट्स का मानना है कि एयरबस 320 नियो विमानों की डिलीवरी में देरी से इंडिगो की कमाई पर असर पड़ेगा क्योंकि ये विमान फ्यूल की कम खपत करते हैं।
उल्लेखनीय है कि इंडिगो के एक नए विमान के इंजन में पिछले महीने मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ान भरने के बाद आग लग गई थी। इस घटना की जांच में पाया गया था कि विमान नया था और उसने केवल 2,400 घंटों की उड़ान भरी थी।