फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Business ›   Business Diary ›   Business Updates hindi Profits Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export Hindi

Biz Updates: रुपया सर्वकालिक निचले स्तर पर, रिलायंस ने रोका रूसी तेल का आयात, आईटीपीओ में नई नियुक्ति की घोषणा

Fri, 21 Nov 2025 07:08 AM IST
शिवम गर्ग बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
बिजनेस डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: शिवम गर्ग Updated Fri, 21 Nov 2025 07:08 AM IST
विज्ञापन
Business Updates hindi Profits Share Market USD INR Value Commerce Trade Import Export Hindi
बिजनेस न्यूज एंड अपडेट्स - फोटो : amarujala.com

रुपया शुक्रवार को 89 प्रति डॉलर के स्तर को पार कर गया। इंट्रा-डे सत्र के दौरान यह 89.49 के सर्वकालिक निम्नतम स्तर पर पहुंच गया।

विज्ञापन

रिलायंस ने रोका रूसी तेल का आयात

रिलायंस इंडस्ट्रीज लि. (आरआईएल) ने मास्को पर यूरोपीय संघ की पाबंदियों के चलते रूसी कच्चे तेल का आयात रोक दिया है। कंपनी भारत में रूसी तेल की सबसे बड़ी खरीदार है। रिलायंस ने बताया, उसने जामनगर में सिर्फ निर्यात वाली रिफाइनरी में रूसी तेल का इस्तेमाल रोक दिया है। जामनगर परिसर में कंपनी की दो रिफाइनरियां हैं। एक विशेष आर्थिक जोन (एसईजेड) इकाई है, जिससे यूरोपीय संघ, अमेरिका और दूसरे देशों को ईंधन निर्यात होता है। दूसरी, पुरानी रिफाइनरी घरेलू बाजार की जरूरतें पूरी करती है।

विज्ञापन


यूरोपीय संघ ने रूस के ऊर्जा राजस्व को निशाना बनाते हुए बड़े पैमाने पर पाबंदियां लगाई हैं। इसमें रूसी कच्चे तेल से बने ईंधन के निर्यात और बिक्री पर रोक लगाना भी शामिल है। यूरोपीय संघ आरआईएल का बड़ा बाजार है। ऐसे में रिलायंस ने एसईजेड रिफाइनरी में रूसी तेल का शोधन बंद कर दिया है। आरआईएल के प्रवक्ता ने बताया, एक दिसंबर से निर्यात होने वाले सभी उत्पाद गैर-रूसी कच्चे तेल से बने होंगे।

विज्ञापन
विज्ञापन

पूर्व राजनयिक जावेद आईटीपीओ के चेयरमैन
पूर्व राजनयिक जावेद अशरफ को भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वह 1991 बैच के (सेवानिवृत्त) भारतीय विदेश सेवा अधिकारी हैं। कार्मिक मंत्रालय ने आदेश में कहा, उन्हें पदभार ग्रहण करने की तिथि से दो वर्ष की अवधि के लिए या अगले आदेश तक संविदा आधार पर चेयरमैन नियुक्त किया गया है।

जीई एयरोस्पेस : 1.4 करोड़ डॉलर का निवेश
नई दिल्ली। जीई एयरोस्पेस पुणे स्थित विनिर्माण संयंत्र की क्षमता विस्तार के लिए 1.4 करोड़ डॉलर निवेश करेगी। इसके साथ ही 10 साल पुराने संयंत्र के लिए दो साल से भी कम समय में घोषित कुल निवेश 4.4 करोड़ डॉलर हो जाएगा। जीई एयरोस्पेस के पुणे संयंत्र के एमडी विश्वजीत सिंह ने कहा, नया निवेश मेक इन इंडिया पहल और वैश्विक वैमानिक विनिर्माण में भारत की भूमिका को आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

डाटा सेंटर कारोबार में निवेश करेगी टीसीएस
टीसीएस ने बृहस्पतिवार को अपने आगामी डाटा सेंटर कारोबार के लिए निजी इक्विटी कंपनी टीपीजी के साथ गठजोड़ की घोषणा की। दोनों साझेदार मिलकर इस व्यवसाय में 18,000 करोड़ रुपये का निवेश करेंगे। टीपीजी हाइपरवॉल्ट नाम के एआई डाटा सेंटर व्यवसाय में एक अरब डॉलर या करीब 8,870 करोड़ रुपये निवेश करेगी। इस उद्यम में उसकी 27.5 से 49 फीसदी के बीच हिस्सेदारी होगी।

96 लाख में निपटाया फ्रंट-रनिंग का मामला
एंटीक स्टॉक ब्रोकिंग लि. में ट्रेडर रहे अतुल गोपेश्वर चतुर्वेदी ने बाजार नियामक सेबी को 96 लाख रुपये का भुगतान कर फ्रंट-रनिंग मामले को निपटा लिया है। मामला सोसाइटी जेनरल के ट्रेड्स से जुड़ा था। सेटलमेंट राशि के  अलावा, चतुर्वेदी ने अपने परिवार के सदस्यों और दोस्तों से गलत तरीके से कमाए 1.48 करोड़ रुपये भी लौटा दिए।

महिंद्रा : राजस्व आठ गुना करने का लक्ष्य
महिंद्रा समूह का लक्ष्य वित्त वर्ष 2019-20 के मुकाबले 2029-30 तक अपने वाहन कारोबार के एकीकृत राजस्व में आठ गुना बढ़ोतरी करना है। इसके लिए एसयूवी और हल्के वाणिज्यिक वाहनों पर बड़ा दांव लगाया जा रहा है। समूह के वाहन क्षेत्र ने 2024-25 में 90,825 करोड़ रुपये का एकीकृत राजस्व दर्ज किया था, जो 2019-20 के मुकाबले 3.2 गुना ज्यादा है।

अनाज का उत्पादन आठ फीसदी बढ़कर रिकॉर्ड 35.77 करोड़ टन
देश में अनाज उत्पादन फसल वर्ष 2024-25 (जुलाई-जून) में आठ फीसदी बढ़कर 35.77 करोड़ टन के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। फसल वर्ष 2023-24 में अनाज उत्पादन 33.23 करोड़ टन रहा था।
अनाज उत्पादन के अंतिम अनुमान जारी करते हुए कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा, रिकॉर्ड उत्पादन किसानों के प्रयासों, उच्च न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और खरीद सहित सरकारी नीतियों का नतीजा है।

अंतिम अनुमान के मुताबिक, 2024-25 में गेहूं का उत्पादन रिकॉर्ड 11.79 करोड़ टन रहा, जबकि पिछले वर्ष यह 11.33 करोड़ टन था। चावल उत्पादन भी बढ़कर रिकॉर्ड 15.02 करोड़ टन पहुंच गया। एक साल पहले यह 13.78 करोड़ टन था। मोटे अनाज का उत्पादन भी बढ़कर 6.39 करोड़ टन पहुंच गया। दाल उत्पादन बढ़कर 2.57 करोड़ टन हो गया, जो 2023-24 में 2.42 करोड़ टन था। तिलहनों का उत्पादन बढ़कर 4.30 करोड़ टन हो गया। गन्ना उत्पादन भी 45.46 करोड़ टन पहुंच गया।

आदित्य बिड़ला की न्यूयॉर्क स्थित कंपनी में लगी आग
आदित्य बिड़ला समूह की कंपनी हिंडाल्को के न्यूयॉर्क संयंत्र में आग लग गई। कंपनी ने जानकारी दी कि इस दुर्घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। बता दें कि कंपनी के संयंत्र में दो महीने से कुछ अधिक समय में आग लगने की यह दूसरी घटना है। कंपनी ने कहा कि संयंत्र में काम करने वाले सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और सौभाग्य से कोई चोट नहीं आई।

इसमें कहा गया है कि कई स्थानीय अग्निशमन विभागों ने प्रतिक्रिया दी और अब आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही कर्मचारी निगरानी के लिए मौके पर मौजूद हैं। इससे पहले हिंडाल्को इंडस्ट्रीज ने कहा था कि 16 सितंबर को आग लगने की घटना के बाद न्यूयॉर्क स्थित उसके संयंत्र में उत्पादन रोक दिया गया है। कंपनी ने कहा था कि वह आग के कारणों की जांच कर रही है व अपने परिचालन पर पड़ने वाले प्रभाव का पता लगा रही है।

शंघाई संगोष्ठी में भारत की व्यापार उदारीकरण पहल की सराहना की गई
चीन के वित्तीय केंद्र शंघाई में शुक्रवार को सतत विकास और भारतीय वस्तुओं एवं सेवाओं की वैश्विक मांग पर आयोजित संगोष्ठी में भारत की हालिया व्यापार उदारीकरण पहल और कारोबार सुगमता की सराहना की गई।

वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि शंघाई भारतीय संघ द्वारा सतत विकास पर आयोजित इस संगोष्ठी में शंघाई स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास के प्रतिनिधि प्रतीक माथुर, इकोनॉमिस्ट इंटेलिजेंस यूनिट के चीन ब्यूरो प्रमुख एंके श्रेडर भी शामिल हुए।

माथुर ने मजबूत बुनियादी सिद्धांतों पर जोर दिया, जो यह सुनिश्चित करेंगे कि भारत अगले दशक में दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना रहे।

प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि वक्ताओं और प्रतिभागियों ने व्यापार पहलों को उदार बनाने, नियामक ढांचे को सुव्यवस्थित करने और व्यापार करने में आसानी में सुधार लाने के लिए भारत द्वारा हाल ही में की गई पहलों को दिए गए महत्व की भी सराहना की।

एयर इंडिया ने आखिरकार बेचा पुराना बोइंग 737-200 विमान
एयर इंडिया के निजीकरण के तीन साल से अधिक समय बाद, कई दस्तावेजों से गायब हो चुका, एयरलाइन का चार दशक से अधिक पुराना बोइंग 737-200 विमान आखिरकार पिछले सप्ताह बेच दिया गया।

यह मालवाहक विमान 2012 से उड़ान नहीं भर रहा था, बाद में इसे सेवामुक्त कर दिया गया और इसका उपयोग भारतीय डाक के लिए किया जाने लगा। यह विमान इतने वर्षों तक कोलकाता हवाई अड्डे के एक दूरस्थ पार्किंग स्थल में खड़ा रहा, जब तक कि टाटा समूह के स्वामित्व वाली एयर इंडिया को इस विमान को हटाने के लिए नहीं कहा गया।

शुक्रवार को एयर इंडिया के सीईओ और एमडी कैम्पबेल विल्सन ने कर्मचारियों को बताया कि एयरलाइन को हाल ही तक यह भी नहीं पता था कि उसके पास ऐसा कोई विमान है। पिछले सप्ताह, एयरलाइन ने एक B737-200 विमान (VT-EHH) की बिक्री और हस्तांतरण पूरा किया, जो 2012 से उड़ान नहीं भर रहा था। कर्मचारियों को भेजे संदेश में उन्होंने कहा, "हालांकि एक पुराने विमान का निपटान असामान्य नहीं है, लेकिन यह असामान्य है - क्योंकि यह एक ऐसा विमान है जिसके बारे में हमें हाल ही में पता चला था कि यह हमारा है!"
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें कारोबार समाचार और Union Budget से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। कारोबार जगत की अन्य खबरें जैसे पर्सनल फाइनेंस, लाइव प्रॉपर्टी न्यूज़, लेटेस्ट बैंकिंग बीमा इन हिंदी, ऑनलाइन मार्केट न्यूज़, लेटेस्ट कॉरपोरेट समाचार और बाज़ार आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed