दिवाली बोनस: त्योहारी सीजन में गैर-जरूरी खरीदारी पर खर्च से बचें, समझदारी से ऐसे करें निवेश तो होगी मोटी कमाई
ज्यादातर लोग त्योहारी सीजन ऑफर के लालच में आकर साल में एक बार मिलने वाले इस बोनस को खरीदारी करने, उपहार खरीदने और छुट्टियां मनाने पर खर्च कर देते हैं। अगर आप सही योजना बनाकर इसे निवेश करते हैं तो यह छोटी रकम कुछ ही समय में आपको मोटी कमाई करा सकती है।
विस्तार
दिवाली पर सरकारी कर्मचारियों के साथ कई निजी कंपनियों ने भी अपने कर्मचारियों को बोनस दिया है। कर्मचारी इसके लिए पूरे साल इंतजार करते हैं। ज्यादातर लोग त्योहारी सीजन ऑफर के लालच में आकर साल में एक बार मिलने वाले इस बोनस को खरीदारी करने, उपहार खरीदने और छुट्टियां मनाने पर खर्च कर देते हैं। वहीं, कुछ लोग इस एकमुश्त पैसे का इस्तेमाल समझदारी से करते हैं और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विभिन्न योजनाओं में निवेश करते हैं। अगर आप भी सही योजना बनाकर इसे निवेश करते हैं तो यह छोटी रकम कुछ ही समय में आपको मोटी कमाई करा सकती है।
कर्ज का बोझ घटाने में करें इस्तेमाल
अगर आप पर कोई लोन है या क्रेडिट कार्ड का ज्यादा बकाया है तो बोनस की रकम का इस्तेमाल ऐसे कर्ज चुकाने में कर सकते हैं। इसमें भी सबसे पहले क्रेडिट कार्ड और पर्सनल लोन का भुगतान करें। पर्सनल लोन पर 15 से 22 फीसदी ऊंचा ब्याज लगता है, जबकि क्रेडिट कार्ड पर 40 फीसदी सालाना तक ब्याज लगता है।
जरूर बनाएं आपात फंड
हर किसी को आकस्मिक जरूरतों के लिए आपात फंड बनाना चाहिए। कोरोना काल ने ऐसे फंड की जरूरतों को और प्रबलता से साबित किया है। जानकारों का कहना है कि हर व्यक्ति को इतना आपात फंड रखना चाहिए कि उसकी 6-12 महीनों की बेसिक जरूरतें पूरी हो सकें। अगर आपने अभी तक आपात फंड नहीं बनाया है तो इसके लिए बोनस की रकम का इस्तेमाल करें।
म्यूचुअल फंड में करें निवेश
बोनस का इस्तेमाल म्यूचुअल फंड में निवेश के लिए कर सकते हैं। म्यूचुअल फंड योजनाओं में नियमित और लंबी अवधि के निवेश के लिए एसआईपी लोकप्रिय साधन है। बाजार में उतार-चढ़ाव को ध्यान में रखते हुए एसआईपी उन निवेशकों के लिए सबसे अच्छा निवेश विकल्प है, जो बड़ा जोखिम नहीं उठाना चाहते हैं। इक्विटी में एसआईपी शुरू करने से लंबी अवधि में अच्छा रिटर्न मिल सकता है।
बढ़ाएं बीमा कवर
महामारी ने एक बड़े स्वास्थ्य बीमा कवर का महत्व बढ़ा दिया है। इसके बावजूद कुछ लोग ज्यादा प्रीमियम के कारण स्वास्थ्य बीमा नहीं खरीदते हैं। कई लोग ज्यादा प्रीमियम की वजह से कम कवर के साथ व्यापक फैमिली फ्लोटर प्लान खरीदते हैं। ऐसे में टॉप-अप या सुपर टॉप-अप मेडिकल प्लान आपको ज्यादा कवर पाने में मदद कर सकते हैं।
यहां भी लगा सकते हैं पैसा
- एसबीआई 10 साल तक की एफडी पर 5.4 फीसदी तक ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह 0.50 फीसदी ज्यादा है।
- एचडीएफसी भी 10 साल तक की एफडी पर 5.50 फीसदी तक ब्याज दे रहा है। वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह 6.25 फीसदी तक है।
- आईसीआईसीआई बैंक अपने ग्राहकों को एफडी पर 5.50 फीसदी तक ब्याज की पेशकश कर रहा है।
- पोस्ट ऑफिस टर्म डिपॉजिट योजना में भी निवेश कर सकते हैं। यह एक से पांच साल तक की अवधि के लिए होती है।
- इसमें 5 साल के निवेश पर 6.7 फीसदी ब्याज मिल रहा है।
खरीदारी के लिए नकद में करें भुगतान
इस बार दिवाली के लिए अप्लायंसेज खरीदना चाहते हैं या धनतेरस पर सोने-चांदी में निवेश करना चाहते हैं तो भी बोनस की रकम का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए ईएमआई, बाय नाउ-पे लेटर जैसी सुविधा लेने से बचें। ऐसा कर आप एक साल में 15 से 20 फीसदी का भारी ब्याज देने से बच जाएंगे। ऐसे खर्चों के लिए क्रेडिट कार्ड का भी इस्तेमाल न करें। -मनोज जैन, निवेश सलाहकार