यात्री वाहनों की बिक्री फरवरी में 1.11 फीसदी गिरी, आठ में से सात महीने रही गिरावट
- सियाम का दावा- यात्री वाहनों की बिक्री में गिरावट का दौर जारी
- 2,72,284 यात्री वाहन बिके इस साल फरवरी में
- 07वीं बार यात्री वाहनों की बिक्री में गिरावट आई पिछले आठ महीने में
- चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित अनुमान 6 फीसदी की वृद्धि को भी हासिल करना मुश्किल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में यात्री वाहनों की बिक्री में गिरावट का दौर जारी है। इस साल फरवरी में यात्री वाहनों की बिक्री 1.11 फीसदी गिरकर 2,72,284 इकाइयों पर आ गई है। पिछले साल की समान अवधि में यह आंकड़ा 2,75,346 इकाइयों का था।
सोसायटी ऑफ इंडियन ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरर्स (सियाम) के मुताबिक, चुनावों के आगे अनिश्चितता, कमजोर बाजार धारणा, उच्च ब्याज दर और बीमा लागत जैसे प्रतिकूल कारकों ने बिक्री को प्रभावित किया है। सियाम का कहना है कि जुलाई 2018 के बाद से लेकर फरवरी 2019 के बीच सिर्फ अक्तूबर को छोड़कर यानी आठ महीने में यात्री वाहनों की बिक्री में यह सातवीं बार गिरावट है।
इस कारण चालू वित्त वर्ष के लिए संशोधित अनुमान 6 फीसदी की वृद्धि दर को भी हासिल करना मुश्किल हो गया है। चालू वित्त वर्ष की शुरुआत में सिआम ने यात्री वाहनों की बिक्री में 8-10 फीसदी की वृद्धि का अनुमान लगाया था, लेकिन तीसरी तिमाही से बिक्री में लगातार कमी आने के बाद इसे संशोधित कर 6 फीसदी कर दिया गया था।
कारों की बिक्री में गिरावट
सियाम के मुताबिक, चालू वित्त वर्ष में अप्रैल-फरवरी के दौरान यात्री वाहनों की कुल 30,85,640 इकाइयां बिकीं। यह आंकड़ा पिछले साल की समान अवधि के 29,87,859 इकाइयों के मुकाबले 3.27 फीसदी अधिक है। उधर, फरवरी में कारों की बिक्री में 4.33 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। पिछले वर्ष फरवरी में 1,79,122 कारों की बिक्री हुई थी, जो फरवरी 2019 में घटकर 1,71,372 इकाइयों पर आ गई।
दोपहिया वाहनों की बिक्री घटी
आंकड़ों के मुताबिक, आलोच्य माह के दौरान मोटरसाइकिलों की बिक्री भी 0.58 फीसदी गिरकर 10,47,486 इकाइयों पर आ गई। दोपहिया वाहनों की बिक्री भी 4.22 फीसदी गिरकर 16,15,071 इकाई रह गई। इस दौरान वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 0.43 फीसदी गिरकर 87,436 इकाइयों पर और सभी श्रेणियों के वाहनों की बिक्री 3.65 फीसदी गिरकर 20,34,768 इकाइयों पर आ गई। हालांकि, इस दौरान वैन की बिक्री में 10.74 फीसदी का इजाफा हुआ है।
बिक्री में दिखा उतार-चढ़ाव
फरवरी 2019 में यात्री वाहन बाजार की शीर्ष कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने यात्री वाहनों की बिक्री में 0.19 फीसदी की तेजी दर्ज की थी। इस दौरान उसने 1,39,912 इकाइयां बेचीं। महिंद्रा एंड महिंद्रा ने इस दौरान 16.86 फीसदी की वृद्धि के साथ 26,106 इकाइयों की बिक्री की। वहीं, ह्यूंडई की बिक्री 3.13 फीसदी गिरकर 43,110 इकाई रही। इस दौरान मारुति सुजुकी के कारों की घरेलू बिक्री 3.25 फीसदी गिरकर 1,00,513 इकाइयों पर और ह्यूंडई के कारों की घरेलू बिक्री 6.43 फीसदी गिरकर 32,792 इकाइयों पर आ गई। हालांकि, होंडा कार्स इंडिया की बिक्री 46.53 फीसदी बढ़कर 10,920 इकाइयों पर पहुंच गई।
मार्च में भी बिक्री अधिक रह पाना मुश्किल
सियाम के महानिदेशक विष्णु माथुर का कहना है कि हमें दिख रहा है कि बाजार की धारणा सुस्त है। ब्याज दरें अभी भी ऊंची हैं और हम इस साल की शुरुआत के असर से अब तक उबरने में सक्षम नहीं हुए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले लोग कार खरीदने जैसे खर्च को टाल रहे हैं। इसके साथ ही बाजार की मौजूदा नरम धारणा के कारण मार्च में भी बिक्री अधिक रह पाना मुश्किल है। ऐसे में हमें लगता है कि हम इस वित्त वर्ष में करीब 3 फीसदी की वृद्धि दर्ज करने वाले हैं, जो अभी तक देखने को मिला है।