Biz Updates: चीन के लिए उड़ानें फिर से शुरू करने को तैयार है इंडिगो, सीईओ पीटर एल्बर्स ने दी जानकारी
इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स ने बुधवार को कहा कि एयरलाइन भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें फिर से शुरू करने के लिए तैयार है। मंगलवार को सूत्रों ने बताया था कि दोनों देशों के बीच सीधी उड़ानें बहाल करने को लेकर बातचीत 'उन्नत चरण' में है। एल्बर्स ने बताया कि कोविड-19 महामारी से पहले इंडिगो रोजाना भारत-चीन के बीच उड़ानें संचालित करता था। वर्तमान में, जैसे ही द्विपक्षीय व्यवस्था तय होगी, सेवाएं फिर शुरू कर दी जाएंगी। उन्होंने कहा कि एयरलाइन अपने उद्यमी दृष्टिकोण के तहत व्यावसायिक रूप से लाभदायक अवसरों की तलाश और उन्हें अपनाने के लिए प्रतिबद्ध है। कोरोना महामारी से पहले इंडिगो ने दिल्ली और चेंगदू के बीच 6 फरवरी 2020 तक उड़ानों का संचालन किया था। इसके अलावा कोलकाता-ग्वांगझोउ के बीच 1 फरवरी 2020 तक उड़ानें चल रही थीं। भारत और चीन के बीच सीधी उड़ानें शुरुआती 2020 तक चल रही थीं, लेकिन कोविड-19 और पूर्वी लद्दाख सीमा विवाद (गलवां झड़प) के कारण इन्हें निलंबित कर दिया गया। एअर इंडिया भी दिल्ली और शंघाई के बीच उड़ान संचालित करती थी। इसे 2020 की शुरुआत में बंद किया गया था। 27 जनवरी 2024 को दोनों देशों ने सीधी विमान सेवाएं बहाल करने पर सैद्धांतिक सहमति जताई थी।
रत्न-आभूषण निर्यात 15.9% बढ़कर 217.82 करोड़ डॉलर
वैश्विक चुनौतियों के बीच रत्न-आभूषण निर्यात जुलाई में सालाना आधार पर 15.98 फीसदी बढ़कर 217.82 करोड़ डॉलर पहुंच गया। रत्न-आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद के मुताबिक, तराशे और पॉलिश किए हुए हीरों का निर्यात 17.76 फीसदी बढ़कर 107.17 करोड़ डॉलर रहा। इस दौरान 81.37 करोड़ डॉलर के स्वर्ण आभूषण निर्यात किए गए, जो एक साल पहले से 16.39 फीसदी अधिक है। परिषद के चेयरमैन किरीट भंसाली ने कहा, जुलाई के निर्यात आंकड़े उद्योग के लिए उत्साहजनक संकेत है।
भारत पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लि. (बीपीसीएल) का शुद्ध मुनाफा पहली तिमाही में दोगुना से अधिक बढ़कर 6,839.02 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह रकम 2024-25 में कंपनी के कुल कमाई का आधा है। 2024-25 में कुल कमाई 13,336.5 करोड़ थी।
ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ओएनजीसी) का शुद्ध मुनाफा जून तिमाही में 10 फीसदी घटकर 8,024 करोड़ रुपये रहा। क्रूड की कीमतों मे गिरावट और उत्पादन नहीं बढ़ने से मुनाफा घटा है। इस दौरान कंपनी ने 46.83 लाख टन का तेल उत्पादन किया।
नवगठित जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण (जीएसटीएटी) ने मुनाफाखोरी मामले में सबवे लि. की फ्रेंचाइजी अर्बन एसेंस को जीएसटी में कटौती लाभ ग्राहकों को नहीं देने का दोषी ठहराया है।न्यायाधिकरण के अध्यक्ष जस्टिस (सेवानिवृत्त) संजय कुमार मिश्रा ने 5 अगस्त के आदेश में मुनाफाखोरी रोधी महानिदेशालय (डीजीएपी) की रिपोर्ट को बरकरार रखा। साथ ही कहा, अर्बन एसेंस ने खाद्य कीमतों में कटौती का लाभ ग्राहकों को नहीं देकर 5.47 लाख का मुनाफा कमाया है। न्यायाधिकरण ने अर्बन एसेंस को 15 नवंबर, 2017 से 18 फीसदी ब्याज के साथ 5,45,005 रुपये तीन महीने में महाराष्ट्र के उपभोक्ता कल्याण कोष में जमा करने को कहा है।
एसएंडपी ग्लोबल रेटिंग्स का कहना है कि अमेरिकी टैरिफ से भारत की वृद्धि प्रभावित नहीं होगी क्योंकि यह व्यापार आधारित अर्थव्यवस्था नहीं है। इसकी सॉवरेन रेटिंग का परिदृश्य सकारात्मक ही बना रहेगा।
- रेटिंग एजेंसी के निदेशक यीफार्न फुआ ने बुधवार को मजबूत आर्थिक वृद्धि का हवाला देते हुए पिछले साल मई में भारत की सॉवरेन रेटिंग को बीबीबी (-) से सकारात्मक कर दिया था।
- यीफार्न ने कहा, अगर आप जीडीपी के मुकाबले निर्यात के संदर्भ में अमेरिका के प्रति भारत के जोखिम को देखें, तो यह लगभग दो फीसदी ही है।
- 6.5 रहेगी आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष में भारत की एसएंडपी का अनुमान।
कॉग्रिजेंट करेगी 80 प्रतिशत कर्मचारियों की वेतन वृद्धि
आईटी सेवा कंपनी कॉग्निजेंट अपने 80 प्रतिशत कर्मचारियों का वेतन बढ़ाने वाली है। कंपनी ने ने गुरुवार को घोषणा की कि उसके लगभग 80 प्रतिशत पात्र कर्मचारियों को 1 नवंबर, 2025 से वेतन वृद्धि मिलेगी। अपनी दूसरी तिमाही की कमाई के दौरान, कंपनी ने 2025 की दूसरी छमाही में अधिकांश कर्मचारियों को योग्यता-आधारित वेतन वृद्धि देने की योजना का संकेत दिया था। कॉग्निजेंट के एक प्रवक्ता ने कहा कि ये बढ़ोतरी सीनियर एसोसिएट स्तर तक और उसमें शामिल, लागू की जाएगी। इन बढ़ोतरी की राशि व्यक्तिगत प्रदर्शन रेटिंग और देश के आधार पर अलग-अलग होगी।
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक 15 अगस्त को 51 नई शाखाएं खोलेगा
एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक, जिसे यूनिवर्सल बैंक में परिवर्तन के लिए भारतीय रिजर्व बैंक से सैद्धांतिक मंजूरी मिली है, ने गुरुवार को देश भर में 51 नई शाखाएं शुरू करने की घोषणा की। बैंक ने एक बयान में कहा कि इन शाखाओं का उद्घाटन 15 अगस्त, 2025 को किया जाएगा, जो देश के 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर होगा।
इस विस्तार में 30 देयता शाखाएं और 21 माइक्रोफाइनेंस एवं समावेशी बैंकिंग (एमएफआईबी) शाखाएं शामिल हैं। ये पश्चिम बंगाल, गुजरात, तेलंगाना, मध्य प्रदेश, ओडिशा, राजस्थान और तमिलनाडु जैसे उच्च-संभावना वाले क्षेत्रों में स्थित हैं।
बयान में कहा गया है कि ये नई शाखाएं जमा, भुगतान, संग्रह समाधान, व्यापार वित्त, बीमा, निवेश उत्पाद और उन्नत डिजिटल बैंकिंग सहित वित्तीय सेवाओं की पूरी शृंखला उपलब्ध कराएंगी। इसके अतिरिक्त, एमएफआईबी शाखाएं सूक्ष्म उद्यमों और अल्पसेवा प्राप्त क्षेत्रों के लिए विशेष सहायता उपलब्ध कराएंगी।
ISSO और अदाणी इंटरनेशनल स्कूल की नई पहल
अंतरराष्ट्रीय स्कूल खेल संगठन (ISSO) ने अदाणी इंटरनेशनल स्कूल के साथ मिलकर देश के ग्लोबली अलाइंड स्कूलों के लिए खेल शिक्षा ढांचे को मजबूत करने की पहल शुरू की है। इस साझेदारी के तहत अदाणी इंटरनेशनल स्कूल की प्रमोटर नम्रता अदाणी ISSO के एडवाइजरी बोर्ड में शामिल हुई हैं। वह संगठन के विजन और दीर्घकालिक लक्ष्यों को दिशा देने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी।
रेयर अर्थ मैग्नेट मुद्दे पर चीन के साथ बातचीत जारी
भारत रेयर अर्थ मैग्नेट मुद्दे पर चीन के साथ बातचीत कर रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घरेलू फर्मों को आपूर्ति श्रृंखला को अप्रभावित रखने के प्रयासों के तहत चीन जाने के लिए वीजा प्राप्त हुए हैं। ऑटोमोबाइल उद्योग ने यात्री कारों सहित कई अनुप्रयोगों में उपयोग किए जाने वाले रेयर अर्थ मैग्नेट के आयात के लिए चीनी सरकार से शीघ्र अनुमोदन प्राप्त करने में सरकारी सहायता मांगी है। अप्रैल में चीनी सरकार ने सात रेयर अर्थ एलिमेंट्स और मैग्नेट के लिए विशेष निर्यात लाइसेंस अनिवार्य करते हुए प्रतिबंध लगा दिए।
IOC का पहली तिमाही का शुद्ध लाभ दोगुना हुआ
सार्वजनिक क्षेत्र की इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (आईओसी) ने पहली तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना से अधिक दर्ज किया। जून तिमाही में कंपनी ने स्टैंडअलोन शुद्ध लाभ 5,688.60 करोड़ रुपये रहा, जबकि पिछले वर्ष की इसी अवधि में 2,643.18 करोड़ रुपये की कमाई हुई थी।
पहली तिमाही का लाभ कंपनी की पूरे 2024-25 (अप्रैल 2024 से मार्च 2025) वित्तीय वर्ष की आय 12,961.57 करोड़ रुपये का लगभग आधा है। अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क दरों में गिरावट के बावजूद खुदरा पेट्रोल और डीजल की कीमतों को स्थिर रखने से कमाई में बढ़ोतरी हुई। इससे मार्जिन में बढ़ोतरी हुई।